Vande Mataram : नई दिल्ली। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद अनुराग ठाकुर ने सोमवार को कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि वंदे मातरम से ‘‘हमें एनर्जी’’ मिलती है, वहीं विपक्षी दल को इससे ‘‘एलर्जी’’ होती है। लोकसभा में, राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर चर्चा’’ में भाग लेते हुए ठाकुर ने कहा, ‘‘कांग्रेस ने वंदे मातरम् के शताब्दी वर्ष पर आपातकाल लगाकर देश को अंधेरे में पहुंचाया। यह काम उस समय की प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने किया और आज स्वयं प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वंदे मातरम् के इतिहास और सांस्कृतिक महत्व को देश के सामने रखा। उन्होंने चर्चा की शुरुआत में प्रधानमंत्री मोदी के संबोधन के दौरान, सदन में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और उनकी बहन प्रियंका गांधी के अनुपस्थित रहने का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘वंदे मातरम् गीत नहीं राष्ट्रीय प्रीत है इसलिए कांग्रेस इससे भयभीत है। जब चर्चा शुरू हुई तो उस परिवार के दो सदस्य सदन में ही उपस्थित नहीं थे जिसे दशकों तक नेतृत्व का मौका मिला।’’
वंदे मातरम् कोई धार्मिक गीत नहीं, किसी व्यक्ति या दल या राज्य का गीत नहीं, वंदे मातरम् राष्ट्र की आत्मा का गीत है, भारत के गौरव का गीत है, हर भारतीय के आशाओं-आकांक्षाओं का सुरमयी गीत है। pic.twitter.com/GhlXxTalj6
— Anurag Thakur (@ianuragthakur) December 8, 2025
ठाकुर ने सदन में प्रियंका गांधी वाद्रा के भाषण से पहले उन पर निशाना साधते हुए कहा, अभी गलियारों में चर्चा थी कि पिछले पांच दिन से प्रियंका जी तैयारी कर रही हैं और पूरा वंदे मातरम् बिना पढ़े सुनाएंगी। उन्होंने इतने महापाप किए हैं कि उनके प्रायश्चित का समय आ गया है। भाजपा सांसद ने दावा किया कि नेहरू के कहने पर वंदे मातरम् के जो हिस्से काटे गए थे, उनमें देवी दुर्गा की स्तुति थी, शक्ति की अराधना थी। उन्होंने कहा, वंदे मातरम् से हमें एनर्जी मिलती है, कुछ लोगों को (कांग्रेस को) इससे एलर्जी होती है। ठाकुर ने पूछा कि कांग्रेस आखिर इसका इतना विरोध क्यों कर रही है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस की तरह समाजवादी पार्टी के कुछ जनप्रतिनिधियों ने भी राष्ट्रीय गीत का अपमान किया।
प्रधानमंत्री भाषण अच्छा देते हैं, लेकिन तथ्यों में कमजोर हैं: प्रियंका गांधी
कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने सोमवार को लोकसभा में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वह भाषण अच्छा देते हैं, लेकिन तथ्यों में कमजोर हैं। उन्होंने सदन में वंदे मातरम् पर चर्चा में भाग लेते हुए यह भी कहा कि राष्ट्रीय गीत पर चर्चा की जरूरत नहीं होनी चाहिए क्योंकि यह देश के कण-कण में बसा है तथा देश की भावना से जुड़ा है। केरल के वायनाड से लोकसभा सदस्य ने यह दावा भी किया कि सत्तापक्ष ने वंदे मातरम् पर चर्चा करवाई ताकि ज्वलंत मुद्दों से ध्यान भटकाया जा सके। प्रियंका गांधी ने कहा, हमारा राष्ट्र गीत उस भावना का प्रतीक है जिसने गुलामी में सोए हुए भारत को जगाया। उनका कहना था, ‘‘हम अपने सदन में राष्ट्र गीत पर चर्चा कर रहे हैं। हम इस पर बहस क्यों कर रहे हैं? यह बहस हम दो वजहों से कर रहे हैं। पहला कारण यह है कि पश्चिम बंगाल चुनाव आ रहा है और प्रधानमंत्री इसमें अपनी भूमिका निभाना चाहते हैं। दूसरा कारण है कि देश की आजादी लड़ाई लड़ने वाले और कुर्बानियां देने वालों के खिलाफ नए आरोप लगाए जाएं। सरकार ज्वलंत मुद्दों से ध्यान भटकाने का प्रयास कर रही है।’’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भाषण तो अच्छा देते हैं, लेकिन तथ्यों के मामले में कमजोर पड़ जाते हैं।
— Congress (@INCIndia) December 8, 2025
मोदी जी जिस तरह तथ्यों को जनता के सामने रखते हैं, ये उनकी कला है। लेकिन मैं तो जनता की प्रतिनिधी हूं- कोई कलाकार नहीं हूं।
: लोकसभा में कांग्रेस महासचिव व सांसद श्रीमती… pic.twitter.com/9KVbvk72hH
प्रियंका गांधी ने दावा किया कि यह सरकार वर्तमान और भविष्य की ओर नहीं देखना चाहती। उन्होंने आरोप लगाया, प्रधानमंत्री मोदी का आत्मविश्वास घटने लगा है तथा उनकी नीतियां देश को कमजोर कर रही हैं। उन्होंने दावा किया, इनके अपने लोग दबी जुबान में कहने लगे हैं कि सारी सत्ता को केंद्रित करने से देश को नुकसान हो रहा है। प्रियंका गांधी ने कटाक्ष करते हुए कहा, प्रधानमंत्री मोदी जी भाषण अच्छा देते हैं, लेकिन तथ्यों के मामले में कमजोर पड़ जाते हैं। इसमें कला होती है कि कैसे जनता के सामने इसे रखा जाए। मैं नई हूं, जनता की प्रतिनिधि हूं, कलाकार नहीं हूं। इसलिए कुछ तथ्य रखना चाहती हूं।




