Friday, June 20, 2025
Home Blog Page 655

तमिल अभिनेत्री ने छोड़ी भाजपा, धोखाधड़ी का लगाया आरोप…

चेन्नई। जानी मानी तमिल अभिनेत्री गौतमी तडिमल्ला ने सोमवार को कहा कि वह भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के साथ अपना 25 साल का नाता तोड़ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अन्य लोगों के अलावा पार्टी के एक वर्ग ने उस व्यक्ति का समर्थन किया जिसने उनके साथ धोखाधड़ी की थी।

तडिमल्ला ने अपने सोशल मीडिया मंच एक्स में अपने अकाउंट पर अपलोड किए गए एक बयान में कहा कि पार्टी ने राज्य में 2021 के विधानसभा चुनावों में टिकट देने का आश्वासन अंतिम मिनट में रद्द कर दिया, इसके बावजूद वह भाजपा के लिए प्रतिबद्ध रहीं। भारी मन और निराशा के साथ पार्टी से इस्तीफा देने का फैसला किया है। उन्होंने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा और पार्टी की तमिलनाडु इकाई के प्रमुख के. अन्नामलाई सहित अन्य लोगों को टैग किया है।

तडिमल्ला ने आरोप लगाया एक विशेष व्यक्ति ने मेरे पैसे, संपत्ति और दस्तावेजों की धोखाधड़ी की। मुझे पार्टी और नेताओं से तो कोई समर्थन नहीं मिला, बल्कि मुझे यह पता चला है कि उनमें से कई लोग सक्रिय रूप से उसी व्यक्ति की मदद और समर्थन कर रहे हैं, जिसने मेरे विश्वास को धोखा दिया और मेरे जीवन की कमाई की धोखाधड़ी की। उन्होंने एक बार फिर बताया कि उन्होंने इस धोखाधड़ी के बारे में पुलिस में शिकायत की थी। उन्हें न्याय सुनिश्चित करने के लिए मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन और न्यायिक प्रणाली से उम्मीद है।

गौतमी ने कहा कि उन्हें 2021 के चुनावों के दौरान राजपलायम निर्वाचन क्षेत्र के विकास की जिम्मेदारी सौंपी गई थी और वह आश्वस्त थीं कि उन्हें वहां से चुनाव मैदान में उतारा जाएगा, जिसके बाद उन्होंने खुद को जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत करने के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा हालांकि, चुनाव लड़ने का यह आश्वासन अंतिम समय में रद्द कर दिया गया। इसके बावजूद, मैंने पार्टी के प्रति अपनी प्रतिबद्धता बरकरार रखी। उन्होंने खेद व्यक्त किया कि संगठन में 25 साल की सेवा के बाद भी कोई समर्थन नहीं मिला। तडिमल्ला के अनुसार, पार्टी के कई वरिष्ठ सदस्य उस व्यक्ति को सक्षम बना रहे थे जिसने उन्हें धोखा देकर न्याय को चकमा दिया और प्राथमिकी दर्ज होने के बाद भी पिछले 40 दिनों से फरार है। उन्होंने कहा कि वह बड़ी पीड़ा और दुख में है लेकिन बहुत दृढ़ संकल्प के साथ इस्तीफा पत्र लिख रही हैं।

PM ने पूर्व उपराष्ट्रपति भैरों सिंह शेखावत को उनकी 100वीं जयंती पर अर्पित की श्रद्धांजलि…

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को पूर्व उपराष्ट्रपति भैरों सिंह शेखावत को उनकी 100वीं जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि भारत उनके अनुकरणीय नेतृत्व और प्रगति की दिशा में किए गए प्रयासों के लिए हमेशा आभारी रहेगा।

मोदी ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा आज बहुत ही खास दिन है। आज आदरणीय राजनेता भैरों सिंह शेखावत की 100वीं जयंती है।

भारत हमेशा उनके अनुकरणीय नेतृत्व और हमारे देश की प्रगति की दिशा में किए गए प्रयासों के लिए उनका आभारी रहेगा। प्रधानमंत्री ने राजनीतिक और वैचारिक मतभेदों के बावजूद शेखावत को सभी दलों से मिले सम्मान को भी याद किया।

मोदी ने उनके साथ अपनी पुरानी तस्वीरें साझा करते हुए कहा कि वह ऐसे व्यक्ति थे जिन्हें सभी राजनीतिक दलों के और हर क्षेत्र के लोग पसंद करते थे। शेखावत राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पहले मुख्यमंत्री थे और उन्हें पश्चिमी राज्य में पार्टी को प्रमुखता से खड़ा करने का श्रेय दिया जाता है। वह 2002 में देश के उपराष्ट्रपति बने थे। राजस्थान में 25 नवंबर को विधानसभा चुनाव के तहत मतदान होना है।

Chhattisgarh Assembly Elections : AAP ने जारी की 12 उम्मीदवारों की चौथी सूची…

रायपुर। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली आम आदमी पार्टी (आप) ने रविवार देर रात छत्तीसगढ़ में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए 12 उम्मीदवारों की चौथी सूची जारी की। राज्य में 7 और 17 नवंबर को 2 चरणों में मतदान होगा।

आप द्वारा सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट की गई सूची में अधिकतर उम्मीदवार जिला कमेटी के पदाधिकारी हैं और कुछ उम्मीदवार अन्य राजनीतिक दलों से आप में शामिल हुए हैं। पार्टी ने लिखा है घोषणा। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2023 के लिए उम्मीदवारों की चौथी सूची आ गई है। सभी उम्मीदवारों को शुभकामनाएं। इस बार चलेगी झाड़ू। पार्टी ने जिन 12 सीटों पर उम्मीदवारों की सूची जारी की है उनमें से 6 अनुसूचित जनजाति (एसटी) वर्ग के उम्मीदवार के लिए और 1 अनुसूचित जाति वर्ग के लिए आरक्षित हैं। आप ने छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव 2018 में पहली बार अपनी किस्मत आजमाई थी और कुल 90 सीटों में से 85 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे। लेकिन सफलता नहीं मिली थी। 2018 के चुनावों में आप का कोई भी उम्मीदवार अपनी जमानत बचाने में भी सफल नहीं हुआ था।

आम आदमी पार्टी ने इस चुनाव में सभी 90 सीटों पर उम्मीदवार उतारने का फैसला किया है। पार्टी ने अभी तक कुल 45 उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है। राज्य में पार्टी के मीडिया विभाग के सदस्य अनुपम सिंह ने बताया कि पार्टी ने जिन उम्मीदवारों की सूची जारी की है उनमें ज्यादातर जिला इकाई के पदाधिकारी शामिल हैं। वहीं कुछ उम्मीदवार ऐसे हैं जो पहले भाजपा, शिवसेना के कार्यकर्ता थे। सूची में सामरी (एसटी) से पूर्व जनपद सदस्य देव गणेश टेकाम, लुंड्रा (एसटी) से पूर्व शिक्षक अलेक्जेंडर, सीतापुर (एसटी) से समाजसेवी मुन्ना टोप्पो, जशपुर (एसटी) से प्रकाश टोप्पो, रायगढ़ से मारवाड़ी समाज के सचिव गोपाल बापूड़िया, पाली तानाखार (एसटी) से सोबराम सिंह सैमा, जांजगीर चांपा से पूर्व शिक्षक परमेश्वर प्रसाद सांडे, खल्लारी से नीलम ध्रुव, बलौदाबाजार से संतोष यादव, रायपुर उत्तर से विजय गुरूबक्षाणी, आरंग (एससी) से प्रमोद जांगड़े और बिंद्रानवागढ़ (एसटी) से भागीरथ मांझी शामिल हैं।

छत्तीसगढ़ में 2 दलों कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी के बीच ही मुख्य मुकाबला होता आया है। राज्य में 2018 के चुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री अजीत जोगी की पार्टी जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने गठबंधन कर चुनाव लड़ा था। गठबंधन को 7 सीटें मिली थी। 2018 के चुनाव में कांग्रेस को 68 और भाजपा को 15 सीटें मिली थीं। राज्य में वर्तमान में कांग्रेस के 71 विधायक हैं। राज्य में इस वर्ष होने वाले चुनाव में आप बेहतर स्थान हासिल करने की कोशिश में है क्योंकि 2020 में अजीत जोगी की मृत्यु के बाद जेसीसी (जे) लगभग हाशिये पर चली गई है। राज्य के सत्ताधारी दल कांग्रेस ने सभी 90 सीटों पर और मुख्य विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी ने अभी तक 86 सीटों के लिए उम्मीदवारों की सूची जारी कर दी है।

दशहरा देखना है, तो इन 5 जगहों पर बनाएं घूमने का प्लान…

दशहरा हर साल अश्विन माह के शुक्ल पक्ष की दशमी तिथि को मनाया जाता है। इस साल यह पर्व 24 अक्टूबर को मनाया जाएगा। इस पर्व को मनाने के पीछे कई मान्यताएं है। पौराणिक कथा के अनुसार, मां दुर्गा ने इस दिन राक्षषों को नष्ट किया था, इसलिए शारदीय नवरात्र के दसवें दिन यह उत्सव मनाया जाता है। भारत में लोग बहुत ही धूमधाम से दशहरा का पर्व मनाते हैं। इस दिन रावण के पुतले का दहन किया जाता है। देश में दूर-दूर से लोग दशहरा का जश्न देखने आते हैं। तो चलिए जानते हैं कि भारत के कौन-से शहर दशहरे के लिए मशहूर हैं।

कोटा

राजस्थान के कोटा में दशहरा हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। यहां दशहरे का आयोजन 25 दिनों तक लगातार होता है, इस मेले की शुरुआत 125 वर्ष पूर्व महाराज भीमसिंह द्वितीय ने की थी। यह परंपरा आज तक निभाई जा रही है। इस दिन यहां रावण, मेघनाद और कुंभकरण का पुतला दहन किया जाता है। इसके साथ ही भजन कीर्तन और कई प्रकार की प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाती हैं, इसलिए यह मेला देशभर में फेमस है।

कोलकाता

नवरात्र की पूजा हो या दशहरा, ये पर्व कोलकाता में बहुत ही धूमधाम से मनाया जाता है। दशहरा के दौरान इस शहर को पंडालों से सजाया जाता है। जिसमें मां दुर्गा के लिए खास स्थान बनाया जाता है, जहां उनकी प्रतिमा स्थापित की जाती है। महिलाएं साड़ी पहनती हैं और दशहरे के दिन एक-दूसरे को सिंदूर लगाती हैं।

कुल्लू 

कुल्लू में दशहरा का उत्सव कई दिनों तक चलता है। यहां इस खास मौके पर जुलूस भी निकाला जाता है। जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्घालुओं की भीड़ होती है और वो अपने सिर पर देवी-देवताओं को रखकर ले जाते हैं। कुल्लु में दशहरा उत्सव के दौरान भारी मेला भी लगता है, जहां कुल्लु की संस्कृति को आप देख सकते हैं।

दिल्ली

दशहरा उत्सव के लिए दिल्ली को बहुत ही खूबसूरत तरीके से सजाया जाता है। यहां विजयादशमी के अवसर पर कई जगहों पर राम लीला का आयोजन होता है। अगर आप दिल्ली शहर में है और दशहरा देखना चाहते हैं, तो सुभाष मैदान आपके लिए अच्छा ऑप्शन हो सकता है।

पंजाब

पंजाब में भी दशहरा बहुत ही धूमधाम से मनाया जाता है। विजादशमी के दिन रावण के पुतले का दहन किया जाता है। यहां दशहरे पर भव्य मेला लगता है, जिसमें मिठाइयों की दुकान आकर्षण का मुख्य केंद्र होती हैं। अगर आप भी इस दशहरे पर घूमने का प्लान बना रहे हैं, तो पंजाब का दशहरा देखने जा सकते हैं।

उपराष्ट्रपति ने शेखावत को दी श्रद्धांजलि…

नई दिल्ली। उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने सोमवार को पूर्व उपराष्ट्रपति भैरों सिंह शेखावत को उनकी 100वीं जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें किसान हितैषी राजनीति का पुरोधा करार दिया और कहा कि वह सभी के लिए प्रेरणा स्रोत बने रहेंगे।

धनखड़ ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर एक पोस्ट में कहा राजस्थान के सिंह, बाबोसा और लोगों में प्यार से भैरों बाबा के नाम से प्रसिद्ध पूर्व उपराष्ट्रपति स्व. भैरों सिंह शेखावत की जन्म शताब्दी पर उन्हें कोटिशः नमन! एक कृषक परिवार में जन्मे बाबोसा ने अपना जीवन देश और प्रदेश की जनता की सेवा में समर्पित कर दिया। वे किसान हितैषी राजनीति के पुरोधा थे। उन्होंने कहा भैरों सिंह ने देश की राजनीति में एक नया आदर्श स्थापित किया, वे सदा सदा के लिए हम सभी के प्रेरणा स्रोत बने रहेंगे!

शेखावत राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पहले मुख्यमंत्री थे और उन्हें पश्चिमी राज्य में पार्टी को प्रमुखता से खड़ा करने का श्रेय दिया जाता है। वह 2002 में देश के उपराष्ट्रपति बने थे। राजस्थान के लोग उन्हें बाबोसा के नाम से पुकारते थे।

Wagh Bakri Chai : वाघ बकरी चाय के मालिक पराग देसाई का निधन, जानें मौत की वजह…

गुजरात। वाघ बकरी ब्रांड की चाय के एग्जिक्यूटिव डायरेक्टर पराग देसाई का 22 अक्टूबर को निधन हो गया। वह 49 साल के थे।

मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, 15 अक्टूबर को पराग देसाई मॉर्निग वॉक के लिए निकले थे, उस दौरान एक स्ट्रीट डॉग ने उन पर हमला कर दिया। खुद को बचाने के चक्कर में वह फिसलकर गिर गए थे और उन्हें ब्रेन हेमरेज हो गाया था। हमले के बाद देसाई शेल्बी अस्पताल ले जाया गया था। इसके बाद उन्हें सर्जरी के लिए जायडस हॉस्पिटल में शिफ्ट किया गया। 22 अक्टूबर को देसाई की मृत्यु हो गई।

अमेरिका में लॉन्ग आइलैंड यूनिवर्सिटी से एमबीए करने वाले देसाई समूह के लिए सेल्स, मार्केटिंग और एक्सपोर्ट्स का काम देखते थे। इसके अलावा वह एक विशेषज्ञ चाय चखने वाले और मूल्यांकनकर्ता थे। देसाई ने टी लाउंज और ई-कॉमर्स में समूह के परिवर्तन का भी नेतृत्व किया। इसके अलावा, वह भारतीय उद्योग परिसंघ (CII) और अंतरराष्ट्रीय संगठनों जैसे उद्योग मंचों पर भी सक्रिय थे। बता दें पराग देसाई, रसेस देसाई के बेटे हैं। वह प्रीमियम चाय कंपनी के चौथी पीढ़ी के उद्यमी थे।

पराग देसाई 1995 में वाघ बकरी चाय के साथ जुड़े थे। उस दौरान कंपनी का कुल कारोबार 100 करोड़ रुपये से भी कम था। लेकिन आज के समय में कंपनी का सालाना टर्न ओवर 2000 करोड़ रुपये को पार हो चुका है।

टिकट नहीं मिलने से नाराज भाजपा नेता-कार्यकर्ता, कई शहरों में किया प्रदर्शन…

जयपुर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ओर से जारी उम्मीदवारों की दूसरी सूची में अपना नाम नहीं शामिल किये जाने से नाराज पार्टी के स्थानीय नेताओं और उनके समर्थकों ने रविवार को जयपुर, चित्तौड़गढ़, उदयपुर, राजसमंद, कोटा सहित अन्य जिलों में विरोध प्रदर्शन किया। नाराज पार्टी के स्थानीय नेताओं और उनके समर्थकों ने राजसमंद में पार्टी के जिला कार्यालय में फर्नीचर को कथित तौर पर क्षतिग्रस्त कर दिया और टायरों के साथ सड़क पर चुनाव अभियान से संबंधित सामग्री जला दी।

भाजपा की प्रदेश अनुशासन समिति ने राजसमंद में तोड़फोड़ करने व हिंसक प्रदर्शन के लिये उकसा कर अनुशासन भंग करने के आरोप में पार्टी के 4 सदस्यों को तत्काल प्रभाव से पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया। समिति के अध्यक्ष ओंकार सिंह लखावत की ओर से राजसमंद जिला अध्यक्ष को जारी पत्र में अजय प्रजापत, देवी लाल जटीया, हिम्मत कुमावत, मुकेश शर्मा को जांच के दौरान भाजपा से निलंबित कर दिया है। पुलिस ने कहा कि इस संबंध में अभी तक कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है। कार्यकर्ता कथित तौर पर दीप्ति माहेश्वरी की उम्मीदवारी का विरोध कर रहे थे। पार्टी द्वारा उम्मीदवारों की दूसरी सूची जारी करने के बाद असंतुष्ट नेताओं के समर्थकों ने चित्तौड़गढ़, उदयपुर, कोटा, जयपुर, अलवर, बूंदी में भी विरोध प्रदर्शन किया और पुतले जलाए। इसी तरह का विरोध तब देखने को मिला था जब पार्टी ने अपने उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी।

राजसमंद में भाजपा के 3 स्थानीय दावेदार दिनेश बडाला, गणेश पालीवाल और महेंद्र कोठारी सुबह समर्थकों के साथ भाजपा कार्यालय पहुंचे। समर्थकों ने कथित तौर पर ‘दीप्ति माहेश्वरी मुर्दाबाद’ के नारे लगाए और पार्टी कार्यालय में फर्नीचर को नुकसान पहुंचाया। राजसमंद में पार्टी कार्यालय में समर्थकों द्वारा कुर्सियां उठाकर फेंकने का एक कथित वीडियो वायरल हो गया है। राजसमंद पुलिस उपाधीक्षक पार्थ शर्मा ने कहा कि इस संबंध में कोई मामला दर्ज नहीं किया गया है और लोगों को शांत करा दिया गया है। इस बीच, उदयपुर से टिकट के दावेदार उपमहापौर पारस सिंघवी ने भी टिकट नहीं मिलने पर विरोध जताया। उन्होंने पूर्व विधायक और वर्तमान असम के राज्यपाल गुलाब चंद कटारिया पर उदयपुर की राजनीति में दखल देने का आरोप लगाया। सिंघवी ने चेतावनी दी कि अगर पार्टी ने अपना फैसला नहीं बदला तो उसे ‘गंभीर परिणाम’ भुगतने होंगे।

भाजपा के मौजूदा विधायक चंद्रभान सिंह आक्या को पार्टी द्वारा चित्तौड़गढ़ सीट से टिकट नहीं दिए जाने के बाद उनके समर्थकों ने रविवार को एक बार फिर प्रदर्शन किया। उन्होंने कथित तौर पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सी.पी. जोशी का पुतला जलाया और पार्टी से फैसले पर पुनर्विचार करने और स्थानीय उम्मीदवार को मैदान में उतारने की मांग की। आक्या आरोप लगाया कि जोशी की उनसे पुरानी रंजिश है,इसलिए टिकट काटा गया। आक्या ने 2013 और 2018 में 2 बार इस सीट का प्रतिनिधित्व किया। पार्टी ने पूर्व उपराष्ट्रपति और 5 बार के विधायक भैरों सिंह शेखावत के दामाद नरपत सिंह राजवी को चित्तौड़गढ़ सीट से मैदान में उतारने का फैसला किया है। पार्टी ने अपनी पहली सूची में उन्हें उनकी वर्तमान विद्याधर नगर सीट से टिकट नहीं दिया और उनकी जगह राजसमंद से भाजपा सांसद दीया कुमारी को टिकट दिया। जोशी ने संवाददाताओं से कहा निर्णय सामूहिक रूप से लिए जाते हैं न कि किसी व्यक्ति विशेष द्वारा। मैं कह सकता हूं कि जिस तरह के उम्मीदवारों की सूची सामने आई है, उससे लोगों में उत्साह है और भाजपा के प्रति विश्वास है। यह पूछे जाने पर कि क्या नाराजगी दूर हो जाएगी, जोशी ने कहा कि सभी लोग मिलकर काम करेंगे क्योंकि वे परिवार का हिस्सा हैं।

विपक्ष के नेता राजेंद्र राठौड़ ने कहा कि सभी फैसले सामूहिक रूप से लिए जाते हैं और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष ने किसी से पुरानी दुश्मनी नहीं निकाली है। राठौड़ ने कहा यह आलाकमान का फैसला है। विधायक (चंद्रभान सिंह) से बात करने और उन्हें समझाने की कोशिश की गई है। वह समझ जाएंगे। जयपुर के सांगानेर से मौजूदा विधायक अशोक लाहोटी की जगह पार्टी के प्रदेश महासचिव भजनलाल शर्मा को टिकट दिए जाने पर उनके समर्थकों ने पार्टी कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया और टायर जलाए। समर्थकों ने कहा कि क्षेत्र में बाहरी लोगों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जायेगा। कोटा दक्षिण में, विकास शर्मा के समर्थकों ने तलवंडी चौराहे पर प्रदर्शन किया और कथित तौर पर सीट से संदीप शर्मा की उम्मीदवारी के खिलाफ नारे लगाए। वहीं, अलवर शहर में संजय शर्मा को टिकट मिलने के बाद उनके विरोधियों ने कथित तौर पर उनके खिलाफ प्रदर्शन किया और नारेबाजी की और पुतला जलाया। बूंदी में भाजपा के अशोक डोगरा की उम्मीदवारी के खिलाफ नए चेहरे को टिकट देने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया गया। उन्होंने 3 बार इस सीट का प्रतिनिधित्व किया है।

राजस्थान में कुल 200 विधानसभा सीटें हैं और अब तक भाजपा 124 उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है। पार्टी ने पहली सूची में 41 उम्मीदवारों की घोषणा की थी। पहली सूची जारी होने के बाद पार्टी के टिकट से वंचित कई भाजपा नेताओं ने अपनी नाराजगी व्यक्त की थी। राज्य की सभी सीटों पर 25 नवंबर को मतदान होगा, जबकि मतों की गिनती 3 दिसंबर को होगी।

ICC World Cup : भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर दर्ज की लगातार पांचवीं जीत…

धर्मशाला। मोहम्मद शमी के 5 विकेट के बाद विराट कोहली के बड़े अर्धशतक से भारत ने रविवार को यहां आईसीसी विश्व कप मैच में न्यूजीलैंड को 4 विकेट से हराकर लगातार पांचवीं जीत दर्ज की और सेमीफाइनल में जगह बनाने का दावा मजबूत किया। इस जीत से भारत ने 5 मैचों में 5 जीत से 10 अंक के साथ शीर्ष पर अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। न्यूजीलैंड 5 मैच में 4 जीत से 8 अंक के साथ दूसरे स्थान पर है।

न्यूजीलैंड के 274 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने कोहली (104 गेंद में 95 रन, 8 चौके, 2 छक्के) की श्रेयस अय्यर (33) के साथ तीसरे विकेट की 52, लोकेश राहुल (27) के साथ चौथे विकेट की 54 और रविंद्र जडेजा (44 गेंद में नाबाद 39) के साथ छठे विकेट की 78 रन की साझेदारी से 48 ओवर में 6 विकेट पर 274 रन बनाकर जीत दर्ज की। कप्तान रोहित शर्मा ने भी (46) रन की उम्दा पारी खेली। न्यूजीलैंड की तरफ से लॉकी फर्ग्युसन ने 63 रन देकर 2 विकेट चटकाए। मिशेल सेंटनर ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 37 रन देकर 1 विकेट हासिल किया लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।

मिशेल ने इससे पहले 127 गेंद में 5 छक्कों और 9 चौकों की मदद से 130 रन की पारी खेलने के अलावा रचिन रविंद्र (75 रन, 87 गेंद, 6 चौके, 1 छक्का) के साथ तीसरे विकेट के लिए 159 रन जोड़े लेकिन इसके बावजूद टीम 50 ओवर में 273 रन पर आउट हो गई। मिशेल और रविंद्र की साझेदारी इस मैदान पर किसी भी विकेट की सबसे बड़ी साझेदारी है। इन दोनों ही बल्लेबाजों को भारतीय क्षेत्ररक्षकों ने जीवनदान भी दिया। भारत के लिए शमी सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 54 रन देकर करियर में तीसरी बार 5 विकेट चटकाए। बाएं हाथ के स्पिनर कुलदीप यादव महंगे साबित हुए। उन्होंने 73 रन देकर 2 विकेट हासिल किए। मोहम्मद सिराज (45 रन पर 1 विकेट) और जसप्रीत बुमराह (45 रन पर 1 विकेट) ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 1-1 विकेट अपने नाम किया। न्यूजीलैंड के बल्लेबाज पूरे टूर्नामेंट के दौरान पहली बार दबाव में दिखे। टीम अंतिम 13 ओवर में भारत की सटीक गेंदबाजी के सामने 68 रन ही बना सकी।

विश्व कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ 10 मैच में यह भारत की चौथी जीत है जबकि 5 मैच में उसे हार का सामना करना पड़ा है। 1 मैच बेनतीजा रहा। भारत ने न्यूजीलैंड को विश्व कप में पिछली बार 20 साल पहले 2003 में सेंचुरियन में हराया था। लक्ष्य का पीछा करने उतरे भारत को रोहित शर्मा (46) और शुभमन गिल (26) की जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 71 रन जोड़कर अच्छी शुरुआत दिलाई। रोहित शुरू से ही अच्छी लय में दिखे। उन्होंने ट्रेंट बोल्ट पर चौके से खाता खोलने के बाद उनकी और मैट हेनरी की गेंद को दर्शकों के बीच पहुंचाया। गिल ने सतर्क शुरुआत के बाद बोल्ट और हेनरी पर 2-2 चौके मारे और आठवें ओवर में टीम का स्कोर 50 रन के पार पहुंचाया। रोहित ने हेनरी और सेंटनर पर छक्के मारे लेकिन लॉकी फर्ग्युसन की पहली ही गेंद को विकेटों पर खेल गए। उन्होंने 40 गेंद का सामना करते हुए 4 छक्के और इतने ही चौके मारे।

गिल भी फर्ग्युसन के अगले ओवर में थर्ड मैन पर मिशेल को कैच दे बैठे। वह इस पारी के दौरान एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सबसे तेजी से 2000 रन बनाने वाले खिलाड़ी बन गए। गिल ने 38 पारियों में यह मुकाम हासिल किया और दक्षिण अफ्रीका के हाशिम अमला का रिकॉर्ड तोड़ा जिन्होंने 40 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की थी। विराट कोहली और श्रेयस अय्यर ने इसके बाद पारी को आगे बढ़ाया। अय्यर ने फर्ग्युसन पर 2 चौकों के साथ शुरुआत की और फिर उन पर 1 और चौके के साथ 15.4 ओवर में भारत के रनों का शतक पूरा किया जिसके बाद घने कोहरे के कारण लगभग 15 मिनट तक खेल रुका रहा। मैच दोबारा शुरू होने पर कोहली ने फर्ग्युसन पर 2 चौके मारे। अय्यर ने भी रविंद्र का स्वागत चौके के साथ किया लेकिन बोल्ट की बाउंसर को डीप स्क्वायर लेग में कॉनवे के हाथों में खेल गए। उन्होंने 29 गेंद में 6 चौकों से 33 रन बनाए।

कोहली को इसके बाद राहुल के रूप में 1 और उम्दा जोड़ीदार मिला। राहुल ने फर्ग्युसन पर चौके से खाता खोला और फिर रविंद्र पर भी चौका मारा। कोहली ने भी रविंद्र पर छक्का जड़ा। सेंटनर ने राहुल को पगबाधा करके इस साझेदारी को तोड़ा। सेंटनर की विश्वसनीय अपील को अंपायर ने ठुकरा दिया था लेकिन डीआरएस लेने पर फैसला गेंदबाज के पक्ष में गया। कोहली ने सेंटनर की गेंद पर 1 रन के साथ 60 गेंद में अर्धशतक पूरा किया। सूर्यकुमार यादव (02) इसके बाद कोहली के साथ गलतफहमी का शिकार होकर रन आउट हुए जिससे भारत का स्कोर 5 विकेट पर 191 रन हो गया। जडेजा ने फर्ग्युसन पर लगातार 2 चौके के साथ खाता खोला और 36वें ओवर में टीम के रनों का दोहरा शतक पूरा किया।

भारत को अंतिम 10 ओवर में जीत के लिए 49 रन की दरकार थी। जडेजा ने रविंद्र जबकि कोहली ने बोल्ट पर छक्के के साथ भारत की लक्ष्य तक पहुंचने की राह आसान की। भारत हालांकि जब जीत से सिर्फ 5 रन दूर था तब कोहली हेनरी की गेंद पर छक्का लगाने की कोशिश में ग्लेन फिलिप्स को कैच दे बैठे। जडेजा ने हेनरी पर चौके के साथ भारत की जीत सुनिश्चित की। इससे पहले रोहित ने टॉस जीतकर न्यूजीलैंड को पहले बल्लेबाजी का निमंत्रण दिया जिसके बाद गेंदबाजों ने नौवें ओवर में 19 रन तक ही दोनों सलामी बल्लेबाजों डेवोन कॉनवे (00) और विल यंग (17) को पवेलियन भेज दिया। कॉनवे सिराज की गेंद को फारवर्ड शॉर्ट लेग पर श्रेयस अय्यर के हाथों में खेल गए जबकि बुमराह पर 2 चौके जड़ने के बाद यंग ने शमी की गेंद को विकेटों पर खेल दिया। रविंद्र और मिशेल ने इसके बाद पारी को संभाला। दोनों ने रन गति में इजाफा किया। रविंद्र ने शमी पर 2 चौके मारे लेकिन 12 रन के निजी स्कोर पर भाग्यशाली रहे जब इस तेज गेंदबाज की गेंद पर रविंद्र जडेजा ने प्वाइंट पर उनका कैच टपका दिया।

मिशेल ने 13वें ओवर में शमी पर चौके के साथ टीम का स्कोर 50 रन के पार पहुंचाया। रविंद्र और मिशेल दोनों ने 19वें ओवर में कुलदीप यादव पर छक्के जड़े। टीम के रनों का शतक 21वें ओवर में पूरा हुआ। रविंद्र ने कुलदीप की गेंद पर 1 रन के साथ 56 गेंद में अर्धशतक पूरा किया जबकि मिशेल ने सिराज पर 1 रन के साथ 60 गेंद में 50 रन के आंकड़े को छुआ। सिराज ने 61 रन के स्कोर पर रविंद्र को पगबाधा किया लेकिन डीआरएस का सहारा लेने पर फैसला बल्लेबाज के पक्ष में गया क्योंकि गेंद लेग साइड के बाहर पिच हुई थी। मिशेल को भी 69 रन के स्कोर पर जीवनदान मिला जब कुलदीप की गेंद पर लांग ऑफ पर बुमराह ने उनका आसान कैच टपका दिया और गेंद 4 रन के लिए चली गई। रविंद्र हालांकि अगले ओवर में शमी की गेंद पर लांग ऑन पर गिल को कैच दे बैठे जिससे शतकीय साझेदारी का अंत हुआ। न्यूजीलैंड के रनों का दोहरा शतक 37वें ओवर में पूरा हुआ लेकिन कुलदीप ने इसी ओवर में कप्तान टॉम लैथम (05) को पगबाधा करके भारत को चौथी सफलता दिलाई।

मिशेल ने बुमराह की गेंद पर 1 रन के साथ 100 गेंद अपना पांचवां शतक पूरा किया। ग्लेन फिलिप्स ने 44वें ओवर में सिराज पर छक्के के साथ 40 गेंद के बाउंड्री के सूखे को खत्म किया लेकिन कुलदीप के अगले ओवर में गेंद को हवा में लहराकर रोहित को आसान कैच दे बैठे। उन्होंने 23 रन बनाए। मार्क चैपमैन (06) भी बुमराह की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में बाउंड्री पर कोहली को कैच दे बैठे जबकि शमी ने सटीक यॉर्कर पर मिशेल सेंटनर (01) का ऑफ स्टंप उखाड़ने के बाद अगली गेंद पर मैट हेनरी (00) का लेग स्टंप उखाड़ा। मिशेल ने अंतिम ओवर में शमी की लगातार गेंदों पर छक्का और चौका मारा लेकिन फिर कोहली को कैच दे बैठे। पारी की अंतिम गेंद पर लॉकी फर्ग्युसन (01) रन आउट हुए।

कांग्रेस की दूसरी सूची जारी, 5 मौजूदा निर्दलीय विधायकों के नाम शामिल…

जयपुर। कांग्रेस ने 25 नवंबर को होने वाले राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए रविवार को 43 उम्मीदवारों की अपनी दूसरी सूची जारी की। सूची के मुताबिक पार्टी ने पूर्व मुख्य सचिव निरंजन आर्य को सोजत (एससी) सीट से मैदान में उतारा है।

सूची में 35 मौजूदा विधायक के नाम शामिल हैं जिनमें अशोक गहलोत के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार के 15 मंत्री और 2020 में राजनीतिक संकट के दौरान गहलोत सरकार का समर्थन करने वाले 5 मौजूदा निर्दलीय विधायक भी हैं। सूची में 3 महिला उम्मीदवारों को भी जगह मिली है। राज्य में 2020 के सियासी संकट के दौरान पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट से बगावत करने वाले 2 मंत्रियों के नाम भी इस सूची में हैं। 3 महिला उम्मीदवारों में मंत्री शकुंतला रावत, नसीम अख्तर इंसाफ और सुशीला डूडी शामिल हैं। पार्टी ने नोखा सीट से सुशीला डूडी को टिकट दिया है जो पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामेश्वर डूडी की पत्नी हैं। रामेश्वर डूडी का गुरुग्राम के एक अस्पताल में इलाज चल रहा है।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर पोस्ट किया ‘राजस्थान विधानसभा चुनाव 2023 हेतु कांग्रेस की केंद्रीय चुनाव समिति द्वारा नामित समस्त उम्मीदवारों को हार्दिक शुभकामनाएं।’ उन्होंने कहा ‘कांग्रेस के वर्तमान कार्यकाल में जारी बचत, राहत, बढ़त की स्कीमों से मिली 4 गुना तेज तरक्की को 10 गुना तेज करने के लिए अथक परिश्रम व जनाशीष प्राप्त करना आवश्यक है। कांग्रेस परिवार के समस्त कनिष्ठ, वरिष्ठ व समकक्ष साथियों से अनुरोध है कि नंबर-1 राजस्थान की संकल्पना को मूर्त रूप प्रदान करने हेतु अपने-अपने क्षेत्रों में कांग्रेस की विजय सुनिश्चित करें।’

राज्य के मंत्री गोविंद राम मेघवाल को खाजूवाला (अनुसूचित जाति) से और बी. डी. कल्ला को बीकानेर पश्चिम से मैदान में उतारा गया है। उच्च शिक्षा राज्य मंत्री राजेंद्र सिंह यादव को कोटपूतली सीट से मैदान में उतारा गया है। सूची में अन्य मंत्रियों में झुंझुनू से बृजेंद्र सिंह ओला, सिविल लाइंस से प्रताप सिंह खाचरियावास, बानसूर से शकुंतला रावत, डीग-कुम्हेर से विश्वेंद्र सिंह, वैर से भजन लाल जाटव, दौसा से मुरारी लाल मीणा, लालसोट से परसादी लाल मीणा शामिल हैं। सांचौर से सुखराम विश्नोई, बांसवाड़ा से अर्जुन लाल बामनिया, निंबाहेड़ा से उदय लाल आंजना, मांडल से रामलाल जाट और अंता से प्रमोद जैन भाया को किस्मत आजमाने का मौका दिया गया है। राजनीतिक संकट के दौरान कांग्रेस सरकार के साथ खड़े रहे मौजूदा 5 निर्दलीय विधायकों लक्ष्मण मीणा, बाबूलाल नागर, खुशवीर सिंह, संयम लोढ़ा और ओमप्रकाश हुड़ला को कांग्रेस ने अब अपने चुनाव चिह्न पर मैदान में उतारा है। कांग्रेस ने 2018 में चुनाव हारने वाले 4 उम्मीदवारों नसीम अख्तर इंसाफ, पुष्कर लाल डांगी, रघुवीर सिंह और नानालाल निनामा को फिर से मौका दिया है।

पार्टी ने अब तक राजस्थान चुनाव के लिए 76 उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। शनिवार को 33 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी। 2 सूचियों में 20 मंत्रियों को मौका दिया गया है, लेकिन गहलोत सरकार में शहरी विकास मंत्री शांति धारीवाल, जलदाय मंत्री महेश जोशी के नाम पर अभी भी विचार चल रहा है, जिन्हें आलाकमान के आदेशों का पालन नहीं करने पर कारण बताओ नोटिस दिया गया था। 2022 में पार्टी के व्हिप के खिलाफ जाकर मंत्री शांति धारीवाल और महेश जोशी ने मंत्री प्रताप सिंह खारचरियावास के साथ धारीवाल के आवास पर मुख्यमंत्री के चेहरे के रूप में गहलोत का समर्थन करने वाले विधायकों के साथ बैठक की थी। राजस्थान की 200 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव 25 नवंबर को होंगे और नतीजे 3 दिसंबर को घोषित किए जाएंगे।

नेपाल में हिली धरती…

नेपाल। नेपाल की राजधानी काठमांडू में रविवार को 6.1 तीव्रता का भूकंप आया। राष्ट्रीय भूकंप निगरानी और अनुसंधान केंद्र के अनुसार,सुबह 7 बजकर 39 मिनट पर आए भूकंप का केंद्र धाडिंग जिले में था।

इस भूकंप के किसी के हताहत होने की जानकारी नहीं है। भूकंप के झटके बागमती और गंडकी प्रांतों में भी महसूस किए गए।

नेपाल में अक्सर भूकंप आते रहते हैं। दरअसल नेपाल उस पर्वत श्रृंखला पर स्थित है जहां तिब्बती और भारतीय टेक्टोनिक प्लेट मिलती हैं और ये हर सदी एक-दूसरे के तकरीबन 2 मीटर पास खिसकती हैं जिसके परिणामस्वरूप दबाव उत्पन्न होता है और भूकंप आते हैं।

इससे पहले नेपाल के सुदूरपश्चिम प्रांत में 16 अक्टूबर को 4.8 तीव्रता का भूकंप आया था। नेपाल में 2015 में 7.8 तीव्रता के भूकंप और उसके बाद आए झटकों के कारण लगभग 9,000 लोगों की मौत हो गई थी।

Met Gala 2025: Bollywood Celebrities जिसने लूटी महफ़िल – शाहरुख, आलिया और भी कई सितारे ₹25,000 के अंदर बेस्ट Phones: Top 7 Smartphones with Best Features & Performance! महाशिवरात्रि 2025: जानिए पूजा विधि, मंत्र जाप और रहस्यमयी महत्व Naga Sadhu Facts: नागा साधुओं के बारे में 7 रोचक तथ्य: रहस्य, साधना और जीवनशैली Best Indoor Cat Breeds- सबसे अच्छी इनडोर बिल्लियाँ