Tuesday, October 27, 2026
HomeLatest NewsUdaipur Royal Family Dispute: विश्वराज सिंह मेवाड़ ने एकलिंगनाथ मंदिर में किए...

Udaipur Royal Family Dispute: विश्वराज सिंह मेवाड़ ने एकलिंगनाथ मंदिर में किए दर्शन, भारी सुरक्षा रही मौजूद

जयपुर, मेवाड़ के पूर्व राजपरिवार की ‘गद्दी’ संभालने के बाद उठे विवाद के बीच विश्वराज सिंह मेवाड़ बुधवार को नाथद्वारा रोड स्थित श्री एकलिंगनाथजी मंदिर पहुंचे. विश्वराज ने भगवान शिव को समर्पित इस मंदिर में दर्शन किए और अपने पिता महेंद्र सिंह मेवाड़ की 10 नवंबर को हुई मौत से शुरू ‘शोक को भंग’ करने की रस्म पूरी की. इस अवसर पर मंदिर में अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई थी ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि यात्रा बिना किसी परेशानी के पूरी हो.

सिटी पैलेस के आसपास निषेधाज्ञा लागू

वहीं उदयपुर में कानून और व्यवस्था बनाए रखने के लिए सिटी पैलेस के आसपास के क्षेत्रों में भारतीय न्याय संहिता की धारा 163 (पूर्व में सीआरपीसी की 144) के तहत निषेधाज्ञा लागू की गई है. विश्वराज को सिटी पैलेस में पवित्र अग्नि स्थल ‘धूणी’ के दर्शन की अनुमति देने के लिए बातचीत जारी है. पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल ने बताया कि मामले को सुलझाने के लिए कुछ वरिष्ठ अधिकारी उदयपुर पहुंचे हैं.

विश्वराज के सिटी पैलेस, एकलिंगनाथ मंदिर में प्रवेश पर लगाई थी रोक

उल्लेखनीय है कि विश्वराज ने सोमवार को चित्तौड़गढ़ में एक कार्यक्रम में पूर्व मेवाड़ राजपरिवार के प्रमुख के रूप में ‘गद्दी’ संभाली. इसके बाद उनकी उदयपुर के सिटी पैलेस में धूणी और फिर एकलिंगनाथ जी मंदिर जाने की योजना थी. हालांकि, उनके चाचा अरविंद सिंह मेवाड़ ने अपने वकील के माध्यम से सोमवार को समाचार पत्रों में दो सार्वजनिक नोटिस प्रकाशित करवाए, जिसमें सिटी पैलेस और एकलिंगनाथ जी मंदिर में अनाधिकृत प्रवेश पर रोक लगाई गई.

अखबार में छपे नोटिस में कही गई थी ये बात

नोटिस में कहा गया है कि श्री एकलिंगजी ट्रस्ट उदयपुर ने 25 नवंबर को केवल ट्रस्ट द्वारा अधिकृत लोगों को ही मंदिर में प्रवेश देने का निर्णय किया है. महेंद्र सिंह मेवाड़ के छोटे भाई अरविंद सिंह मेवाड़ ट्रस्ट के अध्यक्ष और प्रबंध ट्रस्टी हैं. सिटी पैलेस भी उनके अधीन है.

Please enable JavaScript in your browser to complete this form.

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

× Popup Image