Friday, August 22, 2025
HomeNational News130th Constitution Amendment Bill : अमित शाह बोले- स्टालिन को 'काला विधेयक'...

130th Constitution Amendment Bill : अमित शाह बोले- स्टालिन को ‘काला विधेयक’ कहने का कोई अधिकार नहीं

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन पर तीखा हमला करते हुए कहा कि उन्हें 130वें संविधान संशोधन विधेयक को ‘काला विधेयक’ कहने का कोई अधिकार नहीं है, क्योंकि उन्होंने खुद "काले कारनामे" किए हैं। उन्होंने द्रमुक सरकार को देश की सबसे भ्रष्ट बताया और बालाजी तथा पोनमुडी जैसे नेताओं के मामलों का हवाला दिया।

130th Constitution Amendment Bill : तिरुनेलवेली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन पर निशाना साधते हुए शुक्रवार को कहा कि स्टालिन को 130वें संविधान संशोधन विधेयक को ‘काला विधेयक’ कहने का कोई अधिकार नहीं है, क्योंकि उन्होंने स्वयं काले कारनामे किए हैं।

स्टालिन को विधेयक को ‘काला विधेयक’ कहने का कोई अधिकार नहीं : शाह

शाह ने यहां पार्टी के एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आरोप लगाया कि द्रविड़ मुन्नेत्र कषगम (द्रमुक) देश की सबसे भ्रष्ट सरकार का नेतृत्व कर रही है, जबकि वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हैं जो तमिल के नीतिपरक ग्रंथ ‘तिरुक्कुरल’ में एक योग्य और आदर्श शासक के लिए वर्णित दिशा-निर्देशों के अनुसार सरकार चला रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री एम. के. स्टालिन को 130वें संविधान संशोधन विधेयक को ‘काला विधेयक’ कहने का कोई अधिकार नहीं है, क्योंकि वह खुद एक ऐसे मुख्यमंत्री हैं जिन्होंने ‘‘काले कारनामे’’ किए हैं। उन्होंने तमिलनाडु की मौजूदा सरकार के कार्यकाल में ‘‘घोटाले’’ होने का आरोप लगाया।

द्रमुक नेता एवं पूर्व मंत्री के. पोनमुडी के खिलाफ मामले और वी. सेंथिल बालाजी के खिलाफ हाल के मामले का हवाला देते हुए शाह ने सवाल किया कि क्या जेल में रहने के बावजूद मंत्रिमंडल का हिस्सा बने रहना और शासन करना उचित है। बालाजी प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) मामले के सिलसिले में जेल में रहने के बावजूद मंत्री बने रहे थे। कांग्रेस नेता सोनिया गांधी पर निशाना साधते हुए शाह ने कहा कि उनका एकमात्र एजेंडा अपने बेटे राहुल गांधी को प्रधानमंत्री बनाना है। उन्होंने कहा कि इसी तरह स्टालिन का एकमात्र एजेंडा अपने बेटे उदयनिधि को मुख्यमंत्री बनाना है। शाह ने कहा कि दोनों सफल नहीं होंगे, क्योंकि राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) विजयी होगा।

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular