Thursday, December 25, 2025
HomeBiharBihar : बीजेपी नेता की गोली मारकर हत्या, RJD नेता बोले- जनता...

Bihar : बीजेपी नेता की गोली मारकर हत्या, RJD नेता बोले- जनता भगवान भरोसे, भाजपा का राजनीतिक रंग देने का आरोप

समस्तीपुर में भाजपा नेता रूपक सहनी की गोली मारकर हत्या के बाद विपक्षी राजद ने बिहार की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाए हैं। राजद प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने कहा कि राज्य में हालात पूरी तरह बिगड़ चुके हैं और आम जनता भगवान भरोसे है। उन्होंने उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के अपराध पर सख्त कार्रवाई के दावों पर तंज कसते हुए सरकार को विफल बताया है।

Bihar News : पटना। बिहार के समस्तीपुर जिले में भाजपा के एक सदस्य की बुधवार को गोली मारकर हत्या की घटना पर विपक्षी राजद ने कहा है कि प्रदेश में आम जनता भगवान भरोसे ही है। हालांकि, भाजपा ने इसे राजनीतिक रंग देने की कोशिश करार दिया है। भाजपा नेता की हत्या के बाद राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रदेश प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने कहा, बिहार में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चौपट हो चुकी है और आम जनता भगवान भरोसे जीने को मजबूर है। दूसरी ओर, सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी ने विपक्ष के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इसे राजनीतिक रंग देने की कोशिश बताया है।

बिहार की जनता भगवान भरोसे जीने को मजबूर : RJD

भारतीय जनता पार्टी के नेता और प्रदेश के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को कहा था कि अपराध को कत्तई बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। सार्वजनिक मंच से अपने संबोधन में मंत्री ने कहा था कि उनका काम “कचरा साफ करना” है और वह यह काम कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया था कि कई अपराधी बिहार छोड़कर भाग चुके हैं और जो बचे हैं, उन्हें तीन महीने के भीतर राज्य से बाहर कर दिया जाएगा। सम्राट के बयान के कुछ ही घंटे बाद भाजपा नेता रूपक सहनी की हत्या हो गयी, जिससे विपक्ष मंत्री के दावे पर सवाल उठा रहा है। तिवारी ने तंज कसते हुए कहा, ‘‘जब सरकार अपने ही दल के नेताओं को सुरक्षा नहीं दे पा रही है, तो आम लोगों की सुरक्षा की गारंटी कैसे दी जा सकती है।’’

राजद ने इस घटना को सरकार की विफलता का प्रतीक बताते हुए जवाबदेही तय करने की मांग की। इस बीच, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रियरंजन पटेल ने सहनी की हत्या को दुर्भाग्यपूर्ण करार देते हुए कहा कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस की कार्रवाई में किसी तरह की लापरवाही नहीं हुई है और कानून अपना काम कर रहा है। भाजपा का कहना है कि विपक्ष को ऐसी घटनाओं पर राजनीति करने के बजाय जांच पूरी होने का इंतजार करना चाहिए।

घर के बाहर हुई थी फायरिंग

रूपक बुधवार शाम खानपुर थाने के शादीपुर घाट के पास स्थित अपने घर के बाहर टहल रहे थे तभी बाइक पर सवार होकर चार लोग वहां पहुंचे। बदमाशों ने रूपक पर ताबड़तोड़ गोलियां चलानी शुरू कर दी और फिर मौके से फरार हो गए। इस दौरान रूपक को तीन से अधिक गोलियां लगी। घटना के बाद रूपक के घरवाले तुरंत उसे अस्पताल लेकर गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और रूपक के घरवालों का रो-रो कर बुरा हाल है।

जनता दल यूनाइटेड से जुड़े एक शख्स पर संदेह

रूपक के घरवालों ने बताया कि वह भाजपा संगठन में बूथ अध्यक्ष के पद पर कार्यरत थे। रूपक का भाई दीपक सहनी भी भाजपा से जुड़ा है। दीपक प्रखंड भाजपा कमेटी में मीडिया प्रभारी का कार्यभार संभालता है। खबरों के अनुसार रूपक का गांव में कुछ लोगों से विवाद था और शायद यही उसकी हत्या के पीछे का कारण भी है। परिवार वालों ने पप्पू चौधरी नामक एक शख्स से रूपक के विवाद की बात कही है। पप्पू जनता दल यूनाइटेड से जुड़ा है और घटना के बाद से फरार है। घटना की जानकारी मिलते ही एसपी अरविंद प्रताप सिंह भी देर रात मौके पर पहुंचे थे। सिंह ने लापरवाही के लिए खानपुर थानाध्यक्ष रंजीत चौधरी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular