Friday, February 6, 2026
HomePush NotificationShare Market Update Today : RBI की मौद्रिक नीति से शेयर बाजार...

Share Market Update Today : RBI की मौद्रिक नीति से शेयर बाजार में तेजी, सेंसेक्स 266 अंक मजबूत, इन शेयरों में जबरदस्त उछाल

आरबीआई द्वारा रेपो दर 5.25 प्रतिशत पर स्थिर रखने और रीट को कर्ज देने की मंजूरी के प्रस्ताव के बाद घरेलू शेयर बाजार बढ़त के साथ बंद हुए। सेंसेक्स 266 अंक चढ़ा जबकि निफ्टी 51 अंक ऊपर रहा। एफएमसीजी और निजी बैंक शेयरों में लिवाली से बाजार को समर्थन मिला, जबकि आईटी शेयर दबाव में रहे।

Share Market Update Today : मुंबई। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) की तरफ से नीतिगत ब्याज दरों को स्थिर रखने और ‘रियल एस्टेट निवेश ट्रस्ट’ (रीट) को कर्ज देने की मंजूरी के प्रस्ताव के बाद घरेलू शेयर बाजार शुक्रवार को चढ़कर बंद हुए। सेंसेक्स में 266 अंक की बढ़त रही जबकि निफ्टी 51 अंक की तेजी में रहा। कारोबारी सत्र के अंतिम चरण में हुई लिवाली से बीएसई का 30 शेयर वाला मानक सूचकांक सेंसेक्स 266.47 अंक यानी 0.32 प्रतिशत चढ़कर 83,580.40 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सेंसेक्स में दिन के निचले स्तर 82,925.35 से 655.05 अंक का तेज उछाल देखने को मिली। वहीं, एनएसई का 50 शेयरों वाला मानक सूचकांक निफ्टी 50.90 अंक यानी 0.20 प्रतिशत की बढ़त के साथ 25,693.70 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान बाजार में काफी उतार-चढ़ाव की स्थिति बनी रही।

इन शेयरों में आई तेजी

आरबीआई ने अपनी द्विमासिक मौद्रिक नीति समीक्षा में रेपो दर को 5.25 प्रतिशत पर अपरिवर्तित रखने का फैसला किया। केंद्रीय बैंक की छह-सदस्यीय मौद्रिक नीति समिति (एमपीसी) में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया। इसके साथ ही आरबीआई ने अपना तटस्थ मौद्रिक रुख भी कायम रखा, जिससे संकेत मिलता है कि फिलहाल दरों में बदलाव की संभावना कम है। सेंसेक्स की कंपनियों में से आईटीसी में सर्वाधिक 5.09 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई। इसके अलावा कोटक महिंद्रा बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, भारती एयरटेल, बजाज फाइनेंस, पावर ग्रिड और बजाज फिनसर्व के शेयर भी बढ़त में रहे। दूसरी तरफ, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), टेक महिंद्रा, अदाणी पोर्ट्स, एशियन पेंट्स, इटर्नल और एचसीएल टेक के शेयर गिरावट के रुख के साथ बंद हुए।

जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, घरेलू शेयर बाजारों में अधिकांश समय नरम कारोबार ही हुआ लेकिन सत्र के अंतिम समय में एफएमसीजी और निजी बैंकों के शेयरों में लिवाली आने से सूचकांक चढ़ गए। नायर ने आरबीआई की मौद्रिक नीति को उम्मीदों के अनुरूप बताते हुए कहा कि इससे वृद्धि को लेकर सकारात्मक संकेत दिए गए हैं। क्षेत्रवार सूचकांकों में एफएमसीजी खंड ने सर्वाधिक 2.05 प्रतिशत का उछाल दर्ज हुआ, जबकि दूरसंचार खंड में 0.91 प्रतिशत, बिजली खंड में 0.64 प्रतिशत और रियल्टी खंड में 0.63 प्रतिशत की तेजी रही।

इस वजह से आई शेयर बाजर में तेजी

दूसरी तरफ, फोकस आईटी खंड में 1.71 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई जबकि आईटी खंड में 1.41 प्रतिशत, सेवा खंड में 0.87 प्रतिशत और पीएसयू बैंक खंड में 0.50 प्रतिशत की गिरावट रही। साप्ताहिक आधार पर बीएसई सेंसेक्स ने कुल 2,857.46 अंक यानी 3.53 प्रतिशत की तेजी दर्ज की जबकि एनएसई निफ्टी में 868.25 अंक यानी 3.49 प्रतिशत की बढ़त रही। आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा ने रियल एस्टेट क्षेत्र में वित्तपोषण को बढ़ावा देने के लिए रीट को कर्ज देने की मंजूरी का प्रस्ताव रखे जाने की जानकारी दी। हालांकि, बैंकों को कुछ विवेकपूर्ण सुरक्षा उपायों के साथ ही यह मंजूरी दी जाएगी।

ऑनलाइन ट्रेडिंग मंच एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी पोनमुडी आर. ने कहा कि आरबीआई की रीट को कर्ज देने के बारे में नियामकीय स्पष्टता देने से निवेशक धारणा को समर्थन मिला। एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में रहे, जबकि जापान का निक्की बढ़त के साथ बंद हुआ। अधिकांश यूरोपीय बाजारों में दोपहर के कारोबार में तेजी का रुख देखा जा रहा था। अमेरिकी बाजार बृहस्पतिवार को गिरावट के साथ बंद हुए थे। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बृहस्पतिवार को 2,150.51 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.20 प्रतिशत चढ़कर 68.34 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। सेंसेक्स बृहस्पतिवार को 503.76 अंक के नुकसान के साथ 83,313.93 अंक और निफ्टी 133.20 अंक फिसलकर 25,642.80 अंक पर रहा था।

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular