Saturday, April 11, 2026
HomeCrime Newsभड़काऊ पोस्ट पर सख्ती, देवबंद में मुफ्ती को ATS ने किया गिरफ्तार

भड़काऊ पोस्ट पर सख्ती, देवबंद में मुफ्ती को ATS ने किया गिरफ्तार

सहारनपुर। सहारनपुर के देवबंद क्षेत्र में उत्तर प्रदेश आतंकवाद निरोधक दस्ता (ATS) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मुफ्ती को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान मुफ्ती जाकिर के रूप में हुई है, जिस पर सोशल मीडिया के माध्यम से आपत्तिजनक और भड़काऊ सामग्री फैलाने के साथ-साथ पाकिस्तान में कुछ लोगों के संपर्क में रहने के आरोप लगे हैं।

एटीएस को खुफिया सूचना मिली थी कि देवबंद के ‘मिल वाला फाटक’ इलाके में रहने वाला यह व्यक्ति लगातार ऐसी पोस्ट साझा कर रहा है, जो सामाजिक सौहार्द बिगाड़ सकती हैं। इसी आधार पर टीम ने छापेमारी कर उसे हिरासत में लिया। एटीएस के अधिकारी सुधीर उज्ज्वल द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत में बताया गया कि जांच के दौरान आरोपी की ऑनलाइन गतिविधियों में कई संदिग्ध पहलू सामने आए।

जांच में यह भी सामने आया कि मुफ्ती जाकिर नागरिकता संशोधन कानून (CAA), राष्ट्रीय नागरिक पंजी (NRC), यूजीसी, मतदाता सूची पुनरीक्षण (SIR) और राम मंदिर से जुड़े मुद्दों पर भड़काऊ संदेश प्रसारित कर रहा था। इसके अलावा, कुछ विरोध प्रदर्शनों से जुड़ी कार्रवाई को लेकर भी वह लोगों को उकसाने का प्रयास कर रहा था।

रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी कुछ विवादित वीडियो से प्रभावित नजर आता है और ऐसे लोगों के प्रति नाराजगी भी रखता है, जो सांप्रदायिक सौहार्द की बात करते हैं। एटीएस ने यह भी दावा किया है कि वह व्हाट्सएप के जरिए पाकिस्तान स्थित कुछ व्यक्तियों और समूहों के संपर्क में था।

फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसके मोबाइल फोन व अन्य डिजिटल रिकॉर्ड की जांच की जा रही है। मामले की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है और संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जा रही है। जांच एजेंसियां आरोपी से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की पड़ताल में जुटी हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular