Donald Trump Iran Warning : नई दिल्ली। अमेरिका और ईरान के बीच तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। पिछले छह हफ्तों से जारी टकराव के बीच अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया था, जिसकी अवधि अब खत्म हो रही है। इसी बीच ट्रंप ने ईरान को लेकर एक और बड़ी धमकी दी है, जिससे अंतरराष्ट्रीय राजनीति में हलचल तेज हो गई है।

ट्रंप ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि अगर हालात नहीं बदले तो आज रात एक सभ्यता खत्म हो सकती है, जिसे फिर कभी वापस नहीं लाया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि वह ऐसा नहीं चाहते, लेकिन परिस्थितियां उस दिशा में बढ़ती दिखाई दे रही हैं। अपने बयान में ट्रंप ने यह भी दावा किया कि अब ईरान में सत्ता परिवर्तन हो चुका है और पहले की तुलना में “अधिक समझदार और कम कट्टरपंथी लोग” सामने आ रहे हैं। उन्होंने संकेत दिया कि ईरान में कोई बड़ा क्रांतिकारी कदम उठाया जा सकता है, जिसके नतीजे जल्द ही सामने आ सकते हैं।
ट्रंप ने अपने संदेश में कहा कि यह दुनिया के इतिहास का एक महत्वपूर्ण क्षण हो सकता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पिछले 47 वर्षों में ईरान में भ्रष्टाचार, उगाही और हिंसा का दौर चलता रहा है, जिसका अब अंत हो सकता है। साथ ही उन्होंने ईश्वर से ईरानी जनता की सुरक्षा और भलाई की प्रार्थना भी की। ट्रंप के इस बयान के बाद मध्य पूर्व की स्थिति को लेकर वैश्विक स्तर पर चिंता और भी बढ़ गई है।

बता दें कि डोनाल्ड ट्रंप का यह बयान ऐसे समय पर सामने आया है, जब एक दिन पहले ही ट्रंप ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर ईरान में फंसे अमेरिकी एयरमैन के रेस्क्यू ऑपरेशन की सूचना दी थी। ट्रंप ने ईरान को होर्मुज खोलने और डील करने के लिए 48 घंटे का समय भी दिया है, जो जल्द खत्म होने जा रहा है। ट्रंप ने शुरुआत में ईरान को 48 घंटे का समय दिया था और चेतावनी दी थी कि अगर वह इस दौरान स्ट्रेट नहीं खोलता, तो हमला किया जाएगा, लेकिन जैसे ही दुनिया इस टकराव के नतीजे का इंतजार कर रही थी, ट्रंप ने तनाव कम करते हुए समयसीमा बढ़ा दी।
अब तक ट्रंप तीन बार समयसीमा बढ़ा चुके हैं और नई डेडलाइन 7 अप्रैल को समाप्त हो रही है। पहली चेतावनी 48 घंटे की थी, जिसे बाद में पांच दिन किया गया और फिर 10 दिन और बढ़ा दिया गया। इस तरह 48 घंटे की मूल समयसीमा अब बढ़कर कुल 408 घंटे हो चुकी है।



