Monday, April 6, 2026
HomeUser Interest CategoryBusinessपश्चिम एशिया में युद्धविराम की उम्मीद और बैंक-आईटी शेयरों में खरीदारी से...

पश्चिम एशिया में युद्धविराम की उम्मीद और बैंक-आईटी शेयरों में खरीदारी से बाजार में जोरदार उछाल, इस वजह से आई तेजी

बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी में सोमवार को मजबूत बढ़त देखी गई। सेंसेक्स 787 अंक चढ़कर 74,106 पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 23,000 के करीब पहुंच गया। पश्चिम एशिया में युद्धविराम की उम्मीद और कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से बाजार को समर्थन मिला। बैंक और आईटी शेयरों में खरीदारी ने निवेशकों का भरोसा बढ़ाया

Share Marekt Update Today : मुंबई। स्थानीय शेयर बाजार सोमवार को शुरुआती गिरावट से उबरते हुए लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में बढ़त में रहे। बीएसई सेंसेक्स 787 अंक चढ़ा, जबकि एनएसई निफ्टी 23,000 अंक के करीब पहुंच गया। पश्चिम एशिया में युद्धविराम के प्रयासों की रिपोर्ट के बीच कच्चे तेल की कीमतों में नरमी से बाजार बढ़त में रहा।कारोबारियों के अनुसार, बैंक और आईटी शेयरों में अच्छी लिवाली और रुपये में मजबूती से भी निवेशकों की धारणा को समर्थन मिला।

उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 787.30 अंक यानी 1.07 प्रतिशत बढ़कर 74,106.85 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 887.91 अंक चढ़कर 74,207.46 अंक पर पहुंच गया था। बीएसई में सूचीबद्ध शेयरों में से 3,207 लाभ में रहे, जबकि 1,147 में गिरावट दर्ज की गयी। वहीं 190 के भाव अपरिवर्तित रहें। पचास शेयरों पर आधारित एनएसई निफ्टी 255.15 अंक यानी 1.12 प्रतिशत बढ़कर 22,968.25 अंक पर बंद हुआ।

इन कंपनियों के शेयरों में आई तेजी और गिरावट

रेलिगेयर ब्रोकिंग लि. के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) अजित मिश्रा ने कहा, ‘‘पश्चिम एशिया में संभावित युद्धविराम की खबरों के कारण कच्चे तेल की कीमतों में सुधार के साथ वैश्विक जोखिम धारणा में भी सुधार हुआ।’’ सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में से ट्रेंट में सबसे अधिक 7.89 प्रतिशत की तेजी रही। इसके अलावा एक्सिस बैंक, टाइटन, लार्सन एंड टुब्रो, अल्ट्राटेक सीमेंट और बजाज फाइनेंस भी प्रमुख रूप से लाभ में रहीं। दूसरी ओर, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचसीएल टेक और सन फार्मा के शेयर नुकसान में रहें।

इस वजह से आई बाजार में तेजी

जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लि. के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘घरेलू शेयर बाजारों में अच्छी तेजी देखी गई। सभी क्षेत्रों में निचले स्तर पर लिवाली से बाजार को समर्थन मिला। युद्धविराम के प्रयासों की खबरों के कारण कच्चे तेल की कीमतों में कुछ नरमी आई…जिसका बाजार पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा।’’ उन्होंने कहा कि हालांकि मुद्रास्फीति बढ़ने की आशंका और वैश्विक व्यापार में संभावित बाधाओं की चिंताओं के कारण जोखिम लेने की प्रवृत्ति अभी भी सतर्क बनी हुई है। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.71 प्रतिशत टूटकर 108.3 डॉलर प्रति बैरल पर रहा। एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और जापान का निक्की बढ़त के साथ बंद हुए। हांगकांग और शंघाई अवकाश के कारण बंद रहे।

शुक्रवार को ‘गुड फ्राइडे’ के कारण अमेरिकी और घरेलू शेयर बाजार बंद रहे थे। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बृहस्पतिवार को 9,931.13 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। हालांकि, घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 7,208.41 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। सेंसेक्स बृहस्पतिवार को 185.23 अंक बढ़कर 73,319.55 अंक पर बंद हुआ था जबकि निफ्टी 33.70 अंक के लाभ के साथ 22,713.10 अंक पर रहा था।

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular