Friday, March 20, 2026
HomePush NotificationAjit Pawar death Case : रोहित पवार ने अजित पवार के आवासों...

Ajit Pawar death Case : रोहित पवार ने अजित पवार के आवासों के पास काला जादू किये जाने के घटना की जांच की मांग की

रोहित पवार ने दिवंगत अजित पवार के आवासों के पास कथित काले जादू की घटनाओं की गहन जांच की मांग की है। उन्होंने इन घटनाओं को चिंताजनक बताते हुए दोषियों और संभावित राजनीतिक साजिश का पता लगाने की अपील की।पार्टी नेता अमोल मितकारी के दावों के अनुसार, यह मामला एक ज्योतिषी और आश्रम से जुड़ा हो सकता है। नेताओं ने अंधविश्वास के खिलाफ सख्त कार्रवाई और पूरे मामले की पारदर्शी जांच की जरूरत पर जोर दिया।

Ajit Pawar death Case : मुंबई। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा)- शरदचंद्र पवार (शप) नेता रोहित पवार ने शुक्रवार को दिवंगत उपमुख्यमंत्री अजित पवार के आवासों के पास पिछले साल कथित तौर पर किए गए काले जादू की घटनाओं की गहन जांच और इन कृत्यों को अंजाम देने वाले लोगों की पहचान करने की मांग की। अजित पवार का 28 जनवरी को बारामती में एक विमान दुर्घटना में निधन हो गया था। इस हादसे में चार अन्य लोगों की भी मौत हो गई थी।

देवगिरी बंगले के पास कथित तौर पर की जा रही काला जादू की घटनाओं की खबरें ‘बेहद चिंताजनक’ : रोहित पवार

रोहित पवार ने पार्टी सहयोगी अमोल मितकारी द्वारा ‘एक्स’ पर दिए गए बयानों का हवाला देते हुए कहा कि पुणे जिले के भिगवान रोड स्थित सहयोग सोसाइटी में अजित पवार के आवास के बाहर और मुंबई में देवगिरी बंगले के पास कथित तौर पर की जा रही काला जादू की घटनाओं की खबरें ‘बेहद चिंताजनक’ हैं, जिनमें नासिक के एक ज्योतिषी का कथित तौर पर हाथ है। उन्होंने कहा, “महाराष्ट्र जैसे प्रगतिशील राज्य में अंधविश्वास या इस तरह की धोखाधड़ी के लिए कोई जगह नहीं है। फिर भी, सामने आ रही जानकारी से मामला बेहद गंभीर प्रतीत होता है।”

अजित पवार के भतीजे व करजात-जामखेड से विधायक रोहित पवार ने अधिकारियों से घटनाक्रम की जांच कराने और इन कृत्यों को अंजाम देने वालों के साथ-साथ उनके राजनीतिक मकसद का पता लगाने का आग्रह किया। इससे पहले, विधायक मितकारी ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में पुणे जिले में नवंबर 2025 में कथित तौर पर किए गए काले जादू के अनुष्ठानों पर गंभीर सवाल उठाए थे और मामले की विस्तृत जांच की मांग की थी। उन्होंने दावा किया कि ये अनुष्ठान स्वयंभू ज्योतिषी अशोककुमार खरात द्वारा संचालित ‘शिवलिका आश्रम’ से कथित तौर पर जुड़े हुए थे।

मितकारी ने खरात को ‘पाखंडी बाबा’ बताया। मितकारी ने कहा कि खरात का वीएसआर कनेक्शन सामने आया है। उन्होंने सवाल उठाया कि अजित पवार ने 27 जनवरी को पुणे की सड़क यात्रा तय होने के एक दिन बाद 28 जनवरी को वीएसआर द्वारा संचालित विमान से यात्रा क्यों की? मितकारी ने पूछा कि विमान यात्रा किसके कहने पर की गई थी और यह भी जानना चाहा कि क्या पवार का कोई करीबी सहयोगी खरात का अनुयायी है?

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular