Tuesday, March 10, 2026
HomeUser Interest CategoryBusinessShare Market Update Today : कच्चे तेल के दाम में नरमी से...

Share Market Update Today : कच्चे तेल के दाम में नरमी से शेयर बाजार में लौटी रौनक, निफ्टी 233 और सेंसेक्स 640 अंक चढ़ा

बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी 50 में मंगलवार को दो दिन की गिरावट के बाद जोरदार तेजी आई। सेंसेक्स 640 अंक 78,205 पर और निफ्टी 233 अंक बढ़कर 24,261 पर बंद हुआ। पश्चिम एशिया तनाव कम होने की उम्मीद और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से बाजार को सहारा मिला। ब्रेंट क्रूड भी गिरकर करीब 90 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।

Share Market Update Today : मुंबई। स्थानीय शेयर बाजारों में मंगलवार को दो दिन से जारी भारी गिरावट पर अंकुश लगा और बीएसई सेंसेक्स 640 अंक के लाभ में रहा, जबकि एनएसई निफ्टी में 233 अंक की तेजी रही। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के जल्दी समाप्त होने की उम्मीद के बीच कच्चे तेल के दाम में नरमी और दुनिया के अन्य प्रमुख शेयर बाजारों में तेजी से घरेलू बाजार पर सकारात्मक असर हुआ।

तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 639.82 अंक यानी 0.82 प्रतिशत बढ़कर 78,205.98 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 960.09 अंक चढ़कर 78,526.25 अंक पर पहुंच गया था। वहीं पचास शेयरों पर आधारित एनएसई निफ्टी 233.55 अंक यानी 0.97 प्रतिशत चढ़कर 24,261.60 अंक पर बंद हुआ। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 9.03 प्रतिशत टूटकर 90.26 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।

इन शेयरों में आई जबरदस्त तेजी

सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में से महिंद्रा एंड महिंद्रा, इंटरग्लोब एविएशन, मारुति, आईसीआईसीआई बैंक, एशियन पेंट्स और अल्ट्राटेक सीमेंट प्रमुख रूप से लाभ में रहीं। दूसरी तरफ, नुकसान में रहने वाले शेयरों में इटर्नल, इन्फोसिस, रिलायंस इंडस्ट्रीज और भारती एयरटेल शामिल हैं। एशिया के अन्य बाजारों में, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और जापान का निक्की बढ़त में रहे। चीन का शंघाई एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग में भी मजबूती रही।

यूरोप के बाजार भी दोपहर के कारोबार में बढ़त में थे। सोमवार को अमेरिकी बाजार भी बढ़त के साथ बंद हुए थे। ऑनलाइन ट्रेडिंग कंपनी एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पोनमुडी आर ने कहा, ‘‘पश्चिम एशिया में जारी तनाव कम होने के संकेतों के बाद बाजार में उछाल आया। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान युद्ध के शीघ्र समाप्त होने के संकेत दिए हैं। इस घटनाक्रम ने दुनिया में बढ़ रहे तनाव को लेकर चिंताओं को कम किया और वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में भारी गिरावट लाकर जोखिम धारणा को स्थिर करने में मदद की।’’

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने सोमवार को 6,345.57 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। हालांकि, घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 9,013.80 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। सेंसेक्स सोमवार को 1,352.74 अंक टूटकर 77,566.16 अंक पर रहा था जबकि एनएसई निफ्टी 422.40 अंक की गिरावट के साथ 24,028.05 अंक पर बंद हुआ था।

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular