नई दिल्ली। कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे प्रदर्शन के चौथे दिन CJP के फाउंडर अभिजीत दीपके ने शिक्षा मंत्री के हालिया बयान पर तीखी प्रतिक्रिया दी।प्रदर्शन के दौरान अभिजीत दीपके ने कहा, “सर, हम आतंकवादी नहीं हैं। हमें आप जैसे लोगों से देशभक्ति के सर्टिफिकेट की जरूरत नहीं है।” उन्होंने आरोप लगाया कि छात्रों के मुद्दे उठाने वालों को गलत तरीके से निशाना बनाया जा रहा है।
दरअसल, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने हाल ही में एक इंटरव्यू में कहा था कि कुछ लोग शिक्षा व्यवस्था को पटरी से उतारने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने ऐसे लोगों को लोकतंत्र द्वारा खारिज किए गए लोगों का नया रूप बताते हुए CJP को आतंकवादियों की ‘बी टीम’ करार दिया था।मंत्री के इसी बयान का जवाब देते हुए दीपके ने कहा कि उनका संगठन छात्रों और युवाओं के हितों के लिए आवाज उठा रहा है। उन्होंने कहा कि छात्र आत्महत्याओं और शिक्षा से जुड़े गंभीर मुद्दों पर सवाल पूछना आतंकवाद नहीं है।अभिजीत दीपके ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी शिक्षा मंत्री पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा, “धर्मेंद्र प्रधान हमें आतंकवादी कहते हैं। विडंबना यह है कि उनके हाथ 17 से ज्यादा छात्रों के खून से रंगे हैं।”हालांकि, दीपके ने अपने इस आरोप के समर्थन में कोई ठोस साक्ष्य सार्वजनिक नहीं किया है। वहीं, शिक्षा मंत्रालय की ओर से भी इस टिप्पणी पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
क्या है कॉकरोच जनता पार्टी?
कॉकरोच जनता पार्टी यानी CJP की शुरुआत मई 2026 में हुई थी। यह संगठन तब चर्चा में आया जब बेरोजगार युवाओं और छात्रों को लेकर की गई एक टिप्पणी सोशल मीडिया पर विवाद का विषय बन गई। इसके बाद अभिजीत दीपके ने CJP नाम से एक डिजिटल अभियान शुरू किया, जिसे सोशल मीडिया पर बड़ी संख्या में युवाओं का समर्थन मिला।पिछले कुछ दिनों से CJP शिक्षा व्यवस्था, छात्र आत्महत्याओं और युवाओं से जुड़े मुद्दों को लेकर प्रदर्शन कर रही है। संगठन केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग भी कर रहा है।
फिलहाल, CJP और शिक्षा मंत्री के बीच बढ़ती बयानबाजी ने इस मुद्दे को राजनीतिक और सोशल मीडिया बहस का केंद्र बना दिया है। आने वाले दिनों में यह विवाद और अधिक तूल पकड़ सकता है।



