Tuesday, April 7, 2026
HomePush Notification'एक रात में पूरा ईरान तबाह कर देंगे', डोनाल्ड ट्रंप की धमकी,...

‘एक रात में पूरा ईरान तबाह कर देंगे’, डोनाल्ड ट्रंप की धमकी, IRGC ने दिया करारा जवाब

Iran Israel US War: ईरान-इजराइल-अमेरिका युद्ध के बीच डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को कड़ी चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि जरूरत पड़ी तो एक ही रात में पूरे देश को तबाह किया जा सकता है। ट्रंप ने ईरान को अल्टीमेटम देते हुए होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने को कहा, वरना ऊर्जा ढांचे और पुलों पर हमले की चेतावनी दी।

Iran Israel US War: ईरान, इजराइल और अमेरिका में जारी जंग लगातार भीषण होती जा रही है. इस बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को फिर से धमकी देते हुए कहा है कि पूरे देश को एक ही रात में तबाह किया जा सकता है और वह रात मंगलवार शाम को हो सकती है. उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें युद्ध अपराधों की ‘कतई’ चिंता नहीं है.

ट्रंप ने अमेरिका ने ‘व्हाइट हाउस’ में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान कहा, ‘पूरे देश पर एक ही रात में कब्जा किया जा सकता है और वह रात कल हो सकती है. उन्होंने कहा कि समझौता करने के लिए ईरान को दी गई मंगलवार रात 8 बजे की समय सीमा अंतिम है. ट्रंप ने ईरान को चेतावनी दी है कि वह या तो निर्धारित समयसीमा के भीतर होर्मुज जलडमरूमध्य खोले या बिजली संयंत्रों और पुलों पर हमले का सामना करने के लिए तैयार रहे.

हर कदम उनकी पिछली हारों में एक और हार जोड़ देगा

इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स के प्रवक्ता इब्राहिम जुल्फिकारी ने डोनाल्ड ट्रंप की धमकियों को बेबुनियाद बताया और आक्रामक रुख जारी रखने की चेतावनी दी. उन्होंने कहा कि ट्रंप की अभद्र बयानबाजी और अहंकार के कारण ही मौजूदा गतिरोध पैदा हुआ है और इसका उद्देश्य अमेरिकी सैन्य नाकामियों को सही ठहराना है. इन बयानों का अमेरिका और इजरायल के खिलाफ जारी आक्रामक और निर्णायक अभियानों पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा. उन्होंने कहा अमेरिका-इजरायल का हर कदम उनकी पिछली हारों में एक और हार जोड़ देगा.’

ईरान ने ठुकराया युद्धविराम

वहीं ईरान ने 45 दिन के युद्धविराम प्रस्ताव को खारिज करते हुए साफ कहा है कि वह केवल स्थायी शांति चाहता है. काहिरा स्थित ईरानी मिशन के प्रमुख मुज्तबा फरदौसी पोर ने कहा कि जब तक दोबारा हमले न होने की गारंटी नहीं मिलती, तब तक कोई समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा. होर्मुज जलडमरूमध्य पर ईरानी और ओमानी अधिकारी जहाजरानी के इस महत्वपूर्ण मार्ग के प्रशासन हेतु एक तंत्र विकसित करने पर काम कर रहे हैं.’

इजराइल का साउथ पार्स पर हमला

ईरान द्वारा युद्धविराम प्रस्ताव खारिज किए जाने से पहले इजराइल ने सोमवार को ईरान के विशाल ‘साउथ पार्स’ प्राकृतिक गैस क्षेत्र में स्थित अहम पेट्रो-संयंत्र पर हमला किया. इजराइली हमले में रिवोल्यूशनरी गार्ड के एक शीर्ष कमांडर की मौत हो गई. इजराइली रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज़ ने इस हमले की पुष्टि की. उन्होंने इसे ईरान के सबसे बड़े पेट्रो-रसायन प्रतिष्ठान पर एक भीषण हमला बताया. इस संयंत्र से ईरान का करीब 50 प्रतिशत पेट्रो-रसायन उत्पादन होता है. साउथ पार्स गैस क्षेत्र दुनिया का सबसे बड़ा प्राकृतिक गैस भंडार है.

मार्च में साउथ पार्स पर इजराइल के हमले के बाद, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि इज़राइल दोबारा उस पर हमला नहीं करेगा; लेकिन उन्होंने चेतावनी दी थी कि अगर ईरान ने कतर के ऊर्जा ढांचे पर हमले जारी रखे, तो अमेरिका जवाबी कार्रवाई करेगा और इस पूरे क्षेत्र को पूरी तरह से तबाह कर देगा.

Premanshu Chaturvedi
Premanshu Chaturvedihttp://jagoindiajago.news
खबरों की दुनिया में हर लफ्ज़ को जिम्मेदारी और जुनून के साथ बुनने वाला। मेरा मानना है कि एक अच्छी खबर केवल सूचना नहीं देती, बल्कि समाज को सोचने, सवाल करने और बदलने की ताकत भी देती है। राजनीति से लेकर मानवता की कहानियों तक, हर विषय पर गहराई से शोध कर निष्पक्ष और सटीक रिपोर्टिंग करना ही मेरी पहचान है। लेखनी के जरिए सच्चाई को आवाज़ देना मेरा मिशन है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular