Thursday, October 3, 2024
Homeराजस्थान की खबरेंRajasthanसनातन धर्म को लेकर रक्षा मंत्री ने सीएम अशोक गहलोत से किया...

सनातन धर्म को लेकर रक्षा मंत्री ने सीएम अशोक गहलोत से किया यह बड़ा सवाल

रक्षा मंत्री ने उदयनिधि की टिप्पणियों को लेकर विपक्ष पर साधा निशाना

जैसलमेर। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सनातन धर्म पर द्रमुक नेता उदयनिधि स्टालिन की टिप्पणियों को लेकर सोमवार को विपक्ष पर निशाना साधा और सवाल किया कि इसपर कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी और अशोक गहलोत ‘चुप’ क्यों हैं? सिंह ने
राजस्थान में भाजपा की परिवर्तन संकल्प यात्रा के तीसरे दौर की शुरुआत पर जैसलमेर के रामदेवरा से की। इस दौरान आयोजित जनसभा में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के पुत्र उदयनिधि स्टालिन की टिप्पणियों पर सिंह ने कहा, मैं राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से कहना चाहता हूं…आप क्यों नहीं बोलते… क्यों नहीं सोनिया जी बोलतीं.. क्यों नहीं राहुल जी बोलते.. क्यों नहीं कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे बोलते कि सनातन धर्म के बारे में आपकी सोच क्या है।

राजस्थान कांग्रेस पर साधा निशाना

इस दौरान रक्षा मंत्री सिंह ने राजस्थान में कांग्रेस पर हमला किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ‘हिंदू-मुस्लिम’ मुद्दे और ‘पिछड़ों’ का हवाला देकर राज्य में समर्थन हासिल करने की कोशिश कर रही है। राजस्थान के मुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि गहलोत ड्राइवर की सीट पर बैठे हैं, लेकिन क्लच कोई और दबा रहा है और एक्सीलेटर कोई और दबा रहा है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में होने वाले विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत तय है।

अशोक गहलोत सरकार ‘मुगलिया सरकार’ : जोशी

भाजपा के प्रदेशाध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि अशोक गहलोत सरकार ‘मुगलिया सरकार’ है और चुनाव में सत्ता से बाहर हो जाएगी। पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने कानून-व्यवस्था, महिलाओं के खिलाफ अपराध, पेपर लीक और अन्य मुद्दों को लेकर सरकार पर हमला बोला। सभा को नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, अर्जुन राम मेघवाल समेत अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया।

सनातन धर्म के अपमान के लिए मांगनी चाहिए क्षमा

भाजपा के वरिष्ठ नेता ने कहा कि द्रमुक नेता ने सनातन धर्म को चोट पहुंचायी है और कांग्रेस इसपर चुप्पी साधे बैठी है। विपक्षी गठबंधन में जितने लोग शामिल हैं उन्हें सनातन धर्म के अपमान के लिए क्षमा मांगनी चाहिए नहीं तो यह देश किसी भी सूरत में उन्हें माफ नहीं करेगा। सिंह ने कहा कि द्रमुक नेता से उनकी टिप्पणियों पर स्पष्टीकरण मांगा जाना चाहिए। उन्होंने कहा, सनातन धर्म.. यह सनातन नित नूतन है…चिर पुरातन है… ना इसका कोई जन्म है ना कोई अंत है। पूरे विश्व को अपना परिवार मानते हुए वसुधैव कुटुंबकम का संदेश यदि कोई धर्म देता है तो यह सनातन धर्म ही देता है। उन्होंने कहा कि यह सनातन धर्म है जिसमें चींटी को आटा और सांप को दूध पिलाकर उनकी लंबी उम्र की कामना की जाती है।

ये कहा उदयनिधि ने

तमिलनाडु के युवा कल्याण मंत्री उदयनिधि ने आरोप लगाया है कि सनातन धर्म समानता और सामाजिक न्याय के खिलाफ है और इसे खत्म किया जाना चाहिए। उन्होंने सनातन धर्म की तुलना कोरोनो वायरस, मलेरिया और डेंगू बुखार से की और कहा कि ऐसी चीजों का विरोध नहीं किया जाना चाहिए बल्कि नष्ट किया जाना चाहिए।

इसलिए किया गठबंधन का निर्माण

सिंह ने विपक्षी गठबंधन पर निशाना साधते हुए कहा, विपक्षी गठबंधन इसलिए हुआ है कि मोदी जी की किसी भी सूरत में सत्ता में वापसी ना हो, लेकिन गठबंधन की हालत क्या है, इनकी हालत है नाम बड़ा और दर्शन छोटा। नाम तो ‘इंडिया’ रख लिया है लेकिन मैं उनको बताना चाहूंगा कि यह नाम बहुत खतरनाक है। अगर कोई गठबंधन है तो वह देश के सम्मान और स्वाभिमान को बढ़ाने के लिए होना चाहिए। लेकिन यह गठबंधन इसलिए हुआ है है ताकि मोदी को किसी भी हालत में सत्ता में नहीं आने दिया जाए।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments