Jaipur Crime News: राजधानी जयपुर के मालवीय नगर क्षेत्र में एक परिवार पर हमला कर कॉलोनी में दहशत फैलाने वाले दो कुख्यात हिस्ट्रीशीटरों को जयपुर पूर्व जिला पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हिस्ट्रीशीटर आचित्य सिंह पंवार उर्फ हनी टाइगर और मनीष सैनी को दबोच लिया। दोनों आरोपियों के खिलाफ जयपुर के अलग अलग थानों में कुल 42 गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
घर पर हमला कर मचाया था आतंक
पुलिस उपायुक्त जयपुर पूर्व संजीव नैन ने बताया कि 28 जनवरी 2026 की रात मनीष सैनी, अक्षय सैनी, हनी टाइगर, रोहित वर्मा और अन्य साथियों ने मालवीय नगर निवासी किशन मीणा के घर पर हमला किया था। आरोपियों ने घर के बाहर खड़ी गाड़ियों और मकान में तोड़फोड़ की। इस दौरान परिवार के सदस्यों के साथ जातिसूचक शब्दों से अपमान किया गया और गोली मारने की धमकी भी दी गई।
इस मामले में थाना जवाहर सर्किल में बीएनएस और एससी एसटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है।
सीसीटीवी फुटेज से मिली सफलता
एसीपी मालवीय नगर विनोद कुमार शर्मा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपनी लोकेशन बदल रहे थे, लेकिन पुलिस ने तकनीकी सूचनाओं के आधार पर दबिश देकर हनी टाइगर और मनीष सैनी को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड
आचित्य सिंह उर्फ हनी टाइगर: थाना श्याम नगर का हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट सहित 11 गंभीर प्रकरण दर्ज हैं।
मनीष सैनी: थाना मालवीय नगर का हिस्ट्रीशीटर है, जिसके खिलाफ हत्या, लूट और रंगदारी जैसे 31 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
अन्य आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस इस मामले में पहले ही दो अन्य आरोपियों गौरव कलवानी और प्रतीक नायक को गिरफ्तार कर चुकी है। वर्तमान में पकड़े गए दोनों हिस्ट्रीशीटरों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है, जहां उनसे गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस गिरोह के अन्य फरार सदस्यों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।




