Bhilwara Garnet Mafia: भीलवाड़ा जिले के कोटड़ी थाना क्षेत्र में अवैध गारनेट (रेत का सोना) कारोबार में वसूली के बड़े खेल का खुलासा हुआ है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बीजेपी नेता समेत 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस जांच में सामने आया कि माफिया पर कार्रवाई का डर दिखाकर अवैध वसूली की जा रही थी और आरोपी भाजपा कार्यकर्ता अजय खुद को विधायक का प्रतिनिधि बताकर धमकाकर वसूली करता था.
6 घंटे पूछताछ के बाद गिरफ्तारी
एसपी के निर्देश पर विशेष टीम ने 4 लोगों को हिरासत में लेकर करीब 6 घंटे तक पूछताछ की. इसके बाद मामला दर्ज कर शिवसुंदर निवासी अजय पांचाल, उदलियास निवासी नंदसिंह उर्फ पिंटू सिंह राजपूत, बीगोद क्षेत्र के मोहनपुरा निवासी नारायण गुर्जर और कोटड़ी के सालरिया खुर्द निवासी कालू गुर्जर को गिरफ्तार किया. मामले की आगे की जांच कन्हैयालाल को सौंपी गई है।
खुद बताता था विधायक का प्रतिनिधि
पूछताछ के दौरान आरोपी भाजपा कार्यकर्ता अजय पुलिस के सामने खुद को विधायक का प्रतिनिधि बता रहा था. इस पर विधायक गोपी मीणा ने अजय पांचाल को केवल पार्टी कार्यकर्ता बताया, और कहा कि वह अजय को जानते हैं, उसने चुनाव में काम किया था, लेकिन यदि उसने गलत काम किया है तो उसके खिलाफ कार्रवाई होगी.
आरोपियों के खिलाफ पहले से मामले दर्ज
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने गारनेट के अवैध खनन को चलने देने का झांसा देकर 15-20 खननकर्ताओं से लाखों रुपये की वसूली की. चारों आरोपी गैंग बनाकर काम कर रहे थे और पुलिस का डर दिखाकर लोगों को धमकाते थे. पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों के खिलाफ पहले से अवैध खनन, चोरी और मारपीट के कई मामले दर्ज हैं.



