Jaisalmer Train Fire: दिल्ली से जैसलमेर जा रही स्वर्ण नगरी एक्सप्रेस के एक डिब्बे के नीचे अचानक आग लगने से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। यह घटना रविवार सुबह जैसलमेर जिले के जेठा-चांधन रेलवे स्टेशन के पास हुई. आग की लपटें और धुआं उठता देख कुछ यात्रियों ने तुरंत लोको पायलट और रेलवे स्टाफ को इसकी सूचना दी. लोको पायलट ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक दिया.

20 मिनट की देरी से ट्रेन हुई रवाना
ट्रेन रुकते ही रेलवे कर्मचारियों ने तुरंत आग बुझाना शुरू कर दी. अग्निशमन यंत्रों की मदद से कुछ ही समय में आग पर काबू पा लिया गया। आग ट्रेन के एक डिब्बे के नीचे लगी थी, जिससे यात्रियों में दहशत फैल गई थी. हालांकि राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी भी तरह की जनहानि नहीं हुई और सभी यात्री सुरक्षित रहे। ट्रेन को करीब 20 मिनट की देरी से जैसलमेर के लिए रवाना कर दिया गया.

आग लगने का कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं
आग लगने के कारणों की रेलवे की तरफ से फिलहाल कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है. प्रारंभिक जांच में संकेत मिले हैं कि आग किसी तकनीकी खराबी या ब्रेक सिस्टम के हिस्से में अत्यधिक गर्मी पैदा होने के कारण लगी हो सकती है। रेलवे की तकनीकी टीम द्वारा विस्तृत जांच जारी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने के सही कारणों का पता चल सकेगा।




