Wednesday, March 11, 2026
HomePush NotificationElectricity Crisis in Summer: गर्मी में नहीं होगा बिजली संकट, इस दावे...

Electricity Crisis in Summer: गर्मी में नहीं होगा बिजली संकट, इस दावे में कितना दम

Electricity Crisis in Summer: हर साल सरकारें और बिजली विभाग गर्मी में बिजली संकट न होने का दावा करते हैं। लेकिन जैसे-जैसे तापमान बढ़ता है, वैसे-वैसे यह दावे भी हवा हो जाते हैं। शहरों से लेकर गांवों तक घंटों बिजली कटौती आम बात बन जाती है और लोग भीषण गर्मी में परेशान होते रहते हैं।

प्रतीक चौवे, संपादक

गर्मी आते ही तरह-तरह के दावे-वादे होते हैं। अब बिजली की किल्लत नहीं होगी, इसको लेकर भी ऊर्जा मंत्री समेत अन्य अधिकारी भी यही वादा करते दिख रहे हैं। मंगलवार को हुई बैठक में ऊर्जा मंत्री हीरालाल नागर ने हमेशा की तरह बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। कुल मिलाकर यह कहा जा रहा है कि इस बार गर्मी में बिजली की कोई किल्लत नहीं होने वाली है। यह हर साल होता है, हर बार जनता छली जाती है। भीषण गर्मी में बिजली कटोती से कौन अनजान है। हर साल गर्मी शुरू होते ही बिजली की किल्लत की चर्चा तेज हो जाती है। सरकारें और बिजली विभाग यह दावा करते हैं कि इस बार पूरी तैयारी है और कहीं भी बिजली की कमी नहीं होने दी जाएगी। लेकिन जैसे-जैसे तापमान बढ़ता है, वैसे-वैसे यह दावे भी हवा हो जाते हैं। शहरों से लेकर गांवों तक घंटों बिजली कटौती आम बात बन जाती है और लोग भीषण गर्मी में परेशान होते रहते हैं। दरअसल हर साल गर्मी से पहले बिजली की मांग बढ़ने का अंदाजा लगाना मुश्किल नहीं है। इसके बावजूद बिजली व्यवस्था को मजबूत करने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जाते। ट्रांसफॉर्मर की क्षमता बढ़ाने, लाइनों के रखरखाव और पर्याप्त बिजली खरीदने की योजनाएं कागजों में तो बनती हैं, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही नजर आती है। नतीजा यह होता है कि गर्मी बढ़ते ही बिजली तंत्र जवाब देने लगता है। सबसे ज्यादा परेशानी ग्रामीण क्षेत्रों और छोटे कस्बों में होती है। कई जगहों पर दिन में कई-कई घंटे बिजली गायब रहती है। किसान सिंचाई के लिए परेशान होते हैं, छोटे कारोबार ठप पड़ जाते हैं और आम लोग गर्मी से बेहाल हो जाते हैं। शहरों में भी हालात बहुत बेहतर नहीं हैं। कहीं ट्रिपिंग तो कहीं लंबे कट, लोगों की दिनचर्या को प्रभावित करते हैं।

दरअसल गर्मी के मौसम में बिजली की मांग अचानक बहुत ज्यादा बढ़ जाती है। एयर कंडीशनर, कूलर, पंखे और पानी की मोटरों के इस्तेमाल से बिजली की खपत कई गुना बढ़ जाती है। कई राज्यों में यह मांग सामान्य दिनों की तुलना में 20 से 30 प्रतिशत तक बढ़ जाती है। बिजली उत्पादन और वितरण तंत्र इस अतिरिक्त दबाव को संभालने के लिए अक्सर पर्याप्त तैयार नहीं होता। सबसे बड़ी समस्या बिजली वितरण व्यवस्था की कमजोरी है। कई जगह ट्रांसफॉर्मर पुराने हैं, बिजली की लाइनें जर्जर हैं और क्षमता से ज्यादा लोड पड़ने पर वे बार-बार ट्रिप हो जाती हैं। गर्मी में जब मांग बढ़ती है तो यह कमजोर ढांचा तुरंत जवाब देने लगता है और लोगों को बार-बार बिजली कटौती झेलनी पड़ती है। गर्मी हर साल आती है, लेकिन कई बार तैयारी आखिरी समय में शुरू होती है। अगर समय रहते बिजली उत्पादन, खरीद और वितरण व्यवस्था को मजबूत किया जाए तो इस समस्या को काफी हद तक कम किया जा सकता है।

अब जरूरत इस बात की है कि केवल दावे करने के बजाय दीर्घकालिक योजना बनाएं। बिजली उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ सौर और अन्य वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों को बढ़ावा दिया जाए। साथ ही बिजली वितरण तंत्र को मजबूत किया जाए ताकि बढ़ती मांग को संभाला जा सके। जब तक इन बुनियादी समस्याओं का समाधान नहीं होगा, तब तक हर गर्मी में बिजली की कमी और परेशानियों का यह सिलसिला चलता ही रहेगा। असल में बिजली आज के समय में केवल सुविधा नहीं बल्कि बुनियादी जरूरत बन चुकी है। इसलिए गर्मी के मौसम में बिजली आपूर्ति को सुचारु बनाए रखना सरकार और बिजली विभाग की बड़ी जिम्मेदारी है। अगर समय रहते उत्पादन और वितरण व्यवस्था को मजबूत किया जाए तो लोगों को इस तरह की परेशानियों से काफी हद तक राहत मिल सकती है। जनता की पीड़ा को समझा जाए, बिजली की गड़बड़ी की शिकायत दूर करने में घंटों लग जाते हैं। जबरन नए मीटर लगाए जाने की परेशानी नहीं सुनी जाती। ऐसे में बिजली किल्लत नहीं होने का दावा बेमानी सा लगता है। बहरहाल सरकार अपने वादे पर खरा उतरे तो जनता का भरोसा अपने आप बढ़ जाएगा।

Prateek Chauvey
Prateek Chauveyhttps://jagoindiajago.news/
माननीय प्रतीक चौबे जी(Prateek Chauvey ) द्वारा प्रस्तुत यह मंच जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और प्रेरणा भरने का प्रयास है। यहाँ दी गई जानकारी आपकी व्यक्तिगत और व्यावसायिक यात्रा में सहायक होगी, आपको नई सोच के साथ बदलाव और सफलता की ऊँचाइयों तक पहुँचने के लिए प्रेरित करेगी।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular