Friday, March 6, 2026
Homechunavi halchalCG CM Oath Ceremony : विष्णु साय बने छत्तीसगढ़ के चौथे मुख्यमंत्री,...

CG CM Oath Ceremony : विष्णु साय बने छत्तीसगढ़ के चौथे मुख्यमंत्री, पीएम मोदी के संकल्प को दोहराया, प्रदेश को हमने ही बनाया और हम ही संवारेंगे

रायपुर। छत्तीसगढ़ के आदिवासी नेता विष्णुदेव साय ने बुधवार को प्रदेश के चौथे मुख्यमंत्री के रूप में पद की शपथ ली। आदिवासी समाज के दिग्गज नेता साय के बाद अरुण साव और विजय शर्मा ने भी डिप्टी सीएम पद की शपथ ली। राज्यपाल विश्व भूषण हरिचंद ने तीनों नेताओं को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। राज्यपाल हरिचंदन और पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह मंच पर साथ पहुंचे। मध्यप्रदेश में सीएम के शपथ ग्रहण समारोह में हुए विलंब के चलते छत्तीसगढ़ में शपथ ग्रहण का समय 2 बजे से 4 बजे कर दिया गया था। इस दौरान भोपाल से अन्य प्रमुख नेता भी बारी-बारी से रायपुर पहुंचे। विशेष विमान से यहां पहुंचे पीएम नरेंद्र मोदी के समारोह स्थल पर पहुंचने के तत्काल बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शपथ ग्रहण किया। मुख्यमंत्री साय शपथ ग्रहण के बाद सीधे मंत्रालय पहुंचे और यहां मुख्यमंत्री का कार्यभार ग्रहण किया।

राजधानी रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में आयोजित भव्य समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नेड्डा मौजूद रहे। इसके अलावा यूपी सीएम योगी आदित्यनाथ, असम के मुख्यमंत्री हिमंता विस्वा सरमा, महाराष्ट्र सीएम एकनाथ शिंदे, डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस, अजित पवार, उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, ज्योतिरादित्य सिंधिया समेत तमाम बीजेपी नेता मौजूद रहे। छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और पूर्व डिप्टी सीएम टी एस सिंहदेव भी समारोह में शामिल हुए। सभा स्थल में शपथ लेने से पहले सीएम विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आशीर्वाद लिया। प्रधानमंत्री ने कुछ दिनों पहले अपनी छत्तीसगढ़ यात्रा में नारा दिया था कि हमने ही बनाया है और हम ही इसे संवारेंगे।

छत्तीसगढ़ में नई सरकार पर बीजेपी नेता और पूर्व सीएम डॉ. रमन सिंह ने कहा, यहां एक शानदार नई टीम बनी है। हमारे घोषणा पत्र में मोदीजी की गारंटी के साथ लोगों ने चुनाव में हिस्सा लिया और हमें अच्छा परिणाम मिला। मैं विष्णु को बधाई देता हूं जिनके पास वर्षों का अनुभव है। केंद्रीय मंत्री और कई अन्य पदों पर रहे हैं और उनकी छवि साफ-सुथरी है। मुझे उम्मीद है कि घोषणापत्र में दी गई सभी गारंटी पूरी होंगी।

छत्तीसगढ़ के मनोनीत मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के शपथ ग्रहण समारोह से पहले उनकी पत्नी कौशल्या देवी ने कहा, हम बहुत उत्साहित हैं। इस भावना को व्यक्त करने के लिए शब्द नहीं हैं। हम आपके प्यार और आशीर्वाद के कारण यहां हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री विष्णुदेव साय छत्तीसगढ़ में भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं। उन्होंने राज्य में हुए विधानसभा चुनाव में सरगुजा संभाग के कुनकुरी विधानसभा सीट से जीत हासिल की। इस क्षेत्र की सभी 14 सीटों पर भाजपा का कब्जा रहा।

साय के साथ शपथ लेने वाले उप मुख्यमंत्री अरुण साव (54) प्रभावशाली साहू (तेली) ओबीसी समुदाय से आते हैं तथा भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष हैं। अधिवक्ता से नेता बने साव ने विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी थानेश्वर साहू को लोरमी सीट से 45,891 वोटों से हराया है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा (50) ब्राह्मण समुदाय से हैं। वे राज्य में भाजपा के महामंत्री हैं। हिंदुत्व के मुखर समर्थक शर्मा ने कवर्धा निर्वाचन क्षेत्र में प्रभावशाली कांग्रेस नेता और निवर्तमान मंत्री मोहम्मद अकबर को 39,592 वोटों से हराया।

Jago India Jago
Jago India Jagohttp://jagoindiajago.news
Jago India Jago की एडिटोरियल टीम देश, दुनिया और राजस्थान की ताजा खबरों को सटीक, निष्पक्ष और भरोसेमंद अंदाज़ में पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। राजनीति से लेकर धर्म, मनोरंजन, खेल, शिक्षा और तकनीक तक हर महत्वपूर्ण विषय पर तेज़ अपडेट और गहराई से विश्लेषण हमारा उद्देश्य है। हमारा प्रयास है कि हर खबर आपको जागरूक करे, जोड़े और सोचने पर मजबूर करे।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular