IPS Anshika Verma KK Bishnoi Love Story: उत्तर प्रदेश के संभल जिले में तैनात IPS अधिकारी कृष्ण कुमार बिश्नोई की इन दिनों खूब चर्चा हो रही है. उनकी शादी बरेली में तैनात आईपीएस अधिकारी अंशिका वर्मा से होने जा रही है. दोनों की लव स्टोरी अब शादी के मुकाम तक पहुंच गई है. दरअसल, दोनों की पहली मुलाकात साल 2023 में गोरखपुर में पोस्टिंग के दौरान हुई थी. उस समय केके बिश्नोई गोरखपुर में एसपी सिटी के पद पर तैनात थे, जबकि अंशिका वर्मा यही अंडर ट्रेनिंग आईपीएस अधिकारी थीं. इसी दौरान दोनों के बीच दोस्ती हुई, जो धीरे-धीरे प्यार में बदल गई. अब दोनों जल्द ही शादी के बंधन में बंधने जा रहे हैं. दोनों IPS अधिकारियों की शादी 28 मार्च को राजस्थान के बाड़मेर में पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ संपन्न होगी।

केके बिश्नोई ने UN में नौकरी छोड़ चुना देश सेवा का रास्ता
केके बिश्नोई यूपी कैडर के 2018 बैच के IPS अधिकारी हैं. वह राजस्थान के बाड़मेर जिले के धोरीमना के रहने वाले हैं. जबकि अंशिका वर्मा 2021 बैच की IPS अधिकारी हैं. बरेली में SP के पद पर तैनात हैं. राजस्थान के बाड़मेर से ताल्लुक रखने वाले केके बिश्नोई ने विदेश में पढ़ाई की और बाद में संयुक्त राष्ट्र यानी UN में एक अच्छे पैकेज की नौकरी भी हासिल की. लेकिन उन्होंने शानदार नौकरी को छोड़कर देश सेवा का रास्ता चुना.

2017 में UPSC पास कर IPS बनने का सपना किया साकार
कठिन परिश्रम और लगन के दम पर उन्होंने वर्ष 2017 में UPSC परीक्षा पास की. अपने दूसरे प्रयास में उन्होंने ऑल इंडिया रैंक 174 हासिल की और IPS अधिकारी बनने का सपना साकार किया. विदेश में सफल करियर छोड़कर प्रशासनिक सेवा का रास्ता चुनने के कारण उनकी यह सफलता खास मानी जाती है.

अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए जाने जाते हैं केके बिश्नोई
कृष्ण कुमार बिश्नोई अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के लिए जाने जाते हैं. गोरखपुर में SP सिटी रहते हुए उन्होंने संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की थी. हाल ही में वह सोशल मीडिया पर भी चर्चा में आए थे. उन्होंने उपद्रवी युवाओं को समझाते हुए कहा था कि नेताओं के चक्कर में पड़कर अपना भविष्य खराब न करें. उनकी यह बात सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुई थी.

अंशिका वर्मा ने तेजतर्रार कार्यशैली के चलते कम समय में बनाई पहचान
अंशिका वर्मा मूल रूप से यूपी के प्रयागराज की रहने वाली हैं. अंशिका ने अपनी शुरुआती पढ़ाई वहीं से पूरी की. उन्होंने इलेक्ट्रॉनिक्स और कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग में बीटेक की डिग्री हासिल की. इसके बाद सिविल सेवा परीक्षा पास कर भारतीय पुलिस सेवा में प्रवेश किया. IPS अंशिका ने अपनी तेजतर्रार कार्यशैली और त्वरित कार्रवाई के कारण कम समय में ही अलग पहचान बना ली है. बरेली में उन्होंने कई संवेदनशील मामलों में तेजी से कार्रवाई की. इसी के साथ वो सोशल मीडिया पर भी काफी एक्टिव रहती हैं. सोशल प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर उनके 6 लाख से अधिक फॉलोअर्स हैं.

ये भी पढ़ें: Stock Market Crash: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण शेयर बाजार धड़ाम, Sensex 2,346 अंक टूटा, निफ्टी 709 अंक फिसला




