Sri Ganganagar Drug Racket: राजस्थान के श्रीगंगानगर जिले में पुलिस और BSF ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सीमा पार से ड्रोन के जरिए गिराई गई करीब 10 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है. जब्त की गई हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 50 करोड़ रुपये आंकी गई है. हेरोइन की खेप भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास स्थित गांव 2 केएनडी में ड्रोन के जरिए गिराई गई.
खुफिया इनपुट के आधार पर एक्शन
पुलिस अधीक्षक हरिशंकर ने बताया कि इस मामले में 5 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पाक की ओर से ड्रोन से भारतीय सीमा में हेरोइन गिराने की सूचना सुरक्षा एजेंसियों को पहले से ही थी. इस आधार पर इलाके में घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया गया. इस दौरान पंजाब भागने की कोशिश कर रहे 3 संदिग्धों को मौके पर ही पकड़ लिया गया. बाद में पूछताछ में 2 और लोगों की संलिप्तता सामने आई, जिन्हें भी गिरफ्तार कर लिया गया.
बड़े अंतर्राज्यीय ड्रग रेकेट से जुड़ा हो सकता मामला
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रंजीत सिंह, रमेश (दोनों श्रीगंगानगर निवासी), गुरप्रीत सिंह, कीर्तन सिंह, सोनू सिंह (तीनों पंजाब निवासी) के रूप में हुई है. शुरुआती जांच में यह मामला बड़े अंतर-राज्यीय और इंटरनेशनल ड्रग तस्करी नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है. एजेंसियां अब इस नेटवर्क के अन्य कनेक्शन और सरगनाओं तक पहुंचने के लिए गहन जांच कर रही हैं.
ये भी पढ़ें: Iran Israel War: ईरान जंग के बीच IDF चीफ की चेतावनी ने बढ़ाई इजराइल की चिंता, कहा- ‘अगर समय रहते ध्यान नहीं दिया तो…’



