Tuesday, June 17, 2025
Home Blog Page 674

कंगना ने दान किए 5 लाख, ट्वीट पर स्क्रीनशॉट किया साझा…

शिमला। बॉलीवुड अभिनेत्री कंगना रनौत ने कहा है कि उन्होंने हिमाचल प्रदेश आपदा राहत कोष में ऑनलाइन माध्यम से दान करने की 50-60 कोशिशें की, जो नाकाम रहीं। रनौत ने राज्य की कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए दावा किया कि वह आपदा राहत कोष भी ठीक से नहीं संभाल पा रही। उन्होंने बृहस्पतिवार रात एक्स पर लिखा बहुत शर्म की बात है।

हिमाचल प्रदेश की मूल निवासी रनौत हालांकि 5 लाख रुपये दान कर पाई और उन्होंने एक स्क्रीनशॉट साझा करके इस बारे में जानकारी दी।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के कार्यालय ने रनौत के दावे को खारिज कर दिया और कहा कि हो सकता है कि तकनीकी समस्या के चलते ऐसा हुआ हो।

रनौत ने कांग्रेस सरकार पर निशाना साधते हुए लिखा हिमाचल बाढ़ आपदा के सिलसिले में दान करने का प्रयास कर रहीं हूं, लेकिन सरकार आपदा राहत कोष भी ठीक से नहीं संभाल पा रही, कितनी शर्म की बात है, पूरे दिन 50-60 से ज्यादा बार प्रयास करने के बाद भी कुछ राशि ही दान कर सकी।

मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार नरेश चौहान से संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा हम कंगना के ट्वीट पर कोई टिप्पणी नहीं करना चाहते। लोगों ने राज्य आपदा राहत कोष में 200 करोड़ रुपये से अधिक का दान दिया है, जिसका एक हिस्सा ऑनलाइन माध्यम से दान किया गया और ऐसी कोई समस्या हमारे संज्ञान में नहीं आई है। अगर कोई तकनीकी गड़बड़ी है तो उसे हल किया जा सकता है। सभी क्षेत्रों के लोगों और यहां तक ​​कि राज्य सरकारों ने भी कोष में योगदान किया है, जिसका उपयोग राहत एवं पुनर्वास कार्यों में किया जा रहा है।

पिछले महीने बॉलीवुड अभिनेता आमिर खान ने राज्य के आपदा राहत कोष में 25 लाख रुपये दान किए थे। असम, उत्तराखंड, हरियाणा, बिहार, ओडिशा, तमिलनाडु, कर्नाटक, राजस्थान और छत्तीसगढ़ की सरकारों ने राहत और पुनर्वास में मदद के लिए कुल 80 करोड़ रुपये से अधिक दान किया है। मंदिर ट्रस्ट, गैर-सरकारी संगठन और अन्य लोग भी मदद के लिए आगे आए हैं।

हिमाचल में 24 जून को मानसून शुरू होने के बाद जुलाई और अगस्त में भारी बारिश से सड़कों, जल आपूर्ति परियोजनाओं और घरों को भारी नुकसान हुआ। राज्य में बारिश से संबंधित घटनाओं में 300 से अधिक लोगों की मौत हो गई।

सुक्खू ने दावा किया है कि राज्य को करीब 12 हजार करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है। राज्य सरकार ने प्रभावित लोगों के लिए 4,500 करोड़ रुपये के विशेष राहत पैकेज की घोषणा की है।

Rajasthan News : CM अशोक गहलोत ने दी आठ बोर्ड के गठन को मंजूरी

जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आठ बोर्ड के गठन को मंजूरी दी है. जानकारी के अनुसार सीएम गहलोत ने राजस्थान राज्य राजा बली कल्याण बोर्ड, राजस्थान राज्य वाल्मिकी कल्याण बोर्ड, राजस्थान राज्य मेघवाल कल्याण बोर्ड, राजस्थान राज्य पुजारी कल्याण बोर्ड, राजस्थान राज्य केवट कल्याण (मां पूरी बाई कीर) बोर्ड, राजस्थान राज्य जाटव कल्याण बोर्ड, राजस्थान राज्य धाणका कल्याण बोर्ड और राजस्थान राज्य चित्रगुप्त कायस्थ कल्याण बोर्ड का शामिल किया है. सभी बोर्ड संबंधित वर्गों की स्थिति का जायजा लेने, प्रमाणिक सर्वे रिपोर्ट के आधार पर वर्गों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने और इनके पिछड़ेपन को दूर करने के सुझाव राज्य सरकार को देंगे.

बोर्ड का उद्देश्य रोजगार को बढ़ावा देना

बोर्ड संबंधित वर्ग के कल्याण के वास्ते विभिन्न योजनाएं प्रस्तावित करने, उनके लिए वर्तमान में संचालित विभिन्न योजनाओं के संबंध में विभिन्न विभागों से समन्वय करने, परंपरागत व्यवसाय को वर्तमान तौर-तरीकों से आगे बढ़ाने, रोजगार को बढ़ावा देने तथा शैक्षिक एवं आर्थिक उन्नयन के संबंध में सुझाव दिए जाएंगे. ये बोर्ड सामाजिक बुराइयों एवं कुरीतियों के खिलाफ ठोस उपाय करने सहित अन्य सुझाव भी राज्य सरकार को देंगे. सभी बोर्ड में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं तीन सदस्य सहित पांच-पांच गैर-सरकारी सदस्य होंगे. राज्य के विभिन्न विभागों के शासन सचिव, आयुक्त, निदेशक, संयुक्त निदेशक एवं उप निदेशक स्तर के अधिकारी इनके सरकारी सदस्य होंगे.

महबूबा ने भाजपा पर साधा निशाना, कहा भाजपा ने पिछले 10 वर्षों में कई गोडसे को जन्म दिया…

जम्मू। पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (PDP) की प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने शुक्रवार को कहा कि देश पिछले 75 वर्षों में दूसरा महात्मा गांधी पैदा नहीं कर सका, लेकिन भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पिछले दशक में कई नाथूराम गोडसे बना दिए।

मुफ्ती भाजपा के एक पोस्टर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी का नये युग के रावण के रूप में चित्रण किये जाने के बारे में पूछे गए सवालों का जवाब दे रही थीं। यहां पत्रकारों से बातचीत में मुफ्ती ने कहा कि अगर कोई व्यक्ति किसी भाजपा नेता का इसी तरह का पोस्टर जारी करता, तो उसे बिना किसी मामले या जांच के तुरंत जेल में डाल दिया जाता और जमानत भी नहीं दी जाती।

भाजपा ने एक्स पर एक पोस्टर साझा कर उसमें राहुल गांधी का चित्रण नए युग के रावण के रूप किया है, जिसकी कांग्रेस ने कड़ी आलोचना की और इसे पूरी तरह से अस्वीकार्य और बेहद खतरनाक कहा।

पीडीपी सुप्रीमो ने कहा कि भाजपा की हरकतें विपक्षी दलों के गठबंधन इंडिया के प्रति उसकी हताशा का परिणाम हैं। यह उनकी (भाजपा नेताओं की) हताशा को दर्शाता है। वे इंडिया गठबंधन के कारण पूरी तरह हताश हैं। दिल से, वे जानते हैं कि उन्होंने हिंदू और मुसलमान को बांटने समेत जो रणनीति अपनाई, वह विफल हो गई है।

मुफ्ती ने महात्मा गांधी के आदर्शों को बढ़ावा देने के प्रयास के लिए राहुल पर हमला करने को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। उन्होंने हाल के वर्षों में गोडसे जैसी विचारधारा वाले लोगों की संख्या बढ़ने पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा एक व्यक्ति इस देश में गोडसे की विचारधारा के खिलाफ कड़ी मेहनत कर रहा है। वे उसे निशाना बना रहे हैं। आपने (भाजपा) गोडसे की सेना तैयार कर दी। हम पिछले 70 से 75 वर्षों में गांधी पैदा नहीं कर सके, लेकिन उन्होंने पिछले 10 वर्षों में कई गोडसे को जन्म दिया है। ऐसे माहौल में सांस लेना मुश्किल हो रहा है। पीडीपी प्रमुख ने सनातन धर्म को कायम रखने के भाजपा के दावे पर सवाल उठाया और पूछा कि क्या उसके कार्य वास्तव में सनातन की शिक्षाओं को प्रतिबिंबित करते हैं।

मुफ्ती ने वसुधैव कुटुंबकम के अनुसरण पर जोर देते हुए कहा कि भाजपा अपने कार्यों में विफल रही। पीडीपी प्रमुख ने सवाल किया वे लोग सनातन धर्म के नाम पर कसम खाते हैं। क्या वे जानते हैं कि सनातम धर्म क्या है? क्या सनातन धर्म हमें यही सिखाता है कि अपने प्रतिद्वंद्वी का चित्रण रावण के रूप में करो? सनातन धर्म हमें वसुधैव कुटुंबकम की शिक्षा देता है। वे किसे एक परिवार के रूप में मान रहे हैं?

मुफ्ती ने भारत के बाहर भाजपा नेताओं द्वारा मस्जिदों और मुस्लिम नेताओं के प्रति सम्मान दिखाने और देश के भीतर पीटकर हत्याएं किये जाने और गलत दुष्प्रचार की घटनाओं की ओर इशारा किया। मुफ्ती ने कहा वे मस्जिदों में जा रहे हैं और बाहर मुस्लिम नेताओं को गले लगा रहे हैं। लेकिन यहां वे मुसलमानों की पीटकर जान ले रहे हैं। वे झूठ फैलाते हैं। उन्होंने दावा किया कि भाजपा युवाओं को जय श्री राम के नाम पर मुसलमानों को मारने के लिए उकसा रही है। मुफ्ती ने भाजपा पर जम्मू में टोल टैक्स, स्मार्ट मीटर और संपत्ति कर जैसे उपायों के माध्यम से जम्मू-कश्मीर और लद्दाख पर कई वित्तीय बोझ डालने का आरोप लगाया।

सरकार ने एक्स, यूट्यूब  और टेलीग्राम को जारी किए नोटिस…

नई दिल्ली। सरकार ने सोशल मीडिया मंच एक्स, यूट्यूब और टेलीग्राम को भारत में अपने मंचों से बाल यौन शोषण संबंधी सामग्री हटाने के लिए नोटिस जारी किये हैं।

इलेक्ट्रॉनिक्स एवं सूचना प्रौद्योगिकी राज्य मंत्री राजीव चंद्रशेखर ने कहा कि यदि सोशल मीडिया कंपनियां त्वरित कार्रवाई नहीं करती हैं, तो सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 79 के तहत उनका ‘संरक्षण’ वापस ले लिया जाएगा, जिसका अर्थ है कि इन मंचों के खिलाफ लागू होने वाले कानून एवं नियमों के तहत सीधे मुकदमा चलाया जा सकता है, भले ही सामग्री उनके द्वारा अपलोड नहीं की गई हो।

बयान में कहा गया है इलेक्ट्रॉनिक्स और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने सोशल मीडिया कंपनियों एक्स, यूट्यूब और टेलीग्राम को नोटिस जारी किये हैं। इसमें उन्हें भारतीय इंटरनेट पर अपने मंचों से बाल यौन शोषण सामग्री (सीएसएएम) हटाने की चेतावनी दी गई है। इन सोशल मीडिया मंचों को दिए गए नोटिस उनके मंचों पर किसी भी सीएसएएम को शीघ्र हटाने या उन तक पहुंच को अक्षम करने के महत्व पर जोर देते हैं।

इन नोटिस में भविष्य में सीएसएएम के प्रसार को रोकने के लिए सामग्री ‘मॉडरेशन एल्गोरिदम’ और रिपोर्टिंग तंत्र जैसे सक्रिय उपायों के कार्यान्वयन का भी आह्वान किया गया है।

चंद्रशेखर ने कहा हमने एक्स, यूट्यूब और टेलीग्राम को नोटिस भेजे हैं, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि उनके मंचों पर कोई भी बाल यौन शोषण सामग्री न हो। सरकार सूचना प्रौद्योगिकी नियमों के तहत एक सुरक्षित और विश्वसनीय इंटरनेट बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। अगर वे तेजी से कार्रवाई नहीं करते हैं, तो सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 79 के तहत उनका संरक्षण वापस ले लिया जाएगा और भारतीय कानून के तहत परिणाम भुगतने होंगे।

सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) अधिनियम, 2000, सीएसएएम सहित अश्लील सामग्री के खिलाफ कानूनी ढांचा प्रदान करता है। बयान में कहा गया है कि आईटी अधिनियम की धाराएं- 66ई, 67, 67ए और 67बी अश्लील सामग्रियों के ऑनलाइन प्रसारण के लिए कड़े दंड और जुर्माने के प्रावधान करती हैं।

Chandrayaan-3 के लैंडर और रोवर से संपर्क के प्रयास जारी, सक्रिय होने की उम्मीद कम…

बेंगलुरु। चंद्रयान-3 के लैंडर ‘विक्रम’ और रोवर ‘प्रज्ञान’ के पुन: सक्रिय होने की अब कोई उम्मीद नहीं है। यह बात शुक्रवार को एक जाने-माने अंतरिक्ष वैज्ञानिक ने कही, जो भारत के तीसरे चंद्र मिशन के संभावित अंत का संकेत है।

मिशन से सक्रिय रूप से जुड़े रहे अंतरिक्ष आयोग के सदस्य एवं इसरो के पूर्व अध्यक्ष ए एस किरण कुमार ने कहा, ‘नहीं, नहीं, अब इसके फिर सक्रिय होने की कोई उम्मीद नहीं है। अगर यह होना होता, तो अब तक हो जाना चाहिए था।’

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने 22 सितंबर को कहा था कि नया चंद्र दिवस शुरू होने के बाद सौर ऊर्जा चालित ‘विक्रम’ लैंडर और ‘प्रज्ञान’ रोवर के साथ संपर्क स्थापित करने के प्रयास किए गए हैं ताकि उनके फिर से सक्रिय होने की संभावना का पता लगाया जा सके। फिलहाल उनकी (लैंडर और रोवर) ओर से कोई संकेत नहीं मिले हैं और संपर्क स्थापित करने के प्रयास जारी रहेंगे।

चंद्रयान-3 मिशन के साथ भारत ने 23 अगस्त को चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव क्षेत्र में ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ कर इतिहास रच दिया था और ऐसा करने वाला यह दुनिया का पहला देश बन गया था। इसके साथ ही भारत चंद्रमा पर सफल ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ के साथ अमेरिका, पूर्ववर्ती सोवियत संघ और चीन के बाद ऐसा करने वाला विश्व का चौथा देश बन गया था। इसरो ने चंद्रमा पर रात होने से पहले क्रमशः 4 और 2 सितंबर को लैंडर और रोवर को निष्क्रिय अवस्था (स्लीप मोड) में डाल दिया था, जिनके 22 सितंबर के आसपास अगले सूर्योदय पर फिर से सक्रिय होने की उम्मीद थी। लैंडर और रोवर को एक चंद्र दिवस की अवधि (पृथ्वी के लगभग 14 दिन) तक कार्य करने के लिए डिजाइन किया गया था।

इसरो के अधिकारियों के अनुसार, चंद्रयान-3 मिशन के सभी तीन उद्देश्य हासिल कर लिए गए हैं जिनमें चंद्रमा की सतह पर सुरक्षित ‘सॉफ्ट लैंडिंग’, चंद्रमा पर घूमने वाले रोवर का प्रदर्शन और चंद्र सतह पर वैज्ञानिक प्रयोग शामिल हैं।

चंद्रयान-3 मिशन की उपलब्धि के संबंध में किरण कुमार ने कहा, ‘बड़े अर्थों में, आपने निश्चित रूप से जो हासिल किया है वह यह है कि आप एक ऐसे क्षेत्र (दक्षिणी ध्रुव) पर पहुंच गए हैं, जहां कोई और नहीं पहुंचा है और उस क्षेत्र का वास्तविक डेटा प्राप्त नहीं किया है। यह वास्तव में बहुत उपयोगी जानकारी है। इससे बाद के अभियानों को ज्ञान के संदर्भ में और उन गतिविधियों की योजना बनाने के संदर्भ में लाभ होगा जो आप उस क्षेत्र में करना चाहते हैं।’ उन्होंने इसरो द्वारा चंद्रमा से नमूने लाए जाने संबंधी मिशन शुरू करने की संभावना के बारे में भी बात की, लेकिन इस तरह का अभियान शुरू करने के लिए कोई समयसीमा नहीं दी।

कुमार ने कहा हां, निश्चित रूप से भविष्य में यह सब वहां होगा क्योंकि ये सभी प्रौद्योगिकी क्षमताएं हैं जिन्हें आप विकसित करते रहते हैं, अब इसने (चंद्रयान-3) ‘सॉफ्ट लैंडिंग’ की उपलब्धि हासिल की है और इसके बाद के अभियानों में वहां से सामग्री उठाई जाएगी और वापस लाई जाएगी, निश्चित तौर पर वे सभी मिशन होंगे। भविष्य में इनमें से कई चीजों पर काम होगा। योजनाएं बनाई जाएंगी और फिर प्रौद्योगिकी विकास के समग्र दृष्टिकोण के आधार पर प्रस्ताव रखे जाएंगे। यह पूरी तरह से इस बात पर निर्भर करता है कि समग्र योजना कैसे बनती है, और कितने संसाधन उपलब्ध कराए जाते हैं, इसलिए यह (नमूना-वापसी मिशन के लिए समयसीमा) बताना बहुत मुश्किल है।

Asian Games : भारत ने रचा इतिहास, महिला कबड्डी में स्वर्ण के साथ 100 पदक पूरे…

हांगझोउ। भारतीय दल ने एशियाई खेलों में 100 पदक पूरे कर लिये जब महिला कबड्डी टीम ने चीनी ताइपै को शनिवार को रोमांचक फाइनल में 26 . 25 से हराकर स्वर्ण पदक जीता।

भारतीय महिला कबड्डी टीम का यह तीसरा खिताब है।

पिछली बार जकार्ता में उसने रजत पदक जीता था।

उसकी खिताबी जीत के साथ ही भारत ने पहली बार एशियाई खेलों में पदकों का तिहरा अंक छुआ।

फाइनल मुकाबले में चीनी ताइपै ने बेहद कड़ी चुनौती दी लेकिन भारत ने एक अंक से बाजी मारी।

हाफटाइम तक भारत के पास 5 अंक की बढत थी। पूजा ने भारत के लिये कई अंक जुटाये।

राजस्थान में भी होगी जाति आधारित गणना, सीएम गहलोत ने की घोषणा…

जयपुर। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शुक्रवार रात को बिहार की तरह राजस्थान में भी जाति आधारित गणना करवाने की घोषणा की।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वार रूम में शुक्रवार को कांग्रेस की कोर कमेटी की बैठक में जाति आधारित गणना, पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना यात्रा सहित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। बैठक में प्रदेश कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर रंधावा, मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और अन्य नेता मौजूद रहे।

बैठक के बाद संवाददाताओं से बातचीत में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा राजस्थान सरकार भी बिहार की तरह जाति आधारित गणना करवायेगी। राहुल गांधी बार-बार कह रहे हैं, जितनी जिसकी जनसंख्या है उसकी भागीदारी उतनी होनी चाहिए..हम इस अवधारणा को आगे बढ़ाएंगे। इसलिए हमने फैसला किया है कि पार्टी के निर्णय को ध्यान में रखते हुए राजस्थान सरकार को इस अभियान की घोषणा करनी चाहिए। हमारी पार्टी की जो मंशा है वो सामने लायी जानी चाहिए। देश के अंदर विविध जातियां है.. विविध धर्म के लोग रहते हैं जातियां अलग-अलग काम करती हैं, तो अगर मालूम पड़ेगा कि किस जाति की कितनी जनसंख्या है, तो मालूम पड़ेगा कि हमें क्या योजनाएं इनके लिये बनानी हैं। हमारे लिए जाति के अनुसार योजना बनाना आसान हो जाएगा।

प्रदेश प्रभारी सुखजिदंर सिंह रंधावा ने कहा हमने बैठक में पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना (ईआरसीपी) की यात्रा के बारे में चर्चा के साथ-साथ जाति आधारित गणना पर चर्चा की है।

कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि पार्टी के चुनावी अभियान में हमारा जो नारा होगा वह है ‘‘काम किया दिल से.. कांग्रेस फिर से’’ क्योंकि यहां ऐतिहासिक काम हुये हैं। हम लोग सोमवार को एक महत्वपूर्ण बैठक और करेंगे जिसमें ईआरसीपी की यात्रा पर चर्चा की जायेगी।

AAP ने लगाया केंद्र सरकार पर आरोप, ‘इंडिया’ गठबंधन को लेकर कही यह बात…

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) ने शुक्रवार को दावा किया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 2024 के लोकसभा चुनाव में विपक्षी दलों के गठबंधन ‘इंडिया’ के हाथों हार को लेकर डरी हुई है और उसके नेतृत्व वाली केंद्र सरकार ने अपनी सभी एजेंसियों को गठबंधन के दमन के लिए तैनात कर दिया है।

‘आप’ की वरिष्ठ नेता और दिल्ली की मंत्री आतिशी ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि जब से विभिन्न विपक्षी दलों के एक साथ आने की बात हो रही है, गठबंधन के नेताओं को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) और केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की छापेमारी का सामना करना पड़ा है।

उन्होंने ऐसे नेताओं के नामों की एक सूची साझा की, जिनमें कांग्रेस नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव और तृणमूल कांग्रेस अध्यक्ष व पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के नाम शामिल हैं।

आतिशी ने कहा पिछले हफ्ते से, इन एजेंसियों की कार्रवाई तेज हो गई है। सबसे पहले, पत्रकारों के घरों पर छापे मारे गए और उनके मोबाइल फोन व लैपटॉप जब्त कर लिए गए, क्योंकि वे मोदी सरकार के कार्यकाल के दौरान बेरोजगारी बढ़ने को लेकर आवाज उठा रहे थे। इसके बाद अपनी आवाज उठाने के लिए कृषि भवन पहुंचीं टीएमसी की नेता महुआ मोइत्रा को दिल्ली पुलिस ने घसीटा। फिर (आम आदमी पार्टी के सांसद) संजय सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। भाजपा और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ‘इंडिया’ गठबंधन से घबरा गए हैं। वे जानते हैं कि वे 2024 का लोकसभा चुनाव ‘इंडिया’ गठबंधन से हार जाएंगे। उन्होंने गठबंधन के नेताओं को परेशान करने और उनकी आवाज को दबाने के लिए अपनी सभी एजेंसियों को तैनात कर दिया है।

दिल्ली पुलिस ने चीन के समर्थन में प्रचार करने के लिए धन लेने के आरोप में ‘न्यूजक्लिक’ पोर्टल के संस्थापक प्रबीर पुरकायस्थ और उसके मानव संसाधन विभाग के प्रमुख अमित चक्रवर्ती को गिरफ्तार कर लिया था। गिरफ्तारी से पहले पुलिस ने लगभग 50 स्थानों पर छापेमारी की और कठोर गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम (यूएपीए) के तहत दर्ज मामले के संबंध में कई पत्रकारों से पूछताछ की थी।

P20 summit : पी20 शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेगा भारत…

नई दिल्ली। लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने शुक्रवार को कहा कि भारत जी 20 देशों की संसद के पीठासीन अधिकारियों की आगामी बैठक पार्लियामेंट-20 के दौरान कनाडा के उच्च सदन सीनेट के स्पीकर के समक्ष सभी मुद्दे उठाएगा।

द्वारका में 12 से 14 अक्टूबर तक इंडिया इंटरनेशनल कन्वेंशन एंड एक्सपो सेंटर – यशोभूमि – में आयोजित होने वाले इस शिखर सम्मेलन में 25 पीठासीन अधिकारियों और जी 20 के सदस्य देशों और आमंत्रित देशों के 10 डिप्टी-स्पीकर के शामिल होने की उम्मीद है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 13 अक्टूबर को जी 20 पार्लियामेंट्री स्पीकर्स समिट (पी20) का उद्घाटन करेंगे।

पी20 शिखर सम्मेलन में कनाडा का प्रतिनिधित्व सीनेट के स्पीकर रेमोंडे गैग्ने करेंगे। जून में कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया में खालिस्तानी अलगाववादी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या कर दी गई थी, जिसके बाद कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने (कनाडा की) संसद में, इस हत्या से भारतीय एजेंटों का संबंध होने का आरोप लगाया था। ट्रूडो के यह आरोप लगाने के बाद दोनों देशों के बीच संबंधों में तनाव पैदा हो गया है।

बिरला से जब यह पूछा गया कि क्या कनाडा की संसद में भारत के खिलाफ आरोप लगाए जाने के मुद्दे को कनाडा (की संसद) के पीठासीन अधिकारी के समक्ष उठाया जाएगा, तो उन्होंने कहा हम सम्मेलन के लिए सूचीबद्ध मुद्दों पर चर्चा करेंगे। अन्य मुद्दों पर अनौचारिक रूप से बात की जाएगी। यह शिखर सम्मेलन तीन दिवसीय होगा। इसमें 350 से अधिक प्रतिनिधियों के शरीक होने की उम्मीद है।

चुनाव के ठीक पहले उदयपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पांच आरोपियो सहित 1.44 करोड रुपए किए बरामद

उदयपुर। गुरुवार को जिले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 1 करोड़ 44 लाख रुपए की हवाला राशि को बरामद किया. पुलिस ने मामले से संबधित 5 आरोपियों को डिटेन भी किया है. जिले के धान मंडी और हाथी पोल थाना पुलिस की टीम ने सयुक्त कार्रवाई करते हुए एक करोड़ 44 लाख 30 हजार रुपये की राशि बरामद की है. एसपी भुवन भूषण यादव से जानकारी देते हुए बताया कि आगामी विधानसभा चुनाव के चलते हवाला कारोबार पर कार्रवाई के लिए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेंद्र दादरवाल व सीओ चांदमल के सुपरविजन में सभी थाना अधिकारियों व डीएसटी प्रभारी को निर्देश जारी कर टीम गठित की गई है. गुरुवार को घंटाघर थाना क्षेत्र के मोती चोहटा स्थित करजाली हाउस और कोहिनूर अपार्टमेंट में हवाला कारोबारियो के छापा मारा।

दो चरणों में दिया गया कार्रवाई को अंजाम  

पहली कार्रवाई एसएचओ धान मंडी सुबोध जांगिड़ मय टीम द्वारा करजाली हाउस में महा सिल्वर ज्वैलर्स के फर्स्ट फ्लोर स्थित ऑफिस से 1 करोड़ 21 लाख 40 हजार रुपए जब्त किये. मौके से लाला भाई उर्फ अशोक भाई पुत्र रमन भाई निवासी जिला मेहसाणा गुजरात हाल अंबा माता उदयपुर, राजेंद्र उर्फ विपिन प्रजापत पुत्र ख्याली लाल निवासी दक्षिणी सुंदर वास प्रताप नगर, मिथुन भाई पुत्र भरत भाई निवासी मेहसाणा गुजरात हाल कृष्णा कॉम्प्लेक्स मोती चोहटा एवं राजेंद्र सिंह पुत्र डूंगर सिंह निवासी मावली उदयपुर को डिटेन किया गया. एसपी यादव ने बताया कि दूसरी कार्रवाई एसएचओ हाथी पोल लीलाराम मय टीम द्वारा कोहिनूर अपार्टमेंट मोती चोहटा में की गई. मौके से आरोपी नैनाराम पुत्र धर्माजी निवासी अट्टावाडा पालड़ी एम जिला सिरोही को डिटेन कर 22 लाख 90 हजार रुपए सन्दिग्ध राशि जप्त की गई.

Met Gala 2025: Bollywood Celebrities जिसने लूटी महफ़िल – शाहरुख, आलिया और भी कई सितारे ₹25,000 के अंदर बेस्ट Phones: Top 7 Smartphones with Best Features & Performance! महाशिवरात्रि 2025: जानिए पूजा विधि, मंत्र जाप और रहस्यमयी महत्व Naga Sadhu Facts: नागा साधुओं के बारे में 7 रोचक तथ्य: रहस्य, साधना और जीवनशैली Best Indoor Cat Breeds- सबसे अच्छी इनडोर बिल्लियाँ