Friday, June 20, 2025
Home Blog Page 653

‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’ स्थापना दिवस पर सबने छत्तीसगढ़ को बताया सर्वश्रेष्ठ

रायपुर। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को छत्तीसगढ़ राज्य के स्थापना दिवस की बधाई देते हुए कहा कि राज्य की संस्कृति को समृद्ध बनाने में आदिवासी समुदायों का बहुत ही अहम योगदान रहा है। राज्य के स्थापना दिवस पर छत्तीसगढ़ के राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन और मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी लोगों को शुभकामनाएं दीं। राज्य मध्य प्रदेश से अलग होकर एक नवंबर 2000 को अस्तित्व में आया। छत्तीसगढ़ सरकार ने राज्य स्थापना दिवस पर अपने सभी कार्यालयों और संस्थानों में छुट्टी की घोषणा की है।

इस वर्ष स्थापना दिवस पर कोई सांस्कृतिक या अन्य समारोह आयोजित नहीं किया जा रहा है। राज्य में हो रहे विधानसभा चुनाव के लिए आदर्श आचार संहिता लागू है। राज्य में सात और 17 नवंबर को दो चरणों में मतदान होगा।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अपने शुभकामना संदेश में कहा है कि राज्य की संस्कृति को समृद्ध बनाने में हमारे आदिवासी समुदायों का बहुत ही अहम योगदान रहा है। सोशल मीडिया हैंडल ‘एक्स’ पर प्रधानमंत्री ने पोस्ट किया, ‘‘छत्तीसगढ़ के अपने सभी भाइयों और बहनों को राज्य के स्थापना दिवस की ढेरों शुभकामनाएं। यहां के लोगों की जीवंतता इसे एक विशेष राज्य बनाती है। इस राज्य की संस्कृति को समृद्ध बनाने में हमारे आदिवासी समुदायों का बहुत ही अहम योगदान है। प्रदेश की गौरवशाली परंपरा और सांस्कृतिक विरासत हर किसी को अपनी ओर आकर्षित करती है। मैं प्राकृतिक और सांस्कृतिक वैभव से परिपूर्ण छत्तीसगढ़ के उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूं।’’

वहीं, राज्यपाल विश्वभूषण हरिचंदन ने अपने बधाई संदेश में कहा है कि राज्य स्थापना के बाद छत्तीसगढ़ हर वर्ष विकास के नये आयाम गढ़ रहा है। राज्यपाल ने प्रदेशवासियों से आह्वान किया है कि छत्तीसगढ़ राज्य के लिए सभी ने मिलकर जो सपने देखे हैं, उसे पूर्ण करने के लिए एकजुट होकर कार्य करें और प्रदेश और देश की प्रगति में सहभागी बनें। राज्य के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने छत्तीसगढ़ी भाषा में राज्य की जनता को बधाई दी है। बघेल ने अपने पोस्ट में लिखा है, ‘‘छत्तीसगढ़ महतारी के जम्मो लइका, सियान, दाई-दीदी, बहिनी अऊ युवा मन ल 24वां राज्य स्थापना दिवस के गाड़ा-गाड़ा बधई अऊ शुभकामना। (छत्तीसगढ़ के सभी बच्चे, बुजुर्ग, माता-बहन और युवाओं को 24वें राज्य स्थापना दिवस की बधाई।)’’

बघेल ने लिखा, ‘‘हमारे पूर्वजों ने समृद्ध छत्तीसगढ़ का सपना देखा था और उसे हासिल करने के संकल्प के साथ संघर्ष किया, हम उनके दिखाए रास्ते पर चल रहे हैं और पांच साल में हर छत्तीसगढ़िया के जीवन में बदलाव लाने के लिए काम किया है।’’

बघेल ने कहा है, ‘‘आज छत्तीसगढ़ के साथ-साथ पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश, कर्नाटक, केरल, आंध्र प्रदेश और केंद्र शासित प्रदेश लक्षद्वीप अपना स्थापना दिवस मना रहे हैं।’’ उन्होंने कहा, ‘‘इस अवसर पर, मैं इन राज्यों के लोगों को शुभकामनाएं देता हूं।’’

केरल ब्लास्ट : धमाका करने वाला मार्टिन है शार्प माइंडेड और दमदार प्लानिंग करने वाला !

कोच्चि। केरल में ईसाइयों की धार्मिक सभा में हुए विस्फोटों की जिम्मेदारी लेने वाले डोमिनिक मार्टिन को जांच अधिकारियों ने बहुत ही तेज दिमाग का व्यक्ति बताया है जो खाड़ी देश में शानदार नौकरी में था। विस्फोटों के बाद मार्टिन ने पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण कर दिया था। आरोपी ने खाड़ी में एक अच्छी नौकरी छोड़ दी थी जिस पर कई लोगों ने सवाल उठाया था। पुलिस ने आत्मसमर्पण के बाद सोमवार को औपचारिक रूप से मार्टिन की गिरफ्तारी दर्ज की थी। वहीं, विशेष जांच दल (एसआईटी) मंगलवार को उसे यहां अलुवा के पास अथानी स्थित उसके आवास पर ले गया। एसआईटी को इस स्थान पर विस्फोटक उपरकरणों को इकट्ठा किए जाने का संदेह था।

मार्टिन ने इस दौरान विस्फोटक निर्माण प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया। उसने उन सामग्री के बारे में भी जानकारी दी जिन्हें विस्फोट में इस्तेमाल किया गया था। प्रार्थना सभा में हुए इन धमाकों में तीन लोगों की मृत्यु और 50 से अधिक लोग घायल हो गए थे। एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, मार्टिन ने रविवार को आत्मसमर्पण के बाद खरीदे गए समान के बिल भी प्रस्तुत किए। इससे उसके खिलाफ मामला और मजबूत हो गया। इसमें विस्फोटक बनाने के लिए खरीदे गए पेट्रोल का बिल भी था।

असाधारण बुद्धि के मालिक और बहुत ही मेहनती मार्टिन के ऐसी घटना को अंजाम देने के लिए ऊंची तनख्वाह वाली विदेशी नौकरी को छोड़ने के फैसने ने अधिकारियों को भी हैरान कर दिया। इलेक्ट्रोनिक्स का उसे बहुत अच्छा ज्ञान है। मार्टिन को मंगलवार को अदालत में पेश किया गया। इस दौरान उसका चेहरा ढका हुआ था।

पुलिस ने अदालत को बताया कि वह बुधवार को मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट के समक्ष शिनाख्त परेड के लिए एक आवेदन दायर करेगी और उसके बाद मार्टिन की हिरासत की मांग करेगी। अदालत ने आरोपी को कई बार कहा कि वह कानूनी सहायता ले, लेकिन उसने इससे इनकार किया और कहा कि वह अपने मामले की पैरवी खुद करेगा। उसके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 302 (हत्या के लिए सजा) तथा विस्फोटक कानून की धारा तीन के साथ-साथ अवैध गतिविधि रोकथाम अधिनियम (यूएपीए) के प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है।

ये विस्फोट कोच्चि के पास कलमश्शेरी में एक ‘कन्वेंशन सेंटर’ में किए गए थे जहां रविवार को यहोवा के साक्षी समुदाय के लिए एक प्रार्थना सभा आयोजित की गई थी। ‘यहोवा के साक्षी एक ईसाई धार्मिक संप्रदाय है, जिसकी उत्पत्ति 19 वीं शताब्दी में अमेरिका में हुई थी। आत्मसमर्पण करने से पहले उसने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उसने विस्फोटों को अंजाम देने के कारण बताए। विभिन्न टीवी चैनलों पर प्रसारित वीडियो में व्यक्ति ने दावा किया कि उसने यह निर्णय इसलिए लिया क्योंकि संगठन की शिक्षाएं देशद्रोही थीं।

मार्टिन ने दावा किया कि यहोवा के साक्षी और उसकी विचारधारा देश के लिए खतरनाक थी और इसलिए राज्य में इसकी उपस्थिति समाप्त करनी होगी। उसने संगठन को अपनी शिक्षाओं को सुधारने के लिए कहा था, लेकिन वह ऐसा करने के लिए तैयार नहीं था। मार्टिन ने कहा, इसके अलावा मेरे पास कोई अन्य विकल्प नहीं था, इसलिए मैंने यह निर्णय लिया।

जब तक आरक्षण नहीं देंगे, पीछे नहीं हटूंगा, प्राण त्याग दूंगा

छत्रपति संभाजीनगर। कार्यकर्ता मनोज जरांगे ने बुधवार को दोहराया कि अगर मराठा समुदाय को आरक्षण देने की उनकी मांग महाराष्ट्र सरकार ने पूरी नहीं की तो वे बुधवार शाम से पानी पीना बंद कर देंगे। जालना जिले के अंतरवाली सराटी गांव में 25 अक्टूबर से अनशन कर रहे जरांगे ने संवाददाताओं से कहा कि सभी दलों के नेताओं को महाराष्ट्र सरकार से राज्य विधानमंडल का विशेष सत्र बुलाने और मराठा समुदाय को आरक्षण देने के लिए कहना चाहिए।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने राज्य के कुछ हिस्सों में हिंसक रूप ले चुके मराठा आरक्षण आंदोलन के बीच राज्य की स्थिति पर चर्चा करने के लिए बुधवार को मुंबई में एक सर्वदलीय बैठक बुलाई है। मुख्यमंत्री कार्यालय के एक अधिकारी ने पूर्व में कहा कि शिंदे स्थिति से निपटने के लिए सरकार की योजनाओं के बारे में विपक्षी नेताओं को अवगत कराएंगे और उनका समर्थन मांगेंगे।

जरांगे ने कहा, सभी दलों के नेता जो मुंबई में हैं, उन्हें राज्य सरकार से राज्य विधानमंडल का विशेष सत्र बुलाने और मराठा आरक्षण की घोषणा करने के लिए कहना चाहिए। अगर ऐसा नहीं किया गया, तो मैं बुधवार शाम से पानी पीना छोड़ दूंगा। आंदोलन बंद नहीं होगा और शांतिपूर्ण तरीके से जारी रहेगा।

उन्होंने यह भी कहा कि कुछ मराठा आरक्षण आंदोलनकारियों को हिंसा प्रभावित बीड जिले के केज में पुलिस ने हिरासत में लिया था, लेकिन अब उन्हें रिहा कर दिया गया है।

जरांगे ने कहा, नेताओं को अब इस मुद्दे पर नहीं बोलना चाहिए। वे हमसे मीठी-मीठी बातें करते हैं लेकिन आंदोलनकारियों के खिलाफ मामले दर्ज करते हैं। यही कारण है कि भाजपा का पतन हो रहा है। कार्यकर्ता ने कहा कि मराठा आरक्षण की मांग को लेकर हिंसा के बाद बीड और जालना में इंटरनेट सेवाएं निलंबित किए जाने से लोग गुस्से में हैं।

जरांगे ने सरकार में नेताओं पर निशाना साधते हुए दावा किया, आप मराठा युवाओं का करियर बर्बाद कर रहे हैं। लेकिन आपका करियर बर्बाद करना मराठा समुदाय के हाथ में है।

महाराष्ट्र सरकार ने मंगलवार को एक आदेश प्रकाशित किया जिसमें संबंधित अधिकारियों से मराठा समुदाय के सदस्यों को नए कुनबी जाति प्रमाणपत्र जारी करने के लिए कहा गया, जिससे कि उनके लिए ओबीसी श्रेणी के तहत आरक्षण लाभ प्राप्त करने का मार्ग प्रशस्त हो सके।

हे राम ! 4.61 लाख सड़क हादसों में बुझ गए एक लाख हजार परिवारों के चिराग, सरकार रोकें इन सबको

नई दिल्ली। ये खबर सबको चिंता में डालने वाली है। क्योंकि ये सीधे आपके घर, आपके अपनों और खासकर उन लोगों से जुड़ी हैं जो रोजाना घर से कार या दुपहिया वाहनों में सवार हाेकर निकलते हैं। आपको उनकी यही चिंता सताती है कि वे सुरक्षित घर लौट आएं। लेकिन सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की रिपोर्ट बताती है कि हमारे देश में सड़क हादसों की स्थिति न केवल चिंताजनक है, बल्कि भयानक भी है। रिपोर्ट के के अनुसार वर्ष 2022 में कुल 4 लाख 61 हजार 312 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 1 लाख 68 हजार 491 लोगों की जान चली गई, जबकि 4 लाख 43 हजार 366 लोग घायल हो गए।

मंत्रालय की तरफ से जारी भारत में सड़क दुर्घटनाएं-2022 शीर्षक वाली यह रिपोर्ट कहती है कि सालाना आधार पर सड़क हादसों की संख्या में 11.9 प्रतिशत की वृद्धि हुई और उनसे होने वाली मृत्यु की दर 9.4 प्रतिशत बढ़ी। हादसों में घायल होने वाले लोगों की संख्या में 15.3 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई। रिपोर्ट के अनुसार देश में 2022 में कुल 4,61,312 सड़क हादसे हुए, जिनमें से 1,51,997 यानी 32.9 प्रतिशत हादसे एक्सप्रेस-वे एवं राष्ट्रीय राजमार्गों (एनएच) पर हुए। वहीं 1,06,682 यानी 23.1 प्रतिशत हादसे राज्य राजमार्गों जबकि 2,02,633 यानी 43.9 प्रतिशत हादसे अन्य सड़कों पर हुए।

रिपोर्ट के मुताबिक, साल 2022 में सड़क हादसों में कुल 1,68,491 लोगों की मौत हो गई। इनमें से 61,038 यानी 36.2 प्रतिशत लोगों की जान राष्ट्रीय राजमार्गों पर हुए हादसों, 41,012 यानी 24.3 प्रतिशत की मौत राज्य राजमार्गों पर और 66,441 यानी 39.4 प्रतिशत लोगों की जान अन्य सड़क हादसों में गई। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की यह वार्षिक रिपोर्ट राज्यों/ केंद्रशासित प्रदेशों के पुलिस विभागों से प्राप्त डाटा/ जानकारी पर आधारित है। यह जानकारी एशिया-प्रशांत सड़क दुर्घटना डेटा (एपीआरएडी) आधार परियोजना के तहत एशिया व प्रशांत क्षेत्र के लिए संयुक्त राष्ट्र आर्थिक एवं सामाजिक आयोग (यूएनईएससीएपी) द्वारा मानकीकृत प्रारूपों में जुटाई जाती है।

टाेंक में नामांकन के बाद बोले पायलट, चुने हुए विधायक और हाईकमान तय करेंगे कौन बनेगा मुख्यमंत्री

टोंक। कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने मंगलवार को टोंक विधानसभा सीट से अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन से पहले पायलट ने शक्ति प्रदर्शन दिखाया। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री पद पर फैसला चुनाव के बाद होगा। पायलट ने कहा कि कांग्रेस को जीत मिली तो चुने हुए विधायक और हाईकमान मिलकर तय करेंगे कि राजस्थान का मुख्यमंत्री कौन होगा। पायलट ने मुख्यमंत्री पद को लेकर अपनी बात ऐसे समय पर कही, जब राज्य के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने चुनाव के बीच कई बार इशारा किया कि जीत मिलने पर फिर वही प्रदेश में कमान संभालेंगे। नामांकन से पहले पायलट ने टोंक में रोड शो किया। बड़ी संख्या में समर्थकों के साथ नामांकन करने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने मीडिया से भी बातचीत की और इस बात को खारिज किया कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के साथ उनका कोई मतभेद या मनभेद है।

पायलट ने कहा कि हमारा (अशोक गहलोत और सचिन पायलट) कोई गुट नहीं है। हम सोनिया गांधी, राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खरगे के साथ मिलकर काम कर रहे हैं। हमारी पार्टी में चेहरे की घोषणा की परंपरा नहीं है। अभी हम सबका ध्यान होना चाहिए चुनाव जीतने के लिए। कांग्रेस नेता ने नामांकन दाखिल करने से पहले भूतेश्वर महादेव मंदिर में जाकर पूजा-अर्चना की। नामांकन दाखिल करने के बाद पायलट ने कांग्रेस की जीत की उम्मीद जाहिर की। उन्होंने कहा कि यह जनता का चुनाव है और माहौल कांग्रेस के पक्ष में है। भाजपा की कार्यप्रणाली लोग देख चुके हैं। केंद्र सरकार का काम देख चुके हैं। राजस्थान में ईडी की छापेमारी को लेकर पायलट ने कहा कि हार के डर से केंद्रीय एजेंसियों का दुरुपयोग किया जा रहा है। राजस्थान में सभी 200 विधानसभा सीटों पर 25 नवंबर को मतदान होगा और 3 दिसंबर को नतीजे घोषित होंगे।

ED पर भड़कीं आतिशी, बोलीं- दिल्ली के CM केजरीवाल को भी गिरफ्तार करने का इरादा, विपक्ष में सबका नम्बर आएगा!

नई दिल्ली। दिल्ली शराब घोटाले में सोमवार को सुप्रीम कोर्ट ने मनीष सिसोदिया की जमानत अर्जी खारिज कर दी। फैसले के कुछ घंटे बाद ED ने समन जारी कर दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को पूछताछ के लिए 2 नवंबर को बुलाया। इस सूचना के सार्वजिनक होने के बाद मंगलवार को केजरीवाल सरकार में मंत्री आतिशी ने दावा किया कि पूछताछ के बाद ईडी मुख्यमंत्री केजरीवाल को गिरफ्तार कर सकती है। उनके बाद इंडिया गठबंधन के दूसरे नेता भी गिरफ्तार होंगे। अगला नंबर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, बिहार के डिप्टी सीएम तेजस्वी यादव, केरल के सीएम पी. विजयन, तमिलनाडु के सीएम एमके स्टालिन और बंगाल की सीएम ममता बनर्जी का है। आतिशी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को केजरीवाल से डर लगता है। भाजपा को पता है कि वह चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) को नहीं हरा सकती है। इसलिए उनके सीनियर नेताओं को एक-एक कर जेल में डाला जा रहा है। इसके अलावा वे इंडिया गठबंधन के उन नेताओं को भी टारगेट कर रहे जो राजनीतिक रूप से उन्हें मजबूत दिख रहे हैं।

New Delhi: Delhi Lt. Governor VK Saxena and Chief Minister Arvind Kejriwal flag off 400 new electric buses during a ceremony at IP Depot, in New Delhi, Tuesday, Sept. 5, 2023.(PTI Photo/Shahbaz Khan)(PTI09_05_2023_000056B)

भाजपा का पलटवार, इतना बड़ा घोटाला बिना केजरीवाल के संभव नहीं

आतिशी के बयान के बाद पूर्व मंत्री और भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने आप के उन सभी आरोपों को खारिज किया, जिसमें सीएम अरविंद केजरीवाल का करियर खत्म करने की बात कही गई। उन्होंने कहा कि आप केजरीवाल के नेतृत्व वाली पार्टी है। उनकी पार्टी खुद को भ्रष्टाचार और घोटालों से खत्म कर रही है। आप नेताओं पर केंद्रीय एजेंसियों द्वारा जो कार्रवाई की जा रही है, उससे भाजपा का कोई लेना-देना नहीं है। इतना बड़ा घोटाला (दिल्ली शराब नीति केस) केजरीवाल के सहमति के बिना नहीं हो सकता।

इसी साल CBI ने केजरीवाल से की थी पूछताछ, 56 सवाल पूछे थे

शराब नीति केस में सीबीआई ने केजरीवाल से इसी साल अप्रैल के महीने में करीब साढ़े 9 घंटे तक पूछताछ की थी। सीबीआई ने उनसे 56 सवाल पूछे थे। केजरीवाल ने पूछताछ के बाद कहा था कि सीबीआई ने जितने सवाल पूछे, मैंने सबके जवाब दिए। हमारे पास छिपाने के लिए कुछ नहीं है। केजरीवाल ने कहा था कि ये पूरा का पूरा कथित शराब घोटाला झूठा है, फर्जी है और गंदी राजनीति से प्रेरित है। शराब घोटाला में दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया और सांसद संजय सिंह जेल में बंद हैं। सिसोदिया को 26 फरवरी को गिरफ्तार किया गया था। सुप्रीम कोर्ट ने 30 अक्टूबर को भी जमानत देने से इनकार कर दिया। उन पर दिल्ली शराब नीति में भ्रष्टाचार और मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप हैं। दिल्ली शराब घोटाला 338 करोड़ रुपए के लेन-देन से जुड़ा मामला है।

दिल्ली में शराब नीति घोटाले में क्या कुछ हुआ, जानें एक नजर में

नई शराब नीति नवंबर 2021 को लागू हुई : दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने 22 मार्च 2021 को नई शराब नीति का ऐलान किया। उन्होंने कहा कि इस नीति से शराब की दुकानें निजी हाथों में चली जाएंगी। सिसोदिया से इसका मकसद पूछा तो उन्होंने दो तर्क दिए। पहला- माफिया राज खत्म होगा। दूसरा- सरकारी खजाना बढ़ेगा। 17 नवंबर 2021 को नई शराब नीति 2021-22 लागू कर दी गई। इससे शराब कारोबार से सरकार से बाहर हो गई और ये बिजनेस निजी हाथों में चला गया। कई बड़े डिस्काउंट देने से शराब की जमकर बिक्री हुई। इससे सरकारी खजाना तो बढ़ा, लेकिन इस नई नीति का विरोध होने लगा।

जुलाई-2022 में शराब नीति में घोटाले का आरोप लगा : 8 जुलाई 2022 को दिल्ली के मुख्य सचिव नरेश कुमार ने नई शराब नीति में घोटाला होने का आरोप लगाया। उन्होंने इससे जुड़ी रिपोर्ट एलजी वीके सक्सेना को रिपोर्ट सौंपी। इसमें बताया गया कि सिसोदिया ने लाइसेंसधारी शराब कारोबारियों को अनुचित लाभ पहुंचाया। उधर, एलजी ने भी कहा कि उनकी और कैबिनेट की मंजूरी के बिना ही शराब नीति में बदलाव कर दिए।

अगस्त 2022 को CBI और ED ने केस दर्ज किया : एलजी सक्सेना ने मुख्य सचिव की रिपोर्ट के आधार पर सीबीआई जांच की मांग की। 17 अगस्त 2022 को जांच एजेंसी ने केस दर्ज किया। इसमें मनीष सिसोदिया, तीन रिटायर्ड सरकारी अफसर, 9 बिजनेसमैन और दो कंपनियों को आरोपी बनाया गया। सभी पर भ्रष्टाचार से जुड़ी धाराओं के तहत केस दर्ज किया। 19 अगस्त को सिसोदिया के घर और दफ्तर समेत सात राज्यों के 31 ठिकानों पर छापेमारी की। इस पर सिसोदिया ने दावा किया कि सीबीआई को कुछ नहीं मिला। इधर, 22 अगस्त को प्रवर्तन निदेशालय ने CBI से मामले की जानकारी लेकर मनी लॉन्ड्रिंग का केस दर्ज कर लिया।

जुलाई 2022 सरकार ने नई नीति को रद्द किया : विवाद बढ़ता देख 28 जुलाई 2022 को दिल्ली सरकार ने नई शराब नीति को रद्द कर दिया। फिर से पुरानी नीति लागू करने का फैसला लिया। 31 जुलाई को सरकार ने कैबिनेट नोट में बताया कि शराब की ज्यादा बिक्री के बाद भी सरकार की कमाई कम हुई, क्योंकि खुदरा और थोक कारोबारी शराब के धंधे से हट रहे थे।

फरवरी 2023 में सीबीआई ने सिसोदिया को गिरफ्तार किया : सिसोदिया के पास एक्साइज डिपार्टमेंट था, इसलिए उन्हें कथित तौर पर इस घोटाले का मुख्य आरोपी बनाया गया। कई बार पूछताछ के बाद जांच एजेंसी ने 26 फरवरी को उन्हें गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल वे जेल में हैं। CBI ने सिसोदिया पर आरोप लगाया कि एक्साइज मिनिस्टर होने के नाते उन्होंने मनमाने और एकतरफा फैसले लिए, जिससे खजाने को भारी नुकसान पहुंचा और शराब कारोबारियों को फायदा हुआ।

महुआ बोलीं-सरकार मेरे फोन को हैक करवा रही, मुद्दे को लपक राहुल गांधी ने कहा, हमें भी हैकिंग का अलर्ट मिला

नई दिल्ली। पैसे लेकर संसद में सवाल पूछने के मामले में फंसीं तृणमूल कांग्रेस की सांसद महुआ मोइत्रा ने खुद को पाक-साफ साबित करने के लिए केन्द्र सरकार पर फोन और ई-मेल टैपिंग- हैकिंग का बम फोड़ दिया है। उन्होंने बकायदा ट्वीट का यह दावा किया कि दावा किया कि केंद्र सरकार उनका फोन और ईमेल हैक करने की कोशिश कर रही हैं। महुआ ने लिखा कि देश के गृह मंत्रालय के पास और कोई काम नहीं है। अडाणी और प्रधानमंत्री कार्यालय के गुंडों, तुम्हारा डर देखकर मुझे तरस आता है। इस आरोप के सामने आते ही कांग्रेस के सांसद राहुल गांधी ने तत्काल इसे लपक लिया और आनन-फानन में प्रेस कॉन्फ्रेंस बुलाकर महुआ के दावों को सही ठहराया। साथ ही कहा क कांग्रेस के बड़े नेताओं के साथ भी लबें समय से ऐसा हो रहा है। इतना ही नहीं, कांग्रेस नेता शशि थरूर, पवन खेड़ा, आप सांसद राघव चड्‌ढा, शिवसेना (उद्धव गुट) सांसद प्रियंका चतुर्वेदी, एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और सीपीएम(एम) के जनरल सेक्रेटरी सीताराम येचुरी ने भी इन्हीं आरोपों को दाेहराया।

New Delhi: Congress leader Rahul Gandhi speaks as party leaders Jairam Ramesh and KC Venugopal look on during a press conference, at the AICC Headquarters in New Delhi, Tuesday, Oct. 31, 2023. (PTI Photo/Arun Sharma) (PTI10_31_2023_000168B)

सरकार चाहे तो मेरा फोन ले ले, मुझे फर्क नहीं पड़ता : राहुल

महुआ के ट्वीट के कुछ देर बाद राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि ये अलर्ट मेरे ऑफिस में सबको मिला है। कांग्रेस में लिस्ट बनी है। पवन खेड़ा, सुप्रिया, प्रियंका.. इनके साथ भी ऐसा हुआ है। सरकार चाहे तो मेरा फोन ले ले, मुझे फर्क नहीं पड़ता। इधर, महुआ और शशि थरूर ने जो स्क्रीनशॉट ट्वीट के साथ शेयर किए, वे एपल आईडी पर आए अलर्ट मैसेज हैं। इनमें लिखा कि एपल को लगता है स्टेट-स्पॉन्सर्ड अटैकर्स आपको टारगेट बना रहे हैं। ये आपकी एपल आईडी से जुड़े आईफोन को रिमोट मोड पर लेकर उसमें सेंध लगाने की कोशिश कर रहे हैं। इस ईमेल का टाइटल है- ‘अलर्ट- स्टेट स्पॉन्सर्ड अटैकर्स आपके आईफोन को अटैक कर रहे हैं’। इसमें लिखा है कि ये अटैकर्स आपको शायद आपके पद और आपके काम की वजह से टारगेट कर रहे हैं। अगर आपकी डिवाइस किसी स्टेट-स्पॉन्सर्ड अटैकर ने कॉम्प्रोमाइज कर ली है तो हो सकता है कि वे आपकी निजी जानकारी, आपकी बातचीत, यहां तक कि आपका कैमरा और माइक्रोफोन भी रिमोट एक्सेस कर सकते हैं। मैसेज में ये भी लिखा गया कि हो सकता है ये एक फॉल्स अलार्म हो, लेकिन फिर भी इस वॉर्निंग को गंभीरता से लें।

New Delhi: Congress leader Rahul Gandhi with his pet dog after a press conference, at AICC HQ in New Delhi, Tuesday, Oct. 31, 2023. (PTI Photo/Arun Sharma) (PTI10_31_2023_000160B)

एपल ने कहा, हम किसी भी तरह के स्टेट स्पांसर्ड अटैक की सूचना नहीं देते

इस मुद्दे पर जैसे ही नेताओं ने एपल को टैग का ट्वीढ किए तो कंपनी की तरफ से आधिकारिक बयान सामने आ गए। एपल कंपनी ने कहा कि हम किसी भी तरह के स्टेट स्पांसर्ड अटैक की सूचना नहीं देते हैं। कंपनी ने कहा कि यह संभव है कि एपल की कुछ खतरे की सूचनाएं (अलार्म अलर्ट) गलत हो सकते हैं। कंपनी खतरे की सूचनाओं का श्रेय किसी विशिष्ट राज्य-प्रायोजित (स्टेट स्पोंसर्ड) हमलावर को नहीं देता है। राज्य-प्रायोजित (स्टेट स्पोंसर्ड) हमलावर बहुत अच्छी तरह से वित्त पोषित और परिष्कृत होते हैं और उनके हमले समय के साथ विकसित होते हैं। ऐसे हमलों का पता लगाना खतरे के खुफिया संकेतों पर निर्भर करता है, जो अक्सर अपूर्ण होते हैं। यह संभव है कि कुछ एपल फ़ोन्स में खतरे की सूचनाएं गलत अलार्म हो सकती हैं या कुछ हमलों का पता नहीं चल पाता है। हम इस बारे में जानकारी प्रदान करने में असमर्थ हैं कि हमें खतरे की सूचनाएं जारी करने का क्या कारण है, क्योंकि इससे राज्य-प्रायोजित हमलावरों को पता लगाने से बचने के लिए अपने व्यवहार को अनुकूलित करने में मदद मिल सकती है। 

New Delhi: Former Congress president Sonia Gandhi and party leader Rahul Gandhi after paying tribute to former prime minister Indira Gandhi on her death anniversary at Shakti Sthal, in New Delhi, Tuesday, Oct. 31, 2023. (PTI Photo/Vijay Verma) (PTI10_31_2023_000064B)

राहुल खुद का मजाक उड़वाते हैं, एपल के बयान का तो इंतजार कर लेते : मालवीय

मामले पर भाजपा आईटी सेल के राष्ट्रीय संयोजक अमित मालवीय ने भी एपल के इस बयान के बाद कहा, राहुल गांधी खुद का ही मज़ाक उड़वाते हैं। उनकी प्रेस कॉन्फ्रेंस के कुछ ही मिनटों के भीतर Apple ने बयान जारी किया। पिछली बार भी राहुल गांधी ने अपना फोन जांच के लिए जमा नहीं कराया था। वह फालतू आरोप लगाकर राष्ट्रीय समय क्यों बर्बाद करें?

राजस्थान में पहले दिन आठ उम्मीदवारों ने नौ नामांकन पत्र दाखिल किए, चुनाव का बढ़ने लगा पारा


जयपुर। राजस्थान में विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन पत्र भरने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। पहले दिन राज्य में आठ विधानसभा क्षेत्रों के लिए आठ उम्मीदवारों ने नौ नामांकन पत्र दाखिल किए। मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने बताया कि राज्य की सभी 200 विधानसभा सीटों के लिए 30 अक्टूबर को चुनाव कार्यक्रम की अधिसूचना जारी होने के बाद राज्य में पहले दिन सात उम्मीदवारों ने गंगानगर, गढ़ी, भीलवाड़ा, बहरोड़, बानसूर, नोखा और चौरासी विधानसभा क्षेत्रों के लिए एक-एक नामांकन पत्र तथा घाटोल विधानसभा क्षेत्र में एक उम्मीदवार ने दो नामांकन पत्र दाखिल किए।

**EDS: IMAGE VIA @nitin_gadkari** Dampa: Union Minister Nitin Gadkari during a public meeting ahead of Mizoram Assembly elections, at Dampa Assembly Constituency in Mizoram, Monday, Oct. 30, 2023. (PTI Photo)(PTI10_30_2023_000128B)

उन्होंने बताया कि नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तिथि छह नवम्बर है और रविवार पांच नवंबर को नामांकन पत्र दाखिल नहीं किए जा सकेंगे। उन्होंने बताया कि नामांकन प्रक्रिया सुबह 11 बजे से प्रारंभ होकर दोपहर तीन बजे तक चलेगी और नामांकन प्रपत्रों की जांच सात नवम्बर को की जाएगी।

Sehore: Madhya Pradesh Chief Minister Shivraj Singh Chouhan with wife Sadhna Singh during a rally to file his nomination papers for state assembly election, at Budhni in Sehore district, Monday, Oct. 30, 2023. (PTI Photo) (PTI10_30_2023_000180B)

नामांकन वापस लेने की अंतिम तारीख 9 नवम्बर है। पूरे प्रदेश में एक ही चरण में 25 नवम्बर को सुबह सात बजे से शाम छह बजे तक मतदान होगा एवं मतगणना तीन दिसम्बर को होगी।

गुप्ता ने बताया कि नामांकन दाखिल करते समय सामान्य उम्मीदवार को 10 हजार रुपये और अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के उम्मीदवार को पांच हजार रुपये जमानत राशि जमा करानी होगी।

श्रीलंका से मुकाबले के लिए मुंबई पहुंची टीम इंडिया, इसी मैदान पर लंका को हराकर 2011 में वर्ल्ड कप जीता था

मुंबई। श्रीलंका के खिलाफ होने वाले मैच के लिए टीम इंडिया सोमवार को मुंबई पहुंच गई। विराट कोहली टीम बस में मुंबई नहीं पहुंचे, वे पहले ही मुंबई आ गए। रोहित टीम बस में आए, लेकिन टीम होटल जाने के बजाय वे सीधा अपने घर गए। सूर्यकुमार यादव भी टीम होटल नहीं गए। वे अपनी कार से घर गए। तीनों प्लेयर्स के घर मुंबई में हैं। इनके अलावा सभी प्लेयर्स टीम बस से टीम होटल पहुंचे। मुंबई में 2 नवंबर को टीम इंडिया का सामना श्रीलंका से होगा। इसी मैदान पर 2 अप्रैल 2011 को दोनों टीमें वर्ल्ड कप फाइनल में आमने-सामने हुई थीं। भारत ने 29 अक्टूबर को लखनऊ में इंग्लैंड के खिलाफ 100 रन से टूर्नामेंट में अपनी छठी जीत दर्ज की थी।

Lucknow: Indian players celebrate after winning the ICC Men’s Cricket World Cup 2023 match against England, at Bharat Ratna Shri Atal Bihari Vajpayee Ekana Cricket Stadium, in Lucknow, Sunday Oct. 29, 2023. (PTI Photo/ Manvender Vashist Lav)(PTI10_29_2023_000652B)

वसीम अकरम बोले- भारत के पास श्रेष्ठ गेंदबाज

पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज वसीम अकरम ने कहा कि भारतीय गेंदबाजी दुनिया की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी है। इसमें भी तेज गेंदबाज तो सर्वश्रेष्ठ हैं। एक टीवी चैनल पर चर्चा के दौरान कहा कि भारतीय तेज गेंदबाजों का प्रदर्शन शानदार रहा है। जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी और मोहम्मद सिराज ने इंग्लैंड के खिलाफ शानदार गेंदबाजी की। रोहित ने शानदार बल्लेबाजी की और पुछल्ले बल्लेबाज बुमराह और कुलदीप यादव ने 21 रन की पार्टनरशिप कर टीम के स्कोर में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

Lucknow: India’s Kuldeep Yadav with teammates celebrates the wicket of England’s Jos Buttler during the ICC Men’s Cricket World Cup 2023 match between India and England, at Bharat Ratna Shri Atal Bihari Vajpayee Ekana Cricket Stadium, in Lucknow, Sunday Oct. 29, 2023. (PTI Photo/ Manvender Vashist Lav)(PTI10_29_2023_000666B)

कुलदीप बोले- लिवंगस्टन आउट थे, कप्तान ने नहीं सुनी मेरी बात

भारतीय स्पिनर कुलदीप यादव ने इंग्लैंड के खिलाफ मैच में दो विकेट लिए। मैच के बाद कुलदीप यादव ने कि लियम लिवंगस्टन उनकी गेंद पर आउट थे। मैंने रोहित भाई से अनुरोध किया कि रिव्यू ले लीजिए वह आउट हैं, लेकिन उन्होंने नहीं लिया। बाद में पता चला कि लिवंगस्टन आउट थे। हमारा एक रिव्यू वेस्ट हो गया।

वर्ल्ड कप में पाकिस्तान की हार पड़ी भारी, चीफ सिलेक्टर इंजमाम उल-हक ने दिया इस्तीफा दिया

इस्लामाबाद। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) के चीफ सिलेक्टर इंजमाम उल-हक ने सोमवार को अपना इस्तीफा बोर्ड प्रमुख जका अशरफ को भेज दिया। पाकिस्तान टीम के कप्तान रह चुके इंजमाम ने यह फैसला तब लिया, जब उनकी टीम भारत में खेले जा रहे वर्ल्ड कप में 6 में से 4 मैचों में हार गई। पाकिस्तानी टीम सेमीफाइनल की रेस से बाहर होने की कगार पर है। पाकिस्तानी मीडिया के मुताबिक इंजमाम को हितों के टकराव (कॉन्फ्लिक्ट ऑफ इंटरेस्ट) के कारण इस्तीफा देना पड़ा। पाकिस्तानी चैनल जियो न्यूज के मुताबिक इंजमाम स्पोर्ट्स मैनेजमेंट कंपनी के साथ जुड़े हैं। भारत में वर्ल्ड कप खेल रही टीम के कप्तान बाबर आजम, शाहीन शाह अफरीदी और मोहम्मद रिजवान भी इस कंपनी के क्लाइंट हैं। इंजमाम पर आरोप लगा है कि वे कंपनी के क्लाइंट्स को टीम में कॉन्ट्रैक्ट और जगह दे रहे हैं। इंजमाम ने कहा कि लोग बिना रिसर्च किए कुछ भी बोलते हैं। मुझ पर बेवजह सवाल उठाए गए, इसलिए मैंने फैसला किया कि मैं इस्तीफा दे दूं।

Kolkata: Pakistan cricketers warm up during their training session on the eve of the ICC Men’s Cricket World Cup 2023 match between Bangladesh and Pakistan, at Eden Gardens in Kolkata, Monday, Oct 30, 2023. (PTI Photo/Swapan Mahapatra) (PTI10_30_2023_000210B)

पहले भी बोर्ड को धमकी दे चुके हैं इंजमाम

इंजमाम लंबे समय से पीसीबी से नाराज हैं। अगस्त में पद संभालने के बाद अगले ही महीने इंजमाम इस्तीफा देने की धमकी दे चुके थे। उनका कहना था कि मुझे लंबा कॉन्ट्रैक्ट नहीं मिला। इसके बाद अध्यक्ष जका अशरफ ने अपने बोर्ड मेंबर्स से मुलाकात की और इंजमाम को 20 लाख पाकिस्तानी रुपए की सैलेरी के साथ तीन साल का कॉन्ट्रैक्ट दिया। इसके बाद इंजमाम ने कहा कि उन्हें प्लेयर सलेक्शन में आजादी नहीं मिल रही है। इंजमाम ने अगस्त 2023 में एशिया कप से पहले पद संभाला था। 53 साल के पूर्व कप्तान ने दूसरी बार यह जिम्मेदारी संभाली थी। वे 2016 से 2019 तक टीम के चीफ सलेक्टर रहे चुके हैं। इंजमाम टीम के कोचिंग स्टाफ का हिस्सा भी रहे हैं।

इंजमाम के नाम 20 हजार रन, 35 शतक

इंजमाम ने 120 टेस्ट और 378 वनडे खेले हैं। उनके नाम 20 हजार से ज्यादा इंटरनेशनल रन हैं। इनमें 35 शतक शामिल हैं। टेस्ट में उनका बेस्ट स्कोर 329 और वनडे में 137 है।

अफगानिस्तान से हारा पाकिस्तान

वर्ल्ड कप 2023 में पाकिस्तान अपने 6 में से चार मैच हार चुका है। पहले दो मुकाबलों में पाकिस्तान ने नीदरलैंड और श्रीलंका को हराया। इसके बाद लगातार चार मैच में भारत, ऑस्ट्रेलिया, अफगानिस्तान और साउथ अफ्रीका से हार का सामना करना पड़ा।

Met Gala 2025: Bollywood Celebrities जिसने लूटी महफ़िल – शाहरुख, आलिया और भी कई सितारे ₹25,000 के अंदर बेस्ट Phones: Top 7 Smartphones with Best Features & Performance! महाशिवरात्रि 2025: जानिए पूजा विधि, मंत्र जाप और रहस्यमयी महत्व Naga Sadhu Facts: नागा साधुओं के बारे में 7 रोचक तथ्य: रहस्य, साधना और जीवनशैली Best Indoor Cat Breeds- सबसे अच्छी इनडोर बिल्लियाँ