Israel Iran War : मॉस्को। रूस के विदेश मंत्रालय ने शनिवार को ईरान पर अमेरिकी-इजराइल हमलों की निंदा करते हुए इसे ‘‘संयुक्त राष्ट्र के एक संप्रभु एवं स्वतंत्र सदस्य देश के खिलाफ पूर्व नियोजित और अकारण की गई सशस्त्र आक्रामकता’’ बताया तथा सैन्य अभियान को तत्काल रोकने और कूटनीति की ओर लौटने की मांग की।

रूस ने ईरान पर हमलों की निंदा की
मंत्रालय ने टेलीग्राम पर पोस्ट किए गए एक बयान में कहा कि वाशिंगटन और तेल अवीव ईरानी परमाणु कार्यक्रम के बारे में चिंताओं की आड़ में तेहरान में सत्ता परिवर्तन की कोशिश कर रहे हैं। इसने कहा कि हमलों से क्षेत्र में ‘‘मानवीय, आर्थिक और संभवतः रेडियोधर्मी तबाही’’ का खतरा है तथा अमेरिका और इजराइल पश्चिम एशिया को काबू न किए जा सकने वाले टकराव की ओर धकेलना चाहते हैं। रूस ने अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (आईएईए) के सुरक्षा उपायों के तहत आने वाले परमाणु संयंत्रों पर बमबारी को ‘‘अस्वीकार्य’’ बताया और कहा कि वह शांतिपूर्ण समाधान में मध्यस्थता करने के लिए तैयार है। इसने तनाव बढ़ने के लिए पूरी तरह अमेरिका और इज़राइल को जिम्मेदार ठहराया।
ईरान पर इजराइल का बड़ा हमला
इजराइल ने ईरान पर पूर्व-नियोजित हमला शुरू करने के साथ ही पूरे देश में ‘‘तत्काल आपात स्थिति’’ घोषित कर दी है। इजराइल के रक्षा मंत्री इजराइल काट्ज ने शनिवार को यह जानकारी दी। इजराइल के ‘पूर्व-नियोजित’’ हमलों के बाद पूरे देश में सायरन बजने लगे। काट्ज ने कहा, इजराइल ने अपने ऊपर खतरों को समाप्त करने के लिए ईरान के खिलाफ पूर्व-नियोजित हमला किया है। इजराइल रक्षा बलों (आईडीएफ) की ‘होम फ्रंट कमांड’ ने नागरिकों को चेतावनी दी कि वे सायरन बजने की स्थिति में बम से बचने के लिए बनाए गए आश्रय स्थल के पास ही रहें। होम फ्रंट कमांड के संदेश में कहा गया है कि ‘‘सुरक्षा स्थिति को देखते हुए’’ नागरिक यह सुनिश्चित करें कि उनके नजदीक सुरक्षित आश्रय स्थल कहां है और वे गैर-जरूरी यात्रा से बचें। आईडीएफ ने कहा कि यह ‘‘चेतावनी’’ जनता को इस आशंका के लिए तैयार करने के उद्देश्य से जारी की गई है कि इजराइल की ओर मिसाइल दागी जा सकती हैं।
हालांकि, सेना ने यह भी कहा कि फिलहाल लोगों को आश्रय स्थल में जाने की तत्काल आवश्यकता नहीं है। इस बीच, एअर इंडिया की तेल अवीव से नयी दिल्ली जाने वाली उड़ान एआई-140 में चढ़ने का इंतजार कर रहे यात्रियों को अपना सामान छोड़कर बम से बचने के लिए बनाए गए आश्रय स्थलों की ओर भागना पड़ा। एक यात्री ने ‘पीटीआई’ को बताया कि उन्हें ‘‘सब कुछ छोड़कर तुरंत बम आश्रय स्थल में जाने’’ के लिए कहा गया। भारतीय विमानन कंपनी ने अधिकारियों को सूचित किया है कि वह स्थिति पर नजर रखने के लिए कल यानी रविवार से इस मार्ग पर अपनी उड़ान सेवाएं एक सप्ताह के लिए स्थगित कर देगी।




