Thursday, June 19, 2025
Home Blog Page 657

मिजोरम में 174 उम्मीदवारों ने दाखिल किया नामांकन…

आईजोल। मिजोरम में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए 16 महिलाओं समेत कुल 174 उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है। अधिकारियों ने बताया कि आज नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी और उम्मीदवारी वापस लेने की अंतिम तारीख 23 अक्टूबर है। सत्तारूढ़ मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ), विपक्षी जोरम पीपुल्स मूवमेंट (जेडपीएम) और कांग्रेस के सभी उम्मीदवारों ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया है।

अधिकारी ने कहा कि एमएनएफ ने राज्य विधानसभा की सभी 40 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे हैं, जिनमें 25 मौजूदा विधायक भी शामिल हैं। वहीं, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 23 उम्मीदवार, आम आदमी पार्टी (आप) के 4 उम्मीदवार और 27 निर्दलीय उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया है। मिजोरम में विधानसभा के लिए 7 नवंबर को मतदान होगा और मतों की गिनती 3 दिसंबर को होगी।

इससे पहले, 87 फीसदी ईसाई आबादी वाले मिजोरम में राजनीतिक दलों, चर्चों, सामाजिक संगठनों और छात्र निकायों ने चुनाव आयोग से मतगणना की तारीख को पुन: निर्धारित करने का आग्रह किया था, क्योंकि मतगणना की तारीख रविवार को पड़ रही है, जो ईसाइयों के लिए एक पवित्र दिन है। फिलहाल, निर्वाचन आयोग ने अभी तक इन अनुरोधों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। विधानसभा चुनाव में 4,38,925 महिला मतदाताओं सहित कुल 8,56,868 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए पात्र हैं।

ग्रेटर नोएडा में सड़क हादसा, 5 लोगों की मौत…

नोएडा। ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेस-वे पर शनिवार को अज्ञात वाहन की टक्कर में एक बच्चे समेत 5 लोगों की मौत हो गई। जानकारी के मुताबिक घटना का शिकार हुई मारुति ईकोवैन में सवार 3 अन्य यात्रियों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना में घायल तीनों नाबालिग हैं।

एक अधिकारी ने बताया कि घटना रबूपुरा थाना क्षेत्र अंतर्गत यमुना एक्सप्रेस-वे पर रात करीब 1 बजे हुई। पुलिस ने बताया कि ईकोवैन में 8 लोग सवार थे जो झारखंड के निवासी थे और अपने राज्य लौट रहे थे। जब उनकी कार यमुना एक्सप्रेस-वे के जीरो पॉइंट से 25 किलोमीटर दूर रबूपुरा थाना क्षेत्र में पहुंची, उसी समय उनकी कार को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। घटना में 5 यात्रियों की मौत हो गई जबकि घायल 3 लोगों का निजी अस्पताल में उपचार जारी है।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि ईकोवैन में झारखंड के पलामू जिला निवासी उपेंद्र बैठा (38) और उनका बेटा सूरज (16), उनके भाई विजेंद्र बैठा (36) और विजेंद्र की पत्नी कांति देवी (30), बेटी कुमारी ज्योति (12), बेटा आर्यन (10) और आयुष (आठ) तथा सुरेश बैठा (45) सवार थे।

Gaganyaan Mission : अंतरिक्ष यात्रा पर भारत, इसरो ने सफलतापूर्वक लॉन्च किया मिशन गगनयान…

आंध्र प्रदेश। महत्वाकांक्षी गगनयान मानव अंतरिक्ष उड़ान कार्यक्रम से जुड़े पेलोड के साथ उड़ान भरने वाले परीक्षण यान का शनिवार पूर्वाह्न 10 बजे सफल प्रक्षेपण किया गया।

रॉकेट का प्रक्षेपण पहले शनिवार सुबह 8 बजे के लिए निर्धारित था, लेकिन बाद में इसे 2 बार कुल 45 मिनट के लिए टाला गया।

इसरो प्रमुख एस. सोमनाथ ने बाद में बताया कि किसी विसंगति के कारण प्रक्षेपण तय कार्यक्रम के अनुसार नहीं हो सका। उन्होंने कहा कि टीवी-डी1 रॉकेट का इंजन तय प्रक्रिया के अनुसार चालू नहीं हो सका था।

इसके बाद इसरो ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर कहा प्रक्षेपण रोके जाने के कारण का पता लगा लिया गया है और उसे दुरुस्त कर दिया गया है। प्रक्षेपण आज पूर्वाह्न 10 बजे होगा।

2 घंटे की देरी और टीवी-डी1 इंजन के शुरुआत में तय प्रक्रिया के तहत चालू नहीं हो पाने के बाद पैदा हुई घबराहट के बीच इसरो के वैज्ञानिकों ने रॉकेट का सटीक प्रक्षेपण किया। यान के क्रू मॉड्यूल (जिसमें अंतरिक्ष यात्री सवार होंगे) एवं क्रू एस्केप (चालकदल बचाव प्रणाली) पृथक्करण का लक्ष्य हासिल करते ही श्रीहरिकोटा स्थित मिशन नियंत्रण केंद्र में सांसें थाम कर बैठे वैज्ञानिकों ने तालियां बजाकर इसका स्वागत किया।

इसरो ने घोषणा की कि टीवी-डी1 मिशन पूरी तरह सफल रहा। तय योजना के अनुसार पेलोड बाद में समुद्र में सुरक्षित तरीके से गिर गए।

इसरो ने एकल-चरण तरल प्रणोदक वाले रॉकेट के इस प्रक्षेपण के जरिये मानव को अंतरिक्ष में भेजने के अपने महत्वाकांक्षी कार्यक्रम गगनयान की दिशा में आगे कदम बढ़ाया। इसरो का लक्ष्य 3 दिवसीय गगनयान मिशन के लिए मानव को 400 किलोमीटर की पृथ्वी की निचली कक्षा में अंतरिक्ष में भेजना और पृथ्वी पर सुरक्षित वापस लाना है।

इसरो ने शुक्रवार को कहा था कि इस परीक्षण उड़ान की सफलता शेष परीक्षणों और मानवरहित मिशन के लिए आधार तैयार करेगी, जिससे पहला गगनयान कार्यक्रम शुरू होगा।

सीबीआई, आचार समिति के सवालों का जवाब देने के लिए तैयार महुआ मोइत्रा…

नई दिल्ली। तृणमूल कांग्रेस (TMC) की सांसद महुआ मोइत्रा ने शुक्रवार को कहा कि अगर एक नामी कारोबारी से पैसे लेने के आरोपों के संबंध में उन्हें बुलाया जाता है, तो वह केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) और संसद की आचार समिति के सवालों का जवाब देने के लिए तैयार हैं।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद निशिकांत दुबे द्वारा पश्चिम बंगाल के कृष्णानगर से लोकसभा सदस्य मोइत्रा पर संसद में प्रश्न पूछने के लिए एक कारोबारी से रुपये लेने का आरोप लगाने के बाद TMC सांसद विवादों में घिर गई हैं। दुबे ने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला से मोइत्रा के खिलाफ आरोपों की जांच के लिए जांच समिति गठित करने का आग्रह किया है।

मोइत्रा ने एक्स पर कहा अगर मुझे बुलाया जाता है, तो मैं CBI और आचार समिति (जिसमें भाजपा सदस्यों का पूर्ण बहुमत है) को सवालों के जवाब देने को तैयार हूं। मेरे पास अडाणी द्वारा निर्देशित मीडिया सर्कस ट्रायल या भाजपा के ट्रोल्स को जवाब देने के लिए न तो समय है और न ही दिलचस्पी है। मैं नदिया में दुर्गा पूजा मना रही हूं। शुभो षष्ठी।

रियल एस्टेट से लेकर ऊर्जा क्षेत्र में काम करने वाले समूह हीरानंदानी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) दर्शन हीरानंदानी ने गुरुवार को एक हस्ताक्षरित हलफनामे में कहा कि TMC नेता मोइत्रा ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बदनाम करने के लिए उद्योगपति गौतम अडाणी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि मोइत्रा का इरादा प्रधानमंत्री की छवि को खराब करना था, क्योंकि उनकी प्रतिष्ठा के कारण विपक्षी दलों को उन पर हमले का मौका नहीं मिलता।

आरोप लगा है कि हीरानंदानी समूह ने अडाणी समूह के बारे में संसद में सवाल पूछने के लिए मोइत्रा को कथित तौर पर धन का भुगतान किया था। लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने दुबे की शिकायत को आचार समिति को भेज दिया है, जिसने दुबे और वकील जय अनंत देहाद्रई को 26 अक्टूबर को मौखिक रूप से साक्ष्य दर्ज कराने के लिए बुलाया है। प्रारंभिक शिकायत दर्ज कराने वाले देहाद्रई, मोइत्रा के पूर्व साथी हैं और अपने पालतू कुत्ते को लेकर उनके बीच झगड़ा था। मोइत्रा ने पिछले 6 महीनों में देहाद्रई के खिलाफ पुलिस में कई शिकायतें दर्ज कराई हैं। उन्होंने यह भी कहा है कि मामला ठुकराए हुए पूर्व साथी की शिकायत पर आधारित है।

इस बीच देहाद्रई ने एक्स पर एक पोस्ट में आरोप लगाया कि मोइत्रा के पालतू कुत्ते हेनरी के बदले में उन पर CBI से अपनी शिकायत वापस लेने के लिए दबाव डालने का प्रयास किया गया। इस पोस्ट को दुबे ने रीपोस्ट किया था। देहाद्रई ने कहा कल दोपहर मुझे हेनरी के बदले में सीबीआई से अपनी शिकायत और निशिकांत दुबे को लिखे पत्र को वापस लेने के लिए दबाव बनाने का प्रयास किया गया। मैंने साफ इनकार कर दिया-मैं CBI को विवरण दूंगा। मैसेंजर पूरी तरह से निर्दोष है-लेकिन आपको उसके बारे में सब कुछ बताता है। दुबे ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि यह संसद को बचाने की लड़ाई है, न कि राजनीतिक लड़ाई।

दौसा में गरजी प्रियंका, लोगों से किया राजस्थान का रिवाज बदलने का आह्वान…

जयपुर। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी ने केंद्र में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए शुक्रवार को कहा कि इनका ध्यान जनता की भलाई पर नहीं, बल्कि किसी तरह सत्ता में बने रहने पर है। इनकी नीति बन गई है गरीबों से खींचना और बड़े-बड़े उद्योगपतियों को सींचना।

प्रियंका दौसा जिले के सिकराय में जनसभा को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा (राजस्थान में) जब इनकी (भाजपा की) सरकार थी, तो प्रदेश में इन्होंने कितनी योजनाएं दीं? ईआरसीपी का वादा क्यों नहीं पूरा किया अभी तक? … मसला साफ है, मोदी का ध्यान, भाजपा का ध्यान आपकी भलाई पर नहीं है… किस तरह से सत्ता में रहना है, किस तरह से अपने आप को मजबूत करना है… यही है उनका एक मात्र लक्ष्य और इसी पर उनका ध्यान है। इनकी नीति बन गई है। आप पिछले 10 साल में देखिए …नीति बन गई है, गरीबों से खींचना और बड़े-बड़े उद्योपतियों को सींचना। भाजपा के नेता अपने अहंकार और अपने मान-सम्मान को बढ़ाने तथा अपने उद्योगपति मित्रों के लिए काम कर रहे हैं।

उपस्थित लोगों से राजस्थान का रिवाज बदलने और दुबारा कांग्रेस को सत्ता में लाने का आह्वान करते हुए प्रियंका ने कहा कि राजस्थान में कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है। असली नेता वर्तमान और भविष्य की ओर देखता है, वह बार-बार अतीत की बात नहीं करता रहता। जनता का कल्याण ऐसी राजनीति से होगा, जो सेवा और करुणा भाव तथा जनता को सर्वोपरि रखने की राजनीति हो। पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना (ईआरसीपी) को लेकर भाजपा पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा भाजपा के नेता और प्रधानमंत्री से सिर्फ जुमलेबाजी होती है।

जनसभा में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा और पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट भी मौजूद थे। राजस्थान में विधानसभा चुनाव 25 नवंबर को होगा और मतगणना 3 दिसंबर को होगी।

राष्ट्रपति ने महाबोधि मंदिर में की पूजा-अर्चना…

बिहार। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को यहां बोधगया के महाबोधि मंदिर में पूजा-अर्चना की। राजभवन की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है राष्ट्रपति मुर्मू ने महाबोधि मंदिर में बुद्ध की प्रतिमा के समक्ष प्रार्थना की। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर भी इस दौरान वहां मौजूद थे।

जिला प्रशासन के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रपति मुर्मू गया हवाई अड्डा पहुंचने के तुरंत बाद 1,500 साल पुराना महाबोधि मंदिर गई।

दिन में राष्ट्रपति का राज्य की 3 दिवसीय यात्रा के अंतिम चरण में दक्षिण बिहार केंद्रीय विश्वविद्यालय, गया के तीसरे दीक्षांत समारोह में भाग लेने क कार्यक्रम है।

उनके दौरे के मद्देनजर गया में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गयी है।

राष्ट्रपति गुरुवार को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), पटना और महात्मा गांधी केंद्रीय विश्वविद्यालय, मोतिहारी के दीक्षांत समारोह में शामिल हुई।

उन्होंने बुधवार को अपने दौरे के पहले दिन पटना में बिहार के चौथे कृषि रोड मैप (2023-2028) का लोकार्पण किया। बाद में, उन्होंने उसी दिन पटना सिटी में श्री हरिमंदिर जी, पटना साहिब में मत्था टेका था।

दलाई लामा ने नहीं आएंगे सिक्किम-कर्नाटक, इसलिए की यात्रा रद्द…

धर्मशाला। तिब्बती धर्मगुरु दलाई लामा की नवंबर-दिसंबर में होने वाली सिक्किम और कर्नाटक की यात्रा उनके स्वास्थ्य के मद्देनजर चिकित्सकों की सलाह पर रद्द कर दी गई हैं।

उनके यहां स्थित कार्यालय ने शुक्रवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि हाल ही में दलाई लामा को फ्लू हो गया था।

चिकित्सकों के अनुसार, ये यात्राएं दलाई लामा के पूरी तरह से स्वस्थ होने में बाधा डाल सकती हैं। दलाई लामा के कार्यालय ने कहा दलाई लामा को हाल में हुई फ्लू की बीमारी के मद्देनजर उनके निजी चिकित्सकों ने सख्त सलाह दी है कि उनके लिए कोई भी यात्रा ठीक नहीं होगी और सबसे जरूरी बात यह है कि इससे उनके पूरी तरह स्वस्थ होने में बाधा आ सकती है।

इसने कहा हमने सावधानीपूर्वक विचार करने के बाद नवंबर 2023 में सिक्किम की यात्रा नहीं करने का फैसला किया है। वहीं, नवंबर के दूसरे पखवाड़े से दिसंबर 2023 के मध्य तक निर्धारित धर्मगुरु की दक्षिण भारत (बायलाकुप्पे और हुनसूर) की यात्रा को भी रद्द कर दिया गया है।

Bengaluru Metro : PM मोदी ने बेंगलुरु मेट्रो के 2 हिस्सों का किया उद्घाटन…

बेंगलुरु। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को कहा कि बेंगलुरु मेट्रो पर्पल लाइन के बैयप्पनहल्ली से कृष्णराजपुरा और केंगेरी से चल्लाघट्टा तक मेट्रो रेल सेवाओं से संपर्कता में सुधार होगा और लाखों यात्रियों को फायदा होगा। प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश के साहिबाबाद से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बेंगलुरु मेट्रो के पूर्व-पश्चिम गलियारे के 2 हिस्सों का लोकार्पण करने के बाद यह बात कही। प्रधानमंत्री ने साहिबाबाद में देश के पहले रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम (आरआरटीएस) गलियारे के 17 किलोमीटर लंबे प्राथमिकता खंड का उद्घाटन भी किया।

प्रधानमंत्री ने कहा बेंगलुरु मेट्रो रेल की 2 लाइनें कनेक्टिविटी में सुधार करेंगी। अनुमान है कि हर दिन 8 लाख लोग यात्रा करेंगे। मैं मेट्रो रेल लाइन के शुभारंभ पर कर्नाटक के लोगों को बधाई देता हूं। बेंगलुरु मेट्रो पर्पल लाइन पर बैयप्पनहल्ली से कृष्णराजपुरा और केंगेरी से चल्लाघट्टा मार्ग को औपचारिक उद्घाटन की प्रतीक्षा किए बिना, 9 अक्टूबर से सार्वजनिक सेवा के लिए खोल दिया गया था।

इसे मिलाकर, 66 स्टेशनों के साथ नम्मा मेट्रो की कुल परिचालन लंबाई बढ़कर 74 किमी हो गई है और दैनिक सवारियों की संख्या 7.5 लाख से अधिक हो गई है। नम्मा मेट्रो का उद्घाटन 12 साल पहले हुआ था और यह देश का दूसरा सबसे बड़ा मेट्रो नेटवर्क है। व्हाइटफील्ड (कडुगोडी) से चल्लाघट्टा तक पर्पल लाइन के बीच पूर्व-पश्चिम गलियारा अब कुल 43.49 किमी की लंबाई में फैला है जिसमें 37 स्टेशन शामिल हैं।

इस अवसर पर कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने कहा कि राज्य सरकार ने अपनी व्यापक गतिशीलता योजना (सीएमपी) में 2031 तक 317 किलोमीटर लंबे मेट्रो रेल नेटवर्क को मंजूरी दे दी है, जिसमें से 217 किलोमीटर लंबा मार्ग संचालन, निर्माण या योजना चरण में है। उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार के साथ मुख्यमंत्री ने कहा कि बेंगलुरु एक तेजी से बढ़ता हुआ शहर है और यातायात यहां एक बड़ी समस्या है।

Chhattisgarh Assembly Elections : जोगी कांग्रेस ने जारी की उम्मीदवारों की पहली सूची…

छत्तीसगढ़। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी द्वारा गठित पार्टी जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) ने विधानसभा चुनाव के लिए शुक्रवार को 16 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा की। पार्टी ने जिन सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों की सूची जारी की है उन सीटों पर अगले महीने 7 नवंबर को पहले चरण में मतदान होगा। JCC (जे) द्वारा जारी सूची में खैरागढ़ विधानसभा सीट भी शामिल है। इस सीट पर पार्टी ने 2018 के विधानसभा चुनाव में जीत हासिल की थी, लेकिन बाद में उपचुनाव में कांग्रेस से हार गई थी। JCC (जे) के अध्यक्ष अमित जोगी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपने हैंडल पर उम्मीदवारों की सूची साझा की है। अमित जोगी दिवंगत अजीत जोगी के पुत्र हैं। इन 16 सीटों में से 8 अनुसूचित जनजाति और 1 अनुसूचित जाति वर्ग के लिए आरक्षित है।

छत्तीसगढ़ की 90 सदस्यीय विधानसभा के लिए 7 और 17 नवंबर को 2 चरणों में मतदान होना है। पहले चरण के लिए नामांकन दाखिल करने का शुक्रवार को आखिरी दिन है। पहले चरण में 20 सीटों पर मतदान होगा। शेष 70 सीटों पर 17 नवंबर को मतदान होगा। JCC (जे) ने खैरागढ़ सीट से लक्की कुंवर नेताम को चुनाव मैदान में उतारा है। 2018 में इस सीट पर JCC (जे) के देवव्रत सिंह ने जीत हासिल की थी। 3 बार कांग्रेस विधायक रहे सिंह अजीत जोगी के करीबी थे। जब जोगी ने नई पार्टी का गठन किया तब देवव्रत सिंह ने कांग्रेस छोड़ दी और खैरागढ़ से JCC (जे) के टिकट पर 2018 का चुनाव लड़ा था। नवंबर 2021 में दिल का दौरा पड़ने से उनकी मृत्यु हो गई।

पिछले साल अप्रैल में हुए उपचुनाव में कांग्रेस ने इस सीट पर जीत हासिल की थी। कांग्रेस ने इस सीट से वर्तमान विधायक यशोदा वर्मा को फिर से मैदान में उतारा है। वहीं भाजपा ने एक युवा चेहरे, राजनांदगांव जिला पंचायत के उपाध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री रमन सिंह के रिश्तेदार विक्रांत सिंह को चुनाव मैदान में उतारा है। सूची के अनुसार, JCC (जे) के अन्य उम्मीदवार रवि चंद्रवंशी (पंडरिया सीट), सुनील केशरवानी (कवर्धा), लोकनाथ भारती (डोंगरगढ़-एससी), शमशुल आलम (राजनांदगांव), मुकेश साहू (डोंगरगांव), विनोद पुराम (खुज्जी), नागेश पुराम (मोहला-मानपुर-एसटी), शंकर नेताम (कोंडागांव-एसटी), बलिराम कचलाम (नारायणपुर-एसटी), सोनसाय कश्यप (बस्तर-एसटी), नवनीत चांद (जगदलपुर), भरत कश्यप (चित्रकोट-एसटी), बेला तेलाम (दंतेवाड़ा-एसटी), रामधर जुर्री (बीजापुर-एसटी) और देवेंद्र तेलाम (कोंटा-एसटी) हैं। इस सूची में किसी भी महिला उम्मीदवार को शामिल नहीं किया गया है। पार्टी ने बस्तर क्षेत्र की 4 सीटों पर उम्मीदवार नहीं उतारे हैं जहां पहले चरण में मतदान होना है।

JCC (जे) ने पिछला चुनाव बहुजन समाज पार्टी के साथ गठबंधन कर लड़ा था। इस गठबंधन ने 7 सीटें जीती थी। हाशिए पर जा चुकी यह पार्टी इस बार राजनीतिक रूप से प्रासंगिक बने रहने के लिए संघर्ष कर रही है। अमित जोगी ने एक साक्षात्कार में कहा था कि उनकी पार्टी गठबंधन के लिए सर्व आदिवासी समाज (SAS) और गोंडवाना गणतंत्र पार्टी (GGP) से संपर्क कर रही है। हालांकि पार्टी ने अभी तक किसी भी संगठन के साथ गठबंधन नहीं किया है। मायावती के नेतृत्व वाली बसपा ने GGP के साथ गठबंधन किया है। 2020 में अजीत जोगी की मृत्यु के बाद से JCC (जे) संकट में है। वर्ष 2000 से 2003 तक राज्य में कांग्रेस सरकार का नेतृत्व करने वाले अजीत जोगी ने कांग्रेस से अलग होने के बाद 2016 में JCC (जे) का गठन किया था। इस पार्टी ने 2018 का विधानसभा चुनाव बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के साथ गठबंधन में लड़ा था। हालांकि JCC (जे) चुनाव परिणाम को प्रभावित नहीं कर सकी, लेकिन पारंपरिक रूप से भाजपा और कांग्रेस के प्रभुत्व वाले राज्य की राजनीति में अपनी पैठ बनाने में सफल रही।

पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस लंबे अंतराल के बाद सत्ता में लौटी। पार्टी ने कुल 90 में से 68 सीटें जीतीं, जबकि भाजपा 15 सीटों पर दूसरे स्थान पर रही। JCC (जे) को 5 और उसकी सहयोगी बसपा को 2 सीटें मिलीं थी। पिछले चुनाव में JCC (जे) का वोट शेयर 7.6 प्रतिशत था और 5 सीटें उसने जीती थीं। यह छत्तीसगढ़ में किसी क्षेत्रीय पार्टी का पहला बेहतर प्रदर्शन था। अजीत जोगी और देवव्रत सिंह की मृत्यु के बाद हुए उपचुनावों में JCC (जे) 2 विधानसभा क्षेत्रों मरवाही और खैरागढ़ में हार गई थी। वहीं पार्टी ने 2 अन्य विधायकों धर्मजीत सिंह और प्रमोद शर्मा को निष्कासित कर दिया है। अब कोटा सीट का प्रतिनिधित्व करने वाली अजीत जोगी की पत्नी रेणु जोगी पार्टी की एकमात्र विधायक हैं।

Gaganyaan Mission : कल से शुरु होगी गगनयान यात्रा…

आंध्रप्रदेश। शनिवार को एकल-चरण तरल रॉकेट के प्रक्षेपण के जरिये पहले क्रू मॉड्यूल परीक्षण के साथ ही ISRO अपने महत्वाकांक्षी मानव अंतरिक्ष उड़ान कार्यक्रम गगनयान की यात्रा को रफ्तार देगा। यह परीक्षण अंतरिक्ष यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए यहां अंतरिक्ष एजेंसी द्वारा किया जाएगा।

भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) का लक्ष्य 3 दिवसीय गगनयान मिशन के लिए मनुष्यों को 400 किलोमीटर की पृथ्वी की निचली कक्षा में अंतरिक्ष में भेजना और उन्हें सुरक्षित रूप से पृथ्वी पर वापस लाना है। ISRO के अन्य मिशन से इतर अंतरिक्ष एजेंसी अपने परीक्षण वाहन एकल चरण वाले तरल रॉकेट (टीवी-डी1) के सफल प्रक्षेपण का प्रयास करेगी, जिसे 21 अक्टूबर को सुबह 8 बजे इस स्पेसपोर्ट के पहले लॉन्च पैड से उड़ान भरने के लिए निर्धारित किया गया है।

इस क्रू मॉड्यूल के साथ परीक्षण वाहन मिशन समग्र गगनयान कार्यक्रम के लिए एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है क्योंकि उड़ान परीक्षण के लिए लगभग पूरी प्रणाली एकीकृत है। इस परीक्षण उड़ान की सफलता शेष योग्यता परीक्षणों और मानवरहित मिशनों के लिए मंच तैयार करेगी, जिससे भारतीय अंतरिक्ष यात्रियों के साथ पहला गगनयान कार्यक्रम शुरू होगा, जिसके 2025 में अमल में आने की उम्मीद है। इसमें क्रू इंटरफेस, जीवन रक्षक प्रणाली, वैमानिकी और गति में कमी से जुड़ी प्रणाली (डिसेलेरेशन सिस्टम) मौजूद हैं। नीचे आने से लेकर उतरने तक के दौरान चालक दल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इसे पुन: प्रवेश के लिए भी डिजाइन किया गया है।

चेन्नई से लगभग 135 किलोमीटर पूर्व में स्थित श्रीहरिकोटा में प्रक्षेपण परिसर में एकीकृत किए जाने से पहले क्रू मॉड्यूल को ISRO केंद्रों में विभिन्न परीक्षण से गुजरना पड़ा। शनिवार को संपूर्ण परीक्षण उड़ान कार्यक्रम संक्षिप्त होने की उम्मीद है क्योंकि टेस्ट व्हीकल एबॉर्ट मिशन (टीवी-डी1) क्रू एस्केप सिस्टम और क्रू मॉड्यूल को 17 किमी की ऊंचाई पर प्रक्षेपित करेगा, जिसके श्रीहरिकोटा के पूर्वी तट से लगभग 10 किलोमीटर दूर समुद्र में सुरक्षित उतरने की उम्मीद है। बाद में बंगाल की खाड़ी से नौसेना द्वारा इन्हें खोज कर निकाला जाएगा।

Met Gala 2025: Bollywood Celebrities जिसने लूटी महफ़िल – शाहरुख, आलिया और भी कई सितारे ₹25,000 के अंदर बेस्ट Phones: Top 7 Smartphones with Best Features & Performance! महाशिवरात्रि 2025: जानिए पूजा विधि, मंत्र जाप और रहस्यमयी महत्व Naga Sadhu Facts: नागा साधुओं के बारे में 7 रोचक तथ्य: रहस्य, साधना और जीवनशैली Best Indoor Cat Breeds- सबसे अच्छी इनडोर बिल्लियाँ