Thursday, March 5, 2026
HomeBiharBihar News : कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश बोले- बीजेपी ने बिहार में...

Bihar News : कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश बोले- बीजेपी ने बिहार में तख्तापलट किया, जनता के साथ यह विश्वासघात है

नीतीश कुमार द्वारा राज्यसभा जाने की घोषणा के बाद भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी पर बिहार में तख्तापलट का आरोप लगाया। कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि यह जनता के जनादेश के साथ बड़ा विश्वासघात है।

Bihar News : नई दिल्ली। कांग्रेस ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की राज्यसभा जाने की तैयारी की घोषणा के बाद बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी द्वारा तख्ता पलट किया गया है और यह जनता के साथ विश्वासघात है। नीतीश कुमार ने बृहस्पतिवार को सोशल मीडिया पोस्ट के माध्यम से यह ऐलान किया कि वह राज्यसभा सदस्य बनने जा रहे हैं और बिहार में बनने वाली नई सरकार को उनका मार्गदर्शन मिलता रहेगा।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘बिहार चुनाव प्रचार के दौरान भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस जो बात बार-बार कह रही थी, वह अब सच साबित हो गई है। साजिश के तहत बिहार में तख्तापलट कर सत्ता पर कब्जा कर लिया गया है।’ उन्होंने आरोप लगाया कि कई मायनों में यह जनता के जनादेश के साथ बड़ा विश्वासघात है।

राज्यसभा में जाएंगे नीतीश कुमार

जनता दल यूनाइटेड (JDU)के अध्यक्ष नीतीश कुमार ने गुरुवार को घोषणा की कि वह राज्यसभा चुनाव लड़ेंगे। इसके साथ ही सबसे लंबे समय तक बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में उनके कार्यकाल का अंत हो जाएगा। कुमार वर्ष 2005 से बिहार के मुख्यमंत्री हैं। नीतीश ने कहा कि राज्य में नए मुख्यमंत्री और राज्य की नई सरकार को उनका पूरा सहयोग और मार्गदर्शन मिलेगा. नीतीश कुमार ने कहा, ‘2 दशकों से अधिक समय तक आपने लगातार मुझ पर विश्वास और समर्थन जताया है। उसी विश्वास की ताकत से हमने बिहार और आप सभी की पूरी निष्ठा के साथ सेवा की है। आपके भरोसे और समर्थन की शक्ति से ही आज बिहार विकास और गरिमा की एक नई पहचान प्रस्तुत कर रहा है।’

उन्होंने लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अपने संसदीय जीवन की शुरुआत से ही उनकी इच्छा रही है कि वह बिहार विधानमंडल के दोनों सदनों के साथ-साथ संसद के दोनों सदनों के भी सदस्य बनें। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, ‘इसी आकांक्षा को ध्यान में रखते हुए मैं इस बार होने वाले चुनाव में राज्यसभा का सदस्य बनने की इच्छा रखता हूं।’ जेडीयू अध्यक्ष नीतीश कुमार ने कहा, ‘मैं पूरी ईमानदारी के साथ आपको आश्वस्त करना चाहता हूं कि भविष्य में भी आपसे मेरा संबंध बना रहेगा और विकसित बिहार के निर्माण के लिए आपके साथ मिलकर काम करने का मेरा संकल्प अडिग रहेगा. राज्य में बनने वाली नई सरकार को मेरा पूरा सहयोग और मार्गदर्शन मिलेगा।’

बिहार में पहली बार बनेगा BJP का सीएम

वर्ष 2025 के विधानसभा चुनाव में सत्तारूढ़ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) को भारी जीत दिलाने के बाद कुमार के पद छोड़ने से अब भारतीय जनता पार्टी (BJP) के किसी नेता के मुख्यमंत्री बनने की संभावना है। यदि ऐसा होता है तो बिहार को पहली बार भाजपा का मुख्यमंत्री मिलेगा। हिंदी भाषी राज्यों में बिहार ही अब तक ऐसा राज्य रहा है जहां भाजपा का मुख्यमंत्री नहीं रहा है। बता दें कि बिहार से राज्यसभा की 5 सीट के लिए 16 मार्च को चुनाव होना है और गुरुवार को नामांकन दाखिल करने का अंतिम दिन है। राज्य विधानसभा में मौजूदा संख्या बल को देखते हुए कुमार का संसद के उच्च सदन के लिए निर्वाचित होना लगभग तय माना जा रहा है।

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular