Friday, February 27, 2026
HomeUser Interest CategoryIPL-CricketSunil Gavaskar ने की Abhishek Sharma की तारीफ, कहा-'उनकी पारी ने आलोचकों...

Sunil Gavaskar ने की Abhishek Sharma की तारीफ, कहा-‘उनकी पारी ने आलोचकों को करारा जवाब दिया’

Sunil Gavaskar ने Abhishek Sharma की टी20 वर्ल्ड कप में जिम्बाब्वे के खिलाफ 30 गेंदों पर 55 रन की पारी की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस पारी से आलोचकों को करारा जवाब मिला। साथ ही गावस्कर ने अभिषेक की संयमित और रक्षात्मक बल्लेबाजी शैली पर हैरानी भी जताई, जो उनके सामान्य आक्रामक अंदाज से अलग थी।

भारत के पूर्व कप्तान सुनील गावस्कर ने टी20 विश्व कप में जिम्बाब्वे के खिलाफ अर्धशतक लगाकर आलोचकों को चुप कराने के लिए अभिषेक शर्मा की सराहना की, लेकिन साथ उनके बल्लेबाजी के नए अंदाज को देखकर उन्होंने हैरानी जताई. अभिषेक इस टूर्नामेंट के दौरान अस्वस्थ भी रहे और 3 मैच में वह खाता भी नहीं खोल पाए. उन्होंने हालांकि जिम्बाब्वे के खिलाफ भारत की 72 रन की जीत में 30 गेंदों में 55 रन बनाकर फॉर्म में वापसी का संकेत दिया. गावस्कर ने जियोस्टार से कहा, ‘हम जानते हैं कि अभिषेक शर्मा कितने अच्छे बल्लेबाज. जिम्बाब्वे के खिलाफ 55 रन की इस पारी से उन्होंने अपने आलोचकों को चुप करा दिया.’

पूर्व क्रिकेटर ने कहा, ‘अभिषेक ने अपना स्वाभाविक खेल खेलने से पहले कुछ समय लिया. उनकी बल्लेबाजी में एक तरीका था. उन्होंने ऑफ स्पिनर का सम्मान किया, किसी भी तरह का जोखिम नहीं लिया तथा शांत और संयमित तरीके से खेले. गावस्कर ने कहा, ‘इस मैच में उन्होंने वास्तव में रक्षात्मक शॉट खेले. उन्होंने कुछ गेंद को रोका भी. मुझे यह देखकर हैरानी हुई क्योंकि हम आमतौर पर अभिषेक को ऐसा करते नहीं देखते हैं.’

‘अभिषेक के लिए यह एक सीखने का दौर’

इस दिग्गज बल्लेबाज ने कहा कि अभिषेक के लिए यह एक सीखने का दौर है. गावस्कर ने कहा, ‘मुझे सच में लगता है कि यह उसके लिए सीखने का एक अच्छा मौका है. हर क्रिकेटर लगातार 2 मैचों में रन न बना पाने के दौर से गुजरता है. बात सिर्फ इतनी है कि आप इससे कितना सीखते हैं. मुझे लगता है कि अभिषेक ने बहुत कुछ सीखा है और यह उसके लिए कोलकाता में वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाले महत्वपूर्ण मुकाबले में अच्छा साबित होगा.’

पिछले मैच से सबक लेना बहुत महत्वपूर्ण था: गावस्कर

गावस्कर ने कहा कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ करारी हार के बाद भारतीय टीम ने जल्द ही सबक लिया तथा दाएं और बाएं हाथ के बल्लेबाजी कॉम्बिनेशन को सुनिश्चित करने के लिए संजू सैमसन को शीर्ष क्रम में वापस लेकर आया. उन्होंने कहा, ‘कहते हैं कि जब तक कोई चीज खराब ना हो तो उसे ठीक करने की क्या जरूरत है. लेकिन दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ भारत बुरी तरह हार गया था. इससे उन्हें एहसास हुआ कि उन्हें शीर्ष क्रम में दाएं-बाएं हाथ के बल्लेबाजों के कॉम्बिनेशन की जरूरत है. पिछले मैच से सबक लेना बहुत महत्वपूर्ण था.’

‘वेस्टइंडीज की आक्रामक बल्लेबाजी से रहना होगा सावधान’

पूर्व कप्तान ने कहा कि रविवार को कोलकाता में होने वाले एक तरह के नॉकआउट मुकाबले में भारत को वेस्टइंडीज की आक्रामक बल्लेबाजी से सावधान रहना होगा. उन्होंने कहा, ‘वेस्टइंडीज अलग तरह की चुनौती है. उन्हें हल्के में नहीं लिया जा सकता. उनके बल्लेबाज शानदार फॉर्म में हैं. उनके गेंदबाज भी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं. वे विपक्षी टीम की गलतियों का फायदा उठाते हैं और सही समय पर विकेट लेते हैं. वेस्टइंडीज के बल्लेबाजों से निपटने के लिए भारत को अच्छी रणनीति बनानी होगी.’

ये भी पढ़ें: Rajasthan Private Bus Strike: निजी बस ऑपरेटरों की हड़ताल खत्म होने से बड़ी राहत, आज से 35 हजार बसें सड़कों पर लौटी

Premanshu Chaturvedi
Premanshu Chaturvedihttp://jagoindiajago.news
खबरों की दुनिया में हर लफ्ज़ को जिम्मेदारी और जुनून के साथ बुनने वाला। मेरा मानना है कि एक अच्छी खबर केवल सूचना नहीं देती, बल्कि समाज को सोचने, सवाल करने और बदलने की ताकत भी देती है। राजनीति से लेकर मानवता की कहानियों तक, हर विषय पर गहराई से शोध कर निष्पक्ष और सटीक रिपोर्टिंग करना ही मेरी पहचान है। लेखनी के जरिए सच्चाई को आवाज़ देना मेरा मिशन है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular