Jaipur Civil Lines Water Crisis : जयपुर। जयपुर के प्रतिष्ठित सिविल लाइन्स इलाके में इन दिनों पेयजल संकट ने गंभीर रूप ले लिया है। मंत्रियों, वरिष्ठ अधिकारियों और न्यायपालिका से जुड़े लोगों के इस वीआईपी क्षेत्र के कई वार्डों में नलों से दूषित पानी आने की शिकायतें लगातार सामने आ रही हैं। स्थानीय लोगों का आरोप है कि उनके घरों में सीवेज मिला गंदा पानी सप्लाई हो रहा है, जिससे बच्चे और बुजुर्ग बीमार पड़ रहे हैं।
बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से इलाके में सड़क निर्माण और मरम्मत कार्य के दौरान पेयजल और सीवरेज लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं। इसके चलते गंदा पानी पाइपलाइन में मिलकर घरों तक पहुंच रहा है। लोगों का कहना है कि कई दिनों से शिकायतें करने के बावजूद जिम्मेदार विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहे हैं, जिससे हालात बदतर होते जा रहे हैं।
इस बीच कांग्रेस नेता और पूर्व मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने सुशीलपुरा क्षेत्र का दौरा कर प्रभावित लोगों से मुलाकात की। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले दो महीनों से लोग गंदे पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। बिना जरूरत के सड़कों को तोड़ा गया, जिससे पानी और सीवरेज लाइनें टूट गईं। उन्होंने इसे सरकार की लापरवाही बताते हुए कहा कि इससे आम जनता को भारी परेशानी और स्वास्थ्य नुकसान झेलना पड़ रहा है।
खाचरियावास ने जलदाय विभाग और नगर निगम के अधिकारियों को चेतावनी देते हुए जल्द समाधान की मांग की। उन्होंने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में तुरंत साफ पानी की टैंकर सप्लाई सुनिश्चित की जाए और जहां जरूरी न हो, वहां सड़कों को तोड़ने से बचा जाए।
वहीं, इलाके के भाजपा विधायक गोपाल शर्मा जब मौके पर पहुंचे तो नाराज लोगों ने उन्हें गंदे पानी से भरा गिलास थमा दिया। लोगों ने दावा किया कि यही पानी उनके घरों में आ रहा है। विधायक ने पानी को सूंघा, लेकिन पीने से इनकार कर दिया और जल्द समस्या के समाधान का आश्वासन देकर आगे बढ़ गए। पूरे मामले ने प्रशासनिक व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं और स्थानीय लोग अब जल्द राहत की मांग कर रहे हैं।



