Kiren Rijiju : पटना। केंद्रीय मंत्री किरेन रीजीजू ने शनिवार को बिहार के पटना में कहा कि देश की जनता कांग्रेस पर भरोसा नहीं करती, केवल बयानबाजी से राजनीतिक जमीन नहीं बनती। राहुल गांधी ने एक बयान में नरेन्द्र मोदी को सत्ता से बाहर करने की बात कही थी, जिसपर रीजीजू ने यह प्रतिक्रिया दी। रीजीजू ने कहा कि देश की जनता कांग्रेस पर भरोसा नहीं करती और लंबे समय तक सत्ता में रहने के बावजूद सबसे पुरानी पार्टी ने देश को कमजोर किया। उन्होंने कहा कि अब जनता दोबारा उस दौर में लौटने के मूड में नहीं है और केवल बयानबाजी कर सुर्खियां बटोरने की कोशिशों से राजनीतिक जमीन नहीं बनती। केंद्रीय मंत्री ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, डिजिटल अवसंरचना और वैश्विक मंच पर मजबूत पहचान के मामले में बड़ी छलांग लगाई है।

पटना में रीजीजू का कांग्रेस पर तीखा हमला, बोले- जनता नहीं करती भरोसा
रीजीजू, बिहार विधानसभा के स्थापना दिवस कार्यक्रम में भाग लेने शनिवार को पटना आए थे। उन्होंने इस मौके पर बिहार विधानसभा को डिजिटल रूप से सशक्त बनाने की दिशा में शुरू किये जा रहे कार्यक्रम को ऐतिहासिक बताया। रीजीजू ने कहा कि विधानसभा का स्थापना दिवस केवल औपचारिक कार्यक्रम नहीं बल्कि लोकतांत्रिक संस्थाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ने का महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि विधानसभा के कामकाज में डिजिटल मंच की शुरुआत से राज्य के सभी विधायकों को तकनीक की ताकत सीधे तौर पर मिलेगी और उनकी कार्यक्षमता में वृद्धि होगी।
रीजीजू ने कहा कि तकनीक के माध्यम से विधायी कार्यों में नई गति आएगी, जनता से जुड़े मुद्दों पर निर्णय लेने की प्रक्रिया अधिक प्रभावी होगी और नीति निर्माण में डेटा आधारित सोच को बढ़ावा मिलेगा। केंद्रीय मंत्री ने बिहार विधानसभा के सदस्यों को स्थापना दिवस की बधाई देते हुए कहा कि यह पहल आने वाले वर्षों में राज्य की राजनीति और प्रशासनिक संस्कृति को नई दिशा देगी।




