Bihar Election 2025 : नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार शाम बिहार विधानसभा चुनाव के लिए 18 उम्मीदवारों की अपनी तीसरी सूची जारी की, जिसमें कोचाधामन सीट से बीना देवी और मोहनिया से संगीता कुमारी को मैदान में उतारा गया है। सूची के अनुसार संजय पांडे नरकटियागंज सीट से, सतीश कुमार यादव राघोपुर से और भरत बिंद भभुआ से चुनाव लड़ेंगे।

मुरारी पासवान सुरक्षित सीट पीरपैंती से चुनाव लड़ेंगे, जबकि अशोक कुमार सिंह रामगढ़ विधानसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ेंगे। इसके साथ ही भाजपा ने कुल 101 सीट के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। बिहार विधानसभा की कुल 243 सीट के लिए चुनाव दो चरणों में छह और 11 नवंबर को होने वाले हैं। मतों की गिनती 14 नवंबर को होगी।
बुधवार शाम को ही जारी की थी दूसरी सूची
बीजेपी ने आज ही शाम को 12 प्रत्याशियों की दूसरी सूची जारी की थी, इसमें लोक गायिका मैथिली ठाकुर के अलावा चर्चित आईपीएस अधिकारी आनंद मिश्रा का भी नाम था। मैथिली ठाकुर पिछले कई दिनों से भाजपा के संपर्क में थीं। उन्हें 14 अक्तूबर को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने पार्टी सदस्यता दिलाई थी। वहीं 2024 के लोकसभा चुनाव में बक्सर से भाजपा का टिकट नहीं मिलने पर पूर्व आईपीए अधिकारी आनंद मिश्रा भी कुछ महीने पहले ही जनसुराज को छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। अब भाजपा ने उन्हें भी टिकट दिया है।
परिहार से गायत्री देवी, नरपतगंज से देवंती यादव, किशनगंज से स्वीटी सिंह, प्राणपुर से निशा सिंह, कोढ़ा से कविता देवी, औराई से रमा निषाद, वारसलीगंज से अरुणा देवी और जमुई से श्रेयसी सिंह शामिल हैं। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व ने इस बार कुम्हरार, पटना साहिब और दानापुर विधानसभा के प्रत्याशी को बदल दिया है। कुम्हरार से निवर्तमान विधायक अरुण सिन्हा की जगह संजय गुप्ता, पटना साहिब से नंद किशोर यादव की जगह रत्नेश कुशवाहा और दानापुर से पूर्व सांसद रामकृपाल यादव को टिकट दिया।
एक दिन पहले ही जारी की थी पहली सूची
एक दिन पहले यानी 14 अक्तूबर को भाजपा ने अपनी पहली सूची जारी की थी। इसमें 71 प्रत्याशियों के नाम की घोषणा की थी। भाजपा ने पहली सूची में नौ महिलाओं को टिकट दिया है। दूसरी और तीसरी सूची में दो-दो और महिलाओं को टिकट दिया गया है।