Sunday, March 15, 2026
HomeNational NewsLPG Crisis Update: कमर्शियल LPG सिलेंडर पर लगी रोक हटी, 29 राज्यों...

LPG Crisis Update: कमर्शियल LPG सिलेंडर पर लगी रोक हटी, 29 राज्यों में बिक्री शुरू

LPG Crisis Update: पेट्रोलियम मंत्रालय ने 5 दिन बाद देशभर में कमर्शियल LPG सिलेंडरों पर लगी रोक हटा दी है। अब India के 29 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कमर्शियल सिलेंडर की बिक्री फिर शुरू कर दी गई है। मंत्रालय ने बताया कि कालाबाजारी रोकने के लिए छापेमारी तेज की गई है।

LPG Crisis Update: सरकार ने 5 दिन बाद कमर्शियल LPG सिलेंडर पर लगी रोक हटा दी है। पेट्रोलियम मंत्रालय ने शनिवार को बताया कि देश के 29 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में कमर्शियल सिलेंडर का वितरण शुरू कर दिया गया है। सरकार ने 9 मार्च को कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई पर रोक लगाई थी। वहीं, सिलेंडरों की कालाबाजारी और अवैध भंडारण को रोकने के लिए देशभर में छापेमारी तेज कर दी गई है।

सरकार ने कहा है कि घरेलू उपभोक्ताओं को घबराने की जरूरत नहीं है। पेट्रोलियम और नेचुरल गैस मिनिस्ट्री की जॉइंट सेक्रेटरी सुजाता शर्मा ने कहा कि अब दिल्ली-एनसीआर की इंडस्ट्रीज, होटल, रेस्टोरेंट और दूसरी संस्थाओं को एक महीने के लिए नेचुरल गैस की जगह बायोमास से बने पेलेट्स, खासकर रिफ्यूज डिराइव्ड फ्यूल पेलेट्स के अस्थायी इस्तेमाल की मंजूरी दे दी गई है। दिल्ली के होटल–रेस्टोरेंट कचरे से बनी गैस इस्तेमाल करें।

LPG ला रहे दो भारतीय जहाजों ने होर्मुज पार किया

खाड़ी देशों से एलपीजी लेकर आ रहे भारत के दो जहाज सुरक्षित रूप से होर्मुज स्ट्रेट पार कर गए हैं। ईरान ने एक दिन पहले इन जहाजों को गुजरने की अनुमति दी थी और अब ये भारत के पश्चिमी तट की ओर बढ़ रहे हैं। शिपिंग जलमार्ग मंत्रालय के विशेष सचिव राजेश कुमार सिन्हा के मुताबिक भारतीय झंडे वाले एलपीजी कैरियर शिवालिक और नंदा देवी ने शनिवार होर्मुज स्ट्रेट पार किया। दोनों जहाज कुल 92,700 टन एलपीजी लेकर भारत आ रहे हैं। अधिकारियों ने बताया कि दोनों जहाज गुजरात के मुंद्रा और कांडला बंदरगाह की ओर जा रहे हैं और इनके अगले 2–3 दिनों में भारत पहुंचने की संभावना है। ये दोनों जहाज उन 24 जहाजों में शामिल थे, जो मिडिल-ईस्ट में जंग शुरू होने के बाद होर्मुज स्ट्रेट के पश्चिमी हिस्से में फंस गए थे। इससे पहले भारत में ईरान के राजदूत मोहम्मद फतहाली ने शुक्रवार को कहा था कि ईरान ने कई भारतीय जहाजों को इस जलमार्ग से गुजरने की अनुमति दी है, हालांकि उन्होंने यह नहीं बताया कि कुल कितने जहाजों को अनुमति दी गई।

गैस एजेंसी के बाहर बुजुर्ग की हार्टअटैक से मौत

यूपी के फर्रुखाबाद में सिलेंडर लेने के लिए लाइन में लगे मोहम्मद मुख्तियार (76) की तबीयत बिगड़ गई। परिजन अस्पताल लेकर भागे, लेकिन उनकी मौत हो गई। मुख्तियार सुबह करीब एजेंसी पहुंचे थे। लाइन में लगे-लगे अचानक गिर पड़े। ईरान युद्ध के चलते देशभर में रसोई गैस की किल्लत बढ़ती जा रही है। कई राज्यों से गैस एजेंसियों के बाहर लंबी-लंबी लाइनों में खड़े लोगों की तस्वीरें सामने आ रही हैं। छत्तीसगढ़ में रेस्तरां ने 10 प्रतिशत अतिरिक्त पैसे वसूलना शुरू कर दिया है। बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान समेत कई राज्यों में वाणिज्यिक गैस सिलेंडरों की कमी के बीच होटलों ने चूल्हे पर खाना बनाना शुरू कर दिया है।

बिजली बिल में छूट

तमिलनाडु सरकार ऐसी होटलों, चाय की दुकानों, क्लाउड किचन और अन्य भोजनालयों को बिजली बिल पर 2 रुपए प्रति यूनिट की छूट देगी, जो एलपीजी सिलेंडरों के बजाय इलेक्ट्रिक स्टोव का इस्तेमाल करेंगे। गुजरात सरकार ने रेस्तरां, होटल, शैक्षणिक संस्थानों और सामाजिक-धार्मिक संस्थानों को तत्काल नए पीएनजी कनेक्शन उपलब्ध कराने का ऐलान किया है। पूरे देश में अनेक जगह कालाबाजारी रोकने के लिए छापे मारे गए। सरकार ने फिर कहा कि गैस की कोई किल्लत नहीं है।

Premanshu Chaturvedi
Premanshu Chaturvedihttp://jagoindiajago.news
खबरों की दुनिया में हर लफ्ज़ को जिम्मेदारी और जुनून के साथ बुनने वाला। मेरा मानना है कि एक अच्छी खबर केवल सूचना नहीं देती, बल्कि समाज को सोचने, सवाल करने और बदलने की ताकत भी देती है। राजनीति से लेकर मानवता की कहानियों तक, हर विषय पर गहराई से शोध कर निष्पक्ष और सटीक रिपोर्टिंग करना ही मेरी पहचान है। लेखनी के जरिए सच्चाई को आवाज़ देना मेरा मिशन है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular