T20 World Cup Player of the Tournament nominees: अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ के लिए 8 खिलाड़ियों को नॉमिनेट किया है. इस सूची में शानदार फॉर्म में चल रहे भारतीय सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन का नाम शामिल हैं. जिन अन्य खिलाड़ियों को इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए नॉमिनेट किया गया है उनमें इंग्लैंड के ऑलराउंडर विल जैक्स, पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान, दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी और कप्तान एडन मार्क्रम, न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर रचिन रविंद्र और बल्लेबाज टिम सीफर्ट और अमेरिकी गेंदबाज शैडली वैन शाल्कविक शामिल हैं.
संजू सैमसन ने पिछले 2 मैच में की शानदार बल्लेबाजी
सैमसन को टूर्नामेंट के शुरुआती मैचों में खेलने का मौका नहीं मिला था लेकिन पिछले 2 मैच में उन्होंने नाबाद 97 और 89 रन की पारी खेल कर भारत को फाइनल में पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. इस विकेटकीपर बल्लेबाज ने टूर्नामेंट में अब तक 4 मैच में 77.33 के औसत और 201.73 के स्ट्राइक रेट से 232 रन बनाए हैं.
इंग्लैंड के विल जैक्स
जैक्स ने टी20 विश्व कप में अपनी टीम को 8 में से 6 मैच जिताने में अहम भूमिका निभाई है. उन्हें 4 बार प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला है. उन्होंने 8 मैचों में 226 रन बनाए और 9 विकेट लिए हैं.
पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान
फरहान ने 6 पारियों में 383 रन बनाकर टी20 विश्व कप के किसी एक टूर्नामेंट में सबसे अधिक रन बनाने का रिकॉर्ड बनाया. उन्होंने श्रीलंका और नामीबिया के खिलाफ शतक बनाए। किसी एक टी20 विश्व कप में यह कारनामा करने वाले वह पहले बल्लेबाज हैं.
साउथ अफ्रीका के लुंगी एनगिडी, न्यूजीलैंड के रचिन रविंद्र
एनगिडी ने 7 मैचों में 7.19 की इकॉनमी रेट से 12 विकेट लिए जबकि उनके कप्तान मार्क्रम ने 8 मैचों में 3 अर्धशतक की मदद से 286 रन बनाए और एक विकेट भी लिया. न्यूजीलैंड के ऑलराउंडर रविंद्र ने बल्ले और गेंद दोनों से अपनी टीम के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने अब तक आठ मैचों में 128 रन बनाए हैं और 11 विकेट लिए हैं।
अमेरिका के शाल्विक और न्यूजीलैंड के टिम सीफर्ट
अमेरिका भले ही ग्रुप चरण से बाहर हो गया, लेकिन तेज गेंदबाज वैन शाल्कविक ने गेंदबाजों के लिए एक मिसाल पेश की. उन्होंने केवल 4 मैच में 6.80 की इकॉनमी रेट से 13 विकेट लिए. विकेटकीपर बल्लेबाज सीफर्ट ने न्यूजीलैंड को टी20 विश्व कप के फाइनल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है. दाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 8 मैचों में 274 रन बनाए हैं. टूर्नामेंट का फाइनल भारत और न्यूजीलैंड के बीच रविवार को अहमदाबाद में खेला जाएगा.
ये भी पढ़ें: Oscars 2026 में चमक बिखेरेंगी Priyanka Chopra, मिली ये खास जिम्मेदारी




