Air India ने अपने Boeing 787 (ड्रीमलाइनर) विमानों के फ्यूल कंट्रोल स्विच की जांच शुरू कर दी है। सूत्रों के अनुसार, यह कदम रविवार को लंदन हीथ्रो से बेंगलुरु के लिए संचालित एक उड़ान में स्विच में खराबी सामने आने के बाद उठाया गया है। वर्तमान में एयर इंडिया के बेड़े में 33 बोइंग 787 विमान शामिल हैं.
फ्यूल कंट्रोल स्विच की दोबारा जांच शुरू
सूत्रों के मुताबिक, एयर इंडिया के उड़ान संचालन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष मनीष उप्पल ने बोइंग 787 पायलटों को बताया कि एयरलाइन ने पूरे बेड़े में फ्यूल कंट्रोल स्विच की दोबारा जांच शुरू कर दी है। एक विमान में खराबी पाए जाने के बाद मामले को प्राथमिकता के आधार पर मूल्यांकन के लिए बोइंग को भेजा गया है।
उप्पल ने ईमेल के जरिए कहा कि जब तक बोइंग की प्रतिक्रिया नहीं मिलती, तब तक इंजीनियर अत्यधिक सावधानी बरतते हुए सभी विमानों में एहतियाती जांच कर रहे हैं, ताकि सामान्य संचालन किया जा सके। उन्होंने यह भी बताया कि जिन विमानों की जांच पूरी हो चुकी है, उनमें अब तक कोई प्रतिकूल परिणाम नहीं मिला है।
चालक दल को खराबी पर तुरंत सूचना देने के निर्देश
इसके अलावा, एयर इंडिया ने चालक दल को निर्देश दिए हैं कि उड़ान के दौरान दिखाई देने वाली किसी भी तकनीकी खराबी की तुरंत सूचना दें और विमान संचालन से पहले सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करना सुनिश्चित करें।
गौरतलब है कि पिछले वर्ष अहमदाबाद में बोइंग 787-8 विमान भीषण हादसे का शिकार हो गया था, जिसमें 260 लोगों की मौत हो गई थी. इस हादसे के बाद भी एयर इंडिया ने फ्यूल कंट्रोल स्विच की जांच करवाई थी.
ये भी पढ़ें: Jaipur News: पत्रकार कॉलोनी रोड पर JDA की अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई, विरोध में सड़कों पर उतरे स्थानीय लोग




