Friday, February 13, 2026
HomeUser Interest CategoryBusinessGold-Silver Price Today : चांदी पांच प्रतिशत गिरकर 2.55 लाख रुपये पर...

Gold-Silver Price Today : चांदी पांच प्रतिशत गिरकर 2.55 लाख रुपये पर आई, सोना 1.58 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर

मांग में नरमी के चलते शुक्रवार को सर्राफा बाजार में सोना-चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज हुई। चांदी करीब 5% टूटकर 2.55 लाख रुपये प्रति किलो और सोना 1.58 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के अनुसार निवेशकों की सतर्कता और अमेरिकी महंगाई आंकड़ों से पहले दबाव बना रहा, जबकि कोटक सिक्योरिटीज ने भू-राजनीतिक तनाव घटने को भी मांग कमजोर होने की वजह बताया।

Gold-Silver Price Today : नई दिल्ली। मांग में नरमी के बीच शुक्रवार को राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में बहुमूल्य धातुओं की कीमतों में पांच प्रतिशत तक की गिरावट आई। चांदी 2.55 लाख रुपये प्रति किलोग्राम रह गई, जबकि सोना 1.58 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के मुताबिक, चांदी की कीमत 13,500 रुपये यानी 5.03 प्रतिशत टूटकर 2,55,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी कर समेत) रह गई।

बृहस्पतिवार को यह 2,68,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर स्थिर बंद हुई थी। वहीं, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना भी 2,400 रुपये यानी 1.5 प्रतिशत टूटकर 1,58,500 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी कर समेत) रह गया। पिछले कारोबारी सत्र में यह 1,60,900 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।

एचडीएफसी सिक्योरिटीज में वरिष्ठ जिंस विश्लेषक सौमिल गांधी ने कहा, ‘‘शेयर बाजार में व्यापक बिकवाली के बीच सोने और चांदी में भारी गिरावट आई और शुक्रवार को भी दबाव बना रहा। निवेशकों ने बहुप्रतीक्षित अमेरिकी उपभोक्ता महंगाई के आंकड़ों के आने से पहले सावधानी का रुख अपनाया।’’ अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर चांदी 2.01 डॉलर यानी तीन प्रतिशत बढ़कर 77.30 डॉलर प्रति औंस हो गई, जबकि सोना लगभग एक प्रतिशत बढ़कर 4,968.40 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था।

कोटक सिक्योरिटीज की सहायक उपाध्यक्ष (जिंस शोध) कायनात चैनवाला ने कहा, ‘‘चांदी 79 डॉलर प्रति औंस के करीब कारोबार कर रही है, जबकि सोना 4,990 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया है। इसकी वजह यह है कि बाजार का ध्यान अमेरिकी उपभोक्ता मूल्य सूचकांक (सीपीआई) के आगामी आंकड़ों पर है।’’ उन्होंने कहा कि अमेरिका-ईरान तनाव और रूस-यूक्रेन संघर्ष को लेकर भू-राजनीतिक तनाव में थोड़ी कमी आने से भी सुरक्षित निवेश के तौर पर सोना-चांदी की मांग नरम पड़ी है।

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular