Wednesday, February 11, 2026
HomePush NotificationRajasthan Budget 2026: वित्त मंत्री दिया कुमारी आज विधानसभा में पेश करेंगी...

Rajasthan Budget 2026: वित्त मंत्री दिया कुमारी आज विधानसभा में पेश करेंगी बजट, इन सौगातों का हो सकता ऐलान

Rajasthan Budget 2026: वित्त मंत्री दिया कुमारी आज सुबह 11 बजे राजस्थान विधानसभा में बजट 2026-27 पेश करेंगी। इस बजट में रोजगार, पर्यटन, इंफ्रास्ट्रक्चर, सोलर एनर्जी, ई-व्हीकल, मेट्रो और महिलाओं के सशक्तिकरण पर बड़े ऐलान की उम्मीद है।

Rajasthan Budget 2026:

राजस्थान विधानसभा में बुधवार यानि आज सुबह 11 बजे डिप्टी सीएम व वित्त मंत्री दिया कुमारी 2026-27 का बजट पेश करेंगी। राज्य बजट 2026-27 ना केवल प्रदेश की अर्थव्यवस्था का रोडमैप तय करेगा, बल्कि आम आदमी की जेब, रोजगार, किसानों की समृद्धि और बुनियादी ढांचे पर सीधा असर डालेगा। राजनीतिक और आर्थिक विशेषज्ञों के अनुसार यह बजट ‘जनता की उम्मीदों’ और ‘विकास की गारंटी’ के बीच संतुलन बनाने वाला होगा। उम्मीद जताई जा रही है कि सरकार पर्यटन, इंफ्रास्ट्रक्चर, उद्योग, शहर की ट्रैफिक व्यवस्था और रोजगार को लेकर बड़ी घोषणाएं कर सकती है। साथ ही, बढ़ते शहरीकरण के बीच पर्यावरण सुरक्षा, ई-व्हीकल्स, पीएम सूर्य घर योजना, कुसुम योजना, ग्रीन एनर्जी कॉरिडोर, मेट्रो परियोजना सहित महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बड़े निर्णय लिए जा सकते हैं। खासकर सोलर एनर्जी को लेकर बड़ी घोषणाएं संभव हैं, क्योंकि राइजिंग राजस्थान के दौरान 35 लाख करोड़ रुपए के एमओयू में अधिकतर सोलर को लेकर ही हुए थे। कुल मिलाकर आशा है कि प्रदेश का बजट महिला, युवा, किसान और व्यापारी सभी को ध्यान में रखकर बनाया गया है, ताकि विकसित राजस्थान के संकल्प को गति मिल सके।

मिल सकती हैं ये बड़ी सौगातें

पीएम सूर्यघर योजना के लिए बढ़ सकती सब्सिडी: पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना को मजबूती प्रदान करने के लिए राज्य स्तर पर सब्सिडी बढ़ाई जा सकती है, जिससे लोग घरों की छत पर सोलर लगाने के लिए प्रेरित हो सकें। उद्योगों को मिलने वाली बिजली की दर कम करने के लिए काफी समय से उद्यमी मांग कर रहे हैं इसके लिए घोषणा संभव है।

नए औद्योगिक क्षेत्रों की हो सकती घोषणा: ग्रीन एंड क्लीन एनर्जी को लेकर प्रमोट करने के लिए उद्यमियों को जमीन, टैक्स आदि में रियायत संभव है। सरकार कई नए औद्योगिक क्षेत्र की घोषणा कर सकती है। इलेक्ट्रिक व्हीकल के लिए पूर्ण इन्फ्रास्ट्रक्चर विकसित करना भी बजट का हिस्सा होगा।

पेट्रोल-डीजल पर वैट कटौती का हो सकता ऐलान: राजस्थान में पेट्रोल-डीजल पर वैट पड़ोसी राज्यों से अधिक है, जिससे ईंधन महंगा पड़ता है। बजट में वैट में कटौती की संभावना से लोगों को राहत मिलने की संभावना है। शहरी परिवहन के लिए रोडवेज में इलेक्ट्रिक बसों का विस्तार और नई बसें शामिल करने से सार्वजनिक परिवहन सस्ता और पर्यावरण-अनुकूल हो सकता है।

सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि बढ़ाई जा सकती: बुजुर्गों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि को बढ़ाया जा सकता है। अधिक से अधिक लोगों को पेंशन योजना से जोड़ने के लिए नियमों का सरलीकरण भी इसमें शामिल हो सकता है।

युवाओं के लिए नई भर्तियों का हो सकता ऐलान: सरकार युवाओं और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार काम कर रही है। ऐसे में नई भर्तियों की घोषणा, स्वरोजगार शुरू करने के लिए ब्याजमुक्त ऋण की सुविधा, लखपति दीदी योजना का दायरा बढ़ाने को लेकर कदम उठाए जा सकते हैं।

ब्याज मुक्त ऋण की सीमा बढ़ाई जा सकती: यमुना जल समझौते के क्रियान्वयन, इंदिरा गांधी नहर के जीर्णोद्धार और अन्य सिंचाई परियोजनाओं के लिए भारी राशि आवंटित होने की उम्मीद है। सहकारी बैंकों से मिलने वाले ब्याज मुक्त ऋण की सीमा बढ़ाई जा सकती है। कुसुम योजना के तहत सोलर पंपों पर सब्सिडी बढ़ाने और कृषि के लिए मुफ्त बिजली की सुविधा को और मजबूत करने की संभावना है।

पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए बड़ा ऐलान संभव: राज्य में 9 नए ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे के कार्य तेज करने के लिए बजट प्रावधान हो सकता है। पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए जयपुर, उदयपुर और जोधपुर में नाइट टूरिज्म, हेरिटेज फूड कॉरिडोर और नए टूरिस्ट स्पॉट्स के विकास पर विशेष फंड रखा जा सकता है।

जयपुर के लिए नए ट्रैफिक प्लान का ऐलान संभव: शहरों में ट्रैफिक गंभीर समस्या बन चुका है। खासकर जयपुर सिटी के लिए नए ट्रैफिक प्लान की घोषणा हो सकती है। इस दिशा में नए एलीवेटेड रोड, मेट्रो परियोजना का विस्तार सहित सड़कों का नवीनीकरण के लिए घोषणाएं संभव हैं।

चिकित्सा सुविधाएं मुहैया कराने को लेकर बड़े ऐलान संभव: प्रदेश में आमजन को सुलभ चिकित्सा सुविधाएं मुहैया कराने की दिशा में मां योजना के तहत कैशलेश उपचार में शामिल अस्पतालों का नेटवर्क और बीमारियों के नए पैकेज शामिल होने की उम्मीद है। कैंसर जैसी बीमारियों में निशुल्क जांच का दायरा बढ़ाया जा सकता है।

सरकारी कर्मचारियों के लिए बड़ी घोषणा हो सकती: कर्मचारी काफी समय से मांग कर रहे हैं कि प्रोबेशन काल में पूरे वेतन और अन्य सुविधाओं घोषणा की जाए, सरकार इस पर ध्यान दे सकती है। इसमें प्रोबेशनर्स को प्रोबेशन काल में पीएल, मेडिकल लीव, ऐच्छिक अवकाश और अन्य सुविधाएं देना प्रमुख है।

Rajasthan Budget 2025 pdf in hindi:

राजस्थान बजट 2025 की हिंदी पीडीएफ बजट जारी होते ही Jago India Jago पर पोस्ट कर दी जाएगी।

Premanshu Chaturvedi
Premanshu Chaturvedihttp://jagoindiajago.news
खबरों की दुनिया में हर लफ्ज़ को जिम्मेदारी और जुनून के साथ बुनने वाला। मेरा मानना है कि एक अच्छी खबर केवल सूचना नहीं देती, बल्कि समाज को सोचने, सवाल करने और बदलने की ताकत भी देती है। राजनीति से लेकर मानवता की कहानियों तक, हर विषय पर गहराई से शोध कर निष्पक्ष और सटीक रिपोर्टिंग करना ही मेरी पहचान है। लेखनी के जरिए सच्चाई को आवाज़ देना मेरा मिशन है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular