US Iran Conflict : डोरल। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने शनिवार को चेतावनी दी कि युद्ध में ईरान के और भी अधिकारियों को निशाना बनाया जायेगा और ‘‘आज ईरान पर जबरदस्त प्रहार किया जायेगा। ट्रंप ने अपनी वेबसाइट ‘ट्रुथ सोशल’ पर ये टिप्पणियां कीं, जिसमें उन्होंने तेहरान के हमलों को लेकर ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान द्वारा पड़ोसी देशों से माफी मांगने का जिक्र किया। ट्रंप ने लिखा, ‘‘ईरान के खराब व्यवहार के कारण अब ऐसे इलाकों और लोगों के समूहों को भी निशाना बनाने पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है, जिन्हें अब तक निशाना बनाने के लिए नहीं सोचा गया था।
‘‘बिना शर्त आत्मसमर्पण’’ करने तक कोई समझौता नहीं होगा: ट्रंप
ट्रंप पश्चिम एशिया में संघर्ष को समाप्त करने के लिए ईरान के साथ बातचीत की संभावना को खारिज करते हुए प्रतीत हो रहे हैं। उन्होंने शुक्रवार को सोशल मीडिया पोस्ट में कहा कि ईरान के ‘‘बिना शर्त आत्मसमर्पण’’ करने तक उसके साथ कोई समझौता नहीं होगा। ट्रंप ने कहा, उसके बाद, और एक महान एवं स्वीकार्य नेता के चयन के बाद, हम तथा हमारे कई अद्भुत और बहादुर सहयोगी एवं साझेदार ईरान को विनाश के कगार से वापस लाने के लिए अथक प्रयास करेंगे, और इसे आर्थिक रूप से पहले से कहीं अधिक बड़ा, बेहतर एवं मजबूत बनाएंगे।

ट्रंप का ईरान को खुला चैलेंज
स्ट्रेट ऑफ होर्मुज को लेकर ईरान ने अमेरिका और इजरायल को नई चेतावनी दी है। इसमें अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को चैलेंज दिया गया है कि वो तेल टैंकर्स की रक्षा करके दिखाएं। दरअसल, होर्मुज स्ट्रेट वैश्विक तेल व्यापार का सबसे महत्वपूर्ण गलियारा है। जंग शुरू होने के बाद ईरान ने चेतावनी दी थी कि अगर उसके हितों को नुकसान पहुंचा तो वह होर्मुज से गुजरने वाले जहाजों को रोक सकता है। इसके बाद सैंकड़ों जहाज होर्मुज में अटक गए, इसकी वजह से कच्चे तेल की सप्लाई भी प्रभावित हुई।
अब ईरान के एक सीनियर मिलिट्री अफसर ने साफ किया है कि ईरान ने होर्मुज स्ट्रेट को बंद नहीं किया है। लेकिन इजरायल और अमेरिका से जुड़े जहाज वहां से नहीं गुजर सकते। इसके अलावा ईरान रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के प्रवक्ता की तरफ से कहा गया, ‘हम ट्रंप को चुनौती देते हैं कि वो होर्मुज से तेल टैंकरों को निकालने के लिए अमेरिकी जहाजों को एस्कॉर्ट पर लगाकर दिखाए।’




