Monday, July 1, 2024
Homechunavi halchalShocked for BJP : विधायक बनने से पहले मंत्री बने सुरेंद्रपाल...

Shocked for BJP : विधायक बनने से पहले मंत्री बने सुरेंद्रपाल ​​​​​​​टीटी ​​​​​​​हारे करणपुर से विधानसभा चुनाव, 11 हजार वोटों से हारने के बाद देना पड़ा इस्तीफा

जयपुर। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नवगठित सरकार को सोमवार को उस समय करारा झटका लगा जब विपक्षी कांग्रेस के प्रत्याशी रुपिन्दर सिंह कुन्नर ने करणपुर विधानसभा सीट जीत ली। कुन्नर ने इस सीट से भाजपा के उम्मीदवार और राज्यमंत्री सुरेन्द्रपाल सिंह टीटी को 11,283 मतों से हराया। भाजपा ने इस सीट से चुनाव लड़ रहे टीटी को न केवल मंत्री बनाया बल्कि उन्हें विभाग भी आवंटित कर दिए थे। चुनाव परिणाम आने के बाद टीटी ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया जिसे राज्यपाल कलराज मिश्र ने स्वीकार कर लिया।

कांग्रेस प्रत्याशी गुरमीत सिंह के निधन के कारण करणपुर सीट पर चुनाव स्थगित किया गया था। विजेता रुपिंदर, गुरमीत सिंह के बेटे हैं। यहां पांच जनवरी को मतदान हुआ था और मतों की गिनती सोमवार को हुई।

निर्वाचन विभाग की वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी के अनुसार कांग्रेस प्रत्याशी रुपिन्दर सिंह को 94,950 वोट मिले जबकि टीटी को 83,667 वोट मिले। तीसरे स्थान पर रहे ‘आम आदमी पार्टी’ प्रत्‍याशी पिरथीपाल सिंह को 11,940 वोट मिले।

इस जीत के साथ ही राज्य की 200 सदस्यीय विधानसभा में कांग्रेस के विधायकों की संख्या बढ़ कर 70 हो गई है। प्रदेश में सत्तारूढ़ भाजपा के 115 विधायक हैं। राज्य में विधानसभा की 200 में से 199 सीटों के लिए 25 नवंबर को मतदान हुआ था और नतीजे तीन दिसंबर को घोषित किये गये थे। भजनलाल शर्मा ने 15 दिसंबर को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। कांग्रेस प्रत्याशी और तत्कालीन विधायक गुरमीत सिंह कुन्नर के निधन के कारण करणपुर सीट पर चुनाव स्थगित कर दिया गया था

महज 9 दिन में देना पड़ा इस्तीफा

इस हार को राज्य में लगभग एक महीने पहले ही सत्ता में आने वाली भाजपा के लिए करारा झटका माना जा रहा है। भाजपा ने करणपुर सीट से चुनाव लड़ रहे सुरेन्द्रपाल सिंह टीटी को 30 दिसंबर को बतौर राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) मंत्रिपरिषद में शामिल किया था। उन्हें कृषि विपणन विभाग, इंदिरा गांधी नहर विभाग तथा अल्पसंख्यक मामले एवं वक्फ विभाग दिया गया था, लेकिन उन्होंने कार्यभार ग्रहण नहीं किया था।

राज्यपालने स्वीकार किया इस्तीफा

टीटी के लिए यह लगातार दूसरी हार है। साल 2018 में हुए पिछले विधानसभा चुनाव में वह तीसरे स्थान पर रहे थे। वहीं हारने के बाद टीटी ने सोमवार रात अपने पद से इस्तीफा दे दिया। राजभवन के प्रवक्ता के अनुसार मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा द्वारा अग्रेषित राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) सुरेंद्र पाल सिंह टीटी के त्यागपत्र को राज्यपाल ने तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया है।

Bikaner: Congress supporters celebrate after party’s leader Rupinder Singh Koonar won the Karanpur assembly election, defeating BJP minister Surendra Pal Singh by 11,283 votes, in Bikaner, Monday, Jan. 8, 2024. (PTI Photo) (PTI01_08_2024_000159B)

मुख्यमंत्री बोले, जनादेश को सहर्ष स्वीकार करते हैं

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, करणपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी सुरेंद्र पाल सिंह टीटी ने जनादेश को सहर्ष स्वीकार करते हुए मंत्री पद से त्यागपत्र दे दिया। आप पुनः करणपुर विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों मे समर्पित रहेंगे।’’ वहीं सत्तारूढ़ भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सीपी जोशी ने कहा कि हार के कारणों की समीक्षा की जाएगी।

जनता ने भाजपा के अभिमान को हराया : गहलोत

वहीं, कांग्रेस ने इस हार को लेकर भाजपा पर निशाना साधा। पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा क‍ि इलाके की जनता ने भाजपा को सबक सिखाया है। गहलोत ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘करणपुर की जनता ने भारतीय जनता पार्टी के अभिमान को हराया है। चुनाव के बीच प्रत्याशी को मंत्री बनाकर आचार संहिता और नैतिकता की धज्जियां उड़ाने वाली भाजपा को जनता ने सबक सिखाया है।’’ गहलोत ने कहा, ‘‘करणपुर में कांग्रेस प्रत्याशी रुपिन्दर सिंह कुन्नर को जीत की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। यह जीत दिवंगत गुरमीत सिंह कुन्नर के जनसेवा कार्यों को समर्पित है।’’

सभी मतदाताओं का आभार व्यक्त करता हूं : रुपिंदर

जीत के बाद रुपिन्दर सिंह ने कहा, ‘‘मैं करणपुर के सभी मतदाताओं का आभार व्यक्त करता हूं। जिन्होंने विपरीत परिस्थितियों में, सरकार का इतना दबाव होते हुए भी … कई केंद्रीय मंत्रियों के प्रचार के लिए आने के बावजूद … सबको नकारते हुए लोकतंत्र की जीत करवाई है।’’ उन्होंने कहा कि वह इलाके की जनता को निराश नहीं करेंगे।

तानाशाही एवं अलोकतांत्रिक नीति पर करारा तमाचा

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि ‘‘यह जनादेश भाजपाई तानाशाही एवं अलोकतांत्रिक नीति पर करारा तमाचा है।’’ उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘जब देश की संवैधानिक संस्थाएं अपना दायित्व भूल जाएं, तब जनता की अदालत में न्याय होता है। करणपुर की स्वाभिमानी जनता-जनार्दन को कोटिश: प्रणाम। करणपुर का यह जनादेश भाजपाई तानाशाही एवं अलोकतांत्रिक नीति पर करारा तमाचा है।’’

आचार संहिता व संविधान की धज्जियां उड़ाईं

कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा, ‘‘भाजपा ने आचार संहिता व संविधान की धज्जियां उड़ाते हुए चुनाव के बीच ही अपने प्रत्याशी को मंत्री पद देकर लोगों को लालच देने की कोशिश की लेकिन तमाम कोशिशें के बावजूद करणपुर की जनता ने कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में अपना आशीर्वाद दिया।’’

कांग्रेस की विचारधारा पर जताया भरोसा

पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट ने भी कांग्रेस उम्मीदवार को जिताने के लिए क्षेत्र के मतदाताओं का आभार जताया। उन्होंने सोशल मीडिया मंच पर लिखा, ‘‘मुझे खुशी है कि करणपुर की स्वाभिमानी जनता ने कांग्रेस की रीति-नीति और विचारधारा पर विश्वास जता कर प्रगति, खुशहाली और अपने सुरक्षित भविष्य को चुना है।’’

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments