Friday, March 27, 2026
HomePush NotificationPalghar Swayambhu Baba Case : पालघर के ‘स्वयंभू बाबा’ पर बलात्कार का...

Palghar Swayambhu Baba Case : पालघर के ‘स्वयंभू बाबा’ पर बलात्कार का मामला दर्ज, खरात मामले के बाद पीड़िता ने जुटाया साहस

महाराष्ट्र के पालघर जिले में खुद को भगवान शिव का अवतार बताने वाले स्वयंभू बाबा पर एक महिला से बलात्कार का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार पुणे की 35 वर्षीय महिला ने आरोप लगाया कि 2023 में फेसबुक के जरिए संपर्क में आए आरोपी ने उसे नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म किया और तस्वीरों के जरिए ब्लैकमेल किया। महिला ने नासिक के एक अन्य बाबा की गिरफ्तारी के बाद हिम्मत जुटाकर शिकायत दर्ज कराई।

Palghar Swayambhu Baba Case : पालघर/पुणे। महाराष्ट्र में खुद को भगवान शिव का अवतार बताकर महिला से बलात्कार करने के आरोप में पालघर जिले के एक स्वयंभू बाबा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि नासिक में बलात्कार के आरोपी स्वयंभू बाबा अशोक खरात की हालिया गिरफ्तारी के बाद पुणे निवासी 35 वर्षीय महिला ने आरोपी हृषिकेश वैद्य (40) के खिलाफ शिकायत दर्ज कराने का साहस जुटाया। हालांकि, आरोपी वैद्य ने फेसबुक पर एक पोस्ट कर अपने ऊपर लगे आरोपों को खारिज करते हुए दावा किया कि उसके खिलाफ झूठा मामला दर्ज किया गया है।

स्वयंभू बाबा पर महिला से दुष्कर्म और ब्लैकमेल करने का मामला दर्ज

पुलिस के अनुसार, महिला पहली बार 2023 में फेसबुक के जरिए आरोपी के संपर्क में आई थी। दर्ज प्राथमिकी के हवाले से एक अधिकारी ने कहा, ‘‘उस साल (2023) दिसंबर में आरोपी महिला से मिलने पुणे गया था। उसने कथित तौर पर यह दावा किया कि वह महादेव (भगवान शिव) का अवतार है और वह उसकी ‘पार्वती’ है।’’ शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि व्यक्ति उसे पुणे के मांजरी इलाके के एक लॉज में ले गया और उसे कोई नशीला पदार्थ पिलाया तथा इसके बाद उसके साथ बलात्कार किया। आरोपी ने कथित तौर पर महिला की तस्वीरें भी ले लीं।

महिला के अनुसार, आरोपी का पालघर जिले में एक सामाजिक संगठन है और उसने तस्वीरों के जरिए उसे ‘ब्लैकमेल’ किया तथा पिछले साल मई में फिर से उसका यौन उत्पीड़न करने की कोशिश की। वसई के माणिकपुर थाने के वरिष्ठ निरीक्षक हीरालाल जाधव ने बताया कि महिला ने नासिक के खरात मामले से साहस मिलने के बाद शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने कहा कि अपराध कथित तौर पर पुणे में हुआ था, इसलिए मामले को पुणे के हडपसर थाने स्थानांतरित कर दिया गया है।

शिकायतकर्ता ने यह भी आरोप लगाया है कि आरोपी ने इसी तरह बहला-फुसलाकर कई अन्य महिलाओं का भी यौन शोषण किया है। अधिकारी ने बताया कि आरोपी को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस उपायुक्त (अपराध) निखिल पिंगले ने कहा, ‘‘एक महिला की शिकायत के आधार पर हडपसर थाने में स्वयंभू बाबा के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। हमने उसे पकड़ने के लिए टीम गठित कर दी है।’’

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular