Jaipur Crime News : जयपुर। भट्टा बस्ती थाना इलाके में रविवार देर रात दो पक्षों में मामूली बात को लेकर कहासुनी हो गई। इस दौरान आवेश में आए एक पक्ष आपसी रंजिश के चलते आदिल (17) पर चाकू तो ताबड़तोड वार कर उसे गंभीर रुप से जख्मी कर दिया। घायल अवस्था में परिजन आदिल को कांवटिया अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों में दहशत का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची । बड़ी संख्या में लोग भट्टा बस्ती थाने के बाहर एकत्र हो गए। स्थिति तनावपूर्ण होते देख पुलिस को भीड़ को नियंत्रित करने के लिए हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। पुलिस ने तनावपूर्ण स्थिति को भापते हुए अतिरिक्त जाब्ता तैनात किया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर दोनो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। जिनसे पूछताछ की जा रहीं है।
पुलिस ने बताया कि भोमिया जी बस्ती निवासी आदिल का आसपास के कुछ युवकों से विवाद हो गया था। देखते ही देखते कहासुनी हाथापाई में तब्दील हो गई। इसी दौरान आवेश में आए समीर और अरबाज सहित अन्य युवकों ने आदिल पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। जिससे आदिल लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। गंभीर रुप से घायल आदिल को परिजनों ने कांवटिया अस्पताल पहुंचाया। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज समेंत कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (उत्तर) बजरंग सिंह शेखावत ने बताया कि चाकूबाजी की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए , इसी के साथ पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनो आरोपी समीर और अरबाज को हिरासत में ले लिया। पुलिस दोनो आरोपियों से हत्या के मामले में शामिल अन्य लोगों के बारे में गहनता से पूछताछ करने में जुटी है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच पहले भी कई बार कहासुनी और विवाद हो चुका था। रविवार रात मामूली बात को लेकर विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने चाकू से हमला कर दिया।
घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया और कुछ लोग भट्टा बस्ती थाने के बाहर आरोपियों की गिरफ्तारी का मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन करने लग गए । इसी दौरान पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर प्रदर्शकारियों को मौके से हटाया। पुलिस ने तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए कॉलोनी में अतिरिक्त जाब्ता तैनात किया है। इसी के साथ पुलिस की विशेष टीम हर गतिविधियों पर नजर जमाए हुए है।




