Salumber Children’s Death Case: सलूम्बर जिले के 2 गांवों में रहस्यमयी बीमारी से 5 बच्चों की मौत के मामले को गंभीरता से लेते हुए राज्य सरकार ने आरएनटी मेडिकल कॉलेज के विशेषज्ञों की टीम गठित कर गहन जांच के निर्देश दिए हैं. सरकार ने जिला प्रशासन, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी और अन्य संबंधित अधिकारियों को स्थिति पर लगातार नजर रखने को कहा है। साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में बुखार के लक्षण वाले बच्चों की सघन स्क्रीनिंग कराने के भी निर्देश जारी किए गए हैं, ताकि बीमारी के कारणों का जल्द पता लगाकर आवश्यक कदम उठाए जा सकें.
उल्लेखनीय है कि सलूम्बर में बच्चों की मौत का मामला सामने आने पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने तत्काल अधिकारियों को वस्तुस्थिति पता करने, मौत के कारणों का पता लगाने तथा इस बीमारी की रोकथाम के लिए सभी जरूरी कदम उठाने के निर्देश दिए थे. जिसके बाद चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने तत्काल प्रभाव से आरएनटी मेडिकल कॉलेज, उदयपुर के चिकित्सा विशेषज्ञों की टीम गठित कर बीमारी से प्रभावित गांवों में भेजी है, जो बच्चों की मौत का कारण पता लगाने के साथ ही बीमारी से बचाव के संबंध में भी आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कर रही है.
मुख्य सचिव वी श्रीनिवास ने भी सोमवार रात वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से मामले की पूरी जानकारी ली और चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, जिला प्रशासन तथा अन्य अधिकारियों को प्रभावित क्षेत्रों की सतत निगरानी रखे जाने के निर्देश दिए.
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ ने बताया कि सलूम्बर जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए हैं कि प्रभावित गांवों सहित सलूम्बर एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वास्थ्यकर्मियों की टीम नियोजित कर बुखार के लक्षण वाले बच्चों की गहन स्क्रीनिंग सुनिश्चित करें। किसी भी बच्चे में लक्षण मिलें तो तत्काल प्रभाव से उसे उपचार उपलब्ध करवाना सुनिश्चित करें। यदि किसी बच्चे की स्थिति गंभीर हो तो उसे तत्काल जिला चिकित्सालय या मेडिकल कॉलेज से संबद्ध अस्पतालों में रेफर किया जाए। साथ ही, मच्छरजनित बीमारियों से बचाव के लिए एंटीलार्वा, सोर्स रिडक्शन, फोगिंग सहित अन्य गतिविधियां करवाने के भी निर्देश दिए गए हैं।
ये भी पढ़ें: ‘एक रात में पूरा ईरान तबाह कर देंगे’, डोनाल्ड ट्रंप की धमकी, IRGC ने दिया करारा जवाब



