रिपोर्टर: मनीष कुमार शर्मा
RailOne App: त्यौहारों के मौके पर रेलवे स्टेशनों पर भीड़ बढ़ने लगती है. सबसे ज्यादा दिक्क्त अनारक्षित टिकट लेने वाले आमजन को उठानी पड़ती है। ऐसे में भारतीय रेलवे ने अपने यात्रियों को परेशानी से बचाने के लिए रेलवन ऐप बनाया है, जिसके जरिये कोई भी व्यक्ति अनारक्षित टिकट से लेकर रेलवे से जुड़ी अन्य सहायता ले सकता है। इसके फायदे समझाने के लिए रेलवे ने सोशल मीडिया पर अच्छी पहल की है, जिसमें चित्रकथा के जरिये यात्रियों को रेलवन ऐप के बारे में
बताया जा रहा है।
दरअसल, आधुनिकता के दौर में दिनोदिन स्मार्टफोन यूजर्स की संख्या में इजाफा होता जा रहा है। जिसके चलते सोशल मीडिया पर लोग ज्यादा एक्टिव रहने लगे हैं। ऐसे में बदलते दौर में रेलवे ने सोशल मीडिया के जरिये कई तरह के नवाचार शुरू किए हैं। इसकी बानगी है रेलवन ऐप के फायदे गिनाने को लेकर बनाई गई चित्रकथा। जिसमें दो लोगों को आपस में बातचीत करते हुए दिखाया गया है। एक व्यक्ति रेलवे स्टेशन पर स्थित टिकट काउंटर पर लगी कतार को देखकर खासा परेशान है और उसे चिन्ता हो रही है कि उसकी ट्रेन छटू जाएगी। तभी दूसरा व्यक्ति जो रेलवन ऐप के बारे में जानता है वह उसे बता रहा
है कि इससे अनारक्षित टिकट भी रेलवन ऐप से लिया जा सकता है।

उधर, आमजन का इस बारे में कहना है कि चित्रकथा की सबसे अच्छी बात यह है कि इसमें हिन्दी भाषा का उपयोग किया गया है, जो इस नवाचार का संदेश और ऐप के प्रति जागरूकता को अधिक से अधिक लोगों तक ले जाने में सक्षम बनाती है। साधारण बोलचाल की भाषा का उपयोग किए जाने से चित्रकथा का फायदा ऐसे लोगों को भी होगा जो आम बोलचाल के शब्दों को ज्यादा अच्छी तरह समझते हैं।
डिजिटल भुगतान पर 3% की मिलेगी छूट
ऐप के जरिये कोई भी व्यक्ति आरक्षित टिकट और अनारक्षित टिकट बुकिंग कर सकता है। इसके अलावा प्लेटफार्मटिकट, पीएनआर स्टेटस जांच, लाइव ट्रेन रनिंग स्टेटस, कोच पोजिशन, रेल मदद सपोर्ट, ट्रेन में खाना आर्डर करना, ओटीटी फीचर्स और लास्ट माइल टैक्सी सेवा जैसी सुविधाएं भी रेलवन ऐप के जरिये ली जा सकती हैं। वर्तमान में डिजिटल बुकिंग को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रेलवन ऐप पर सभी डिजिटल भुगतान माध्यमों से रेलवे के अनारक्षित टिकट बुक करने पर 3 प्रतिशत की छूट प्रदान करने का निर्णय भी लिया गया है।

रोजाना 6 लाख टिकट बुकिंग की सुविधा
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, रेलवन प्रतिदिन लगभग 6 लाख टिकट बुकिंग की सुविधा प्रदान करता है, जो इसकी विश्वसनीयता को दर्शाता है। रेल वन ने लॉन्च होने के 8 महीने से भी कम समय में 2 करोड़ डाउनलोड का आंकड़ा पार कर एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है और इस महीने प्रतिदिन 5 लाख टिकटों का आंकड़ा भी पार कर लिया है। सेंटर फॉर रेलवे इंफॉर्मेशन सिस्टम (सीआरआईएस) द्वारा विकसित इस ऐप को रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने 1 जुलाई 2025 को लॉन्च किया था।
‘रेलवे की पहल सराहनीय है’
रेल यात्री विवेक सेकड़ा ने कहा कि देश में रेलवे यात्री सुविधाओं पर खास ध्यान दे रहा है। सोशल मीडिया पर चित्रकथा के जरिये यात्रियों को जागरूक करने की पहल सराहनीय है। कॉमिक कैरेक्टर की तरह दर्शाए गए चित्र बच्चों को आकर्षित करते हैं। यदि पेरेंट्स इस पर ध्यान नहीं दें तो उनके बच्चों के जरिये भी रेलवन ऐप के फायदे के बारे में उन तक जानकारी पहुंच सकती है।
‘टिकट लेने के लिए लाइन में लगना अब पुरानी बात हो चुकी है’
रेल यात्री सोनल भार्गव ने कहा कि अब तो रेलवे स्टेशन सुंदर दिखने लगे हैं, जयपुर में गांधीनगर और जयपुर जंक्शन पर हैरिटेज लुक दिखाई देने लगा है। सोशल मीडिया के समय रेलवे की अच्छी पहल है। गांव-ढाणी के लोग भी जो यह नहीं जानते कि फोन से साधारण टिकट भी लिया जा सकता है, वेभी चित्र देखकर उसे पढ़ सकते हैं। टिकट लेने के लिए लाइन में लगना अब पुरानी बात हो चुकी है।




