लखनऊ में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर जोरदार हमला बोला। सपा प्रदेश कार्यालय में विभिन्न जिलों से आए कार्यकर्ताओं और नेताओं से मुलाकात के बाद उन्होंने संघ को “दुनिया का सबसे खतरनाक परिवार” बताया और भाजपा से सतर्क रहने की अपील की।
पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए भाजपा को सत्ता से बाहर करना बेहद ज़रूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासन में उत्तर प्रदेश पूरी तरह बर्बादी की कगार पर पहुंच गया है। प्रदेश के हर विभाग में भ्रष्टाचार व्याप्त है और अपराधियों का बोलबाला है।
अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश महिलाओं के खिलाफ अपराध और साइबर अपराधों में देश में सबसे आगे है। अपराधी खुलेआम हत्याएं कर रहे हैं और भाजपा सरकार ने संवैधानिक संस्थाओं को भी कमजोर कर दिया है।
भाजपा नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव ने केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू के बयान का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अब भाजपा के मंत्री भी मानने लगे हैं कि यह गठबंधन राजनीतिक नहीं, बल्कि पारिवारिक गठबंधन है।
अखिलेश यादव ने यह भी आरोप लगाया कि भाजपा ने घुसपैठियों को लेकर झूठा प्रचार किया, जबकि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण में एक भी घुसपैठिया नहीं मिला। उन्होंने कहा कि भाजपा झूठ फैलाने, जनता को गुमराह करने और सरकारी धन की लूट में माहिर है।
अंत में सपा प्रमुख ने पार्टी कार्यकर्ताओं से चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बूथ को मजबूत करना, वोट बचाना और बूथ जिताना हर कार्यकर्ता की सबसे बड़ी जिम्मेदारी है।




