Monday, March 9, 2026
HomeUser Interest CategoryBusinessStock Market Crash: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण शेयर बाजार...

Stock Market Crash: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण शेयर बाजार धड़ाम, Sensex 2,346 अंक टूटा, निफ्टी 709 अंक फिसला

Stock Market Crash: पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के बीच कच्चे तेल की कीमतों में तेज उछाल और वैश्विक बाजारों में कमजोरी से सोमवार को शुरुआती कारोबार में घरेलू शेयर बाजार में भारी गिरावट आई. सेंसेक्स 2,346 अंक टूट गया जबकि निफ्टी में 709 अंक की गिरावट दर्ज की गई. विश्लेषकों ने कहा कि विदेशी निवेशकों की लगातार बिकवाली ने भी निवेशक धारणा पर असर डाला है.

BSE का 30 शेयरों वाला मानक सूचकांक Sensex शुरुआती कारोबार में 2,345.89 अंक यानी 2.97 प्रतिशत गिरकर 76,573.01 अंक पर आ गया. वहीं, NSE का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक Nifty 708.75 अंक यानी 2.89 प्रतिशत टूटकर 23,741.70 पर कारोबार कर रहा था.

इन कंपनियों के शेयर में गिरावट

सेंसेक्स में शामिल सभी 30 कंपनियों के शेयर गिरावट में कारोबार कर रहे थे। इंटरग्लोब एविएशन के शेयर करीब आठ प्रतिशत तक लुढ़क गए. टाटा स्टील, मारुति, भारतीय स्टेट बैंक, एटरनल, एशियन पेंट्स और आईसीआईसीआई बैंक में भी खासी गिरावट देखी गई.

इस बीच, अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल के दाम में बड़ा उछाल दर्ज किया गया. वैश्विक मानक ब्रेंट क्रूड 23.63 प्रतिशत बढ़कर 114.59 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया. जियोजित इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के मुख्य निवेश रणनीतिकार वी के विजयकुमार ने कहा, ‘ब्रेंट क्रूड के 115 डॉलर प्रति बैरल के करीब पहुंच जाने से वैश्विक अर्थव्यवस्थाओं और बाजारों को बड़ा झटका लगा है. यदि पश्चिम एशिया का संघर्ष लंबा खिंचता है और तेल की कीमतें ऊंची बनी रहती हैं तो भारत जैसे बड़े तेल आयातक देशों पर इसका नकारात्मक असर पड़ेगा.’

एशियाई और यूरोपीय बाजारों का हाल

एशिया के अन्य बाजारों में भी भारी गिरावट रही. दक्षिण कोरिया का सूचकांक कॉस्पी सात प्रतिशत से अधिक टूट गया, जबकि जापान का निक्की करीब 6.5 प्रतिशत गिरा। चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग भी नुकसान में रहे. अमेरिकी शेयर बाजार शुक्रवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे.

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 6,030.38 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे थे जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 6,971.51 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे थे. इससे पहले शुक्रवार को सेंसेक्स 1,097 अंक गिरकर 78,918.90 अंक और निफ्टी 315.45 अंक गिरकर 24,450.45 पर रहा था।

ये भी पढ़ें: सऊदी अरब की ईरान को चेतावनी, कहा-‘अरब देशों पर हमला जारी रहा तो बड़ा होगा बड़ा नुकसान’

Premanshu Chaturvedi
Premanshu Chaturvedihttp://jagoindiajago.news
खबरों की दुनिया में हर लफ्ज़ को जिम्मेदारी और जुनून के साथ बुनने वाला। मेरा मानना है कि एक अच्छी खबर केवल सूचना नहीं देती, बल्कि समाज को सोचने, सवाल करने और बदलने की ताकत भी देती है। राजनीति से लेकर मानवता की कहानियों तक, हर विषय पर गहराई से शोध कर निष्पक्ष और सटीक रिपोर्टिंग करना ही मेरी पहचान है। लेखनी के जरिए सच्चाई को आवाज़ देना मेरा मिशन है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular