Sunday, March 22, 2026
Homeताजा खबरGM Praggnanandhaa : युवा शतरंज सुपर स्टार प्रज्ञाननंदा ने विश्व चैंपियन लीरेन...

GM Praggnanandhaa : युवा शतरंज सुपर स्टार प्रज्ञाननंदा ने विश्व चैंपियन लीरेन को हराया, विश्वनाथन आनंद को पीछे छोड़कर बने नंबर एक भारतीय खिलाड़ी

विज्क आन ज़ी (नीदरलैंड)। भारत के युवा शतरंज सुपरस्टार आर प्रज्ञाननंदा ने यहां टाटा स्टील शतरंज टूर्नामेंट के चौथे दौर में चीन के मौजूदा विश्व चैंपियन डिंग लीरेन को हराया जिससे वह दिग्गज विश्वनाथन आनंद को पीछे छोड़कर भारत के सर्वाधिक रेटिंग वाले खिलाड़ी बन गए। मंगलवार की रात को दर्ज की गई इस जीत से 18 वर्षीय प्रज्ञाननंदा के 2748.3 रेटिंग अंक हो गए हैं जो फिडे लाइव रेटिंग में पांच बार के विश्व चैंपियन आनंद के 2748 अंकों से अधिक है। विश्व शतरंज की सर्वोच्च संस्था प्रत्येक महीने के शुरू में रेटिंग जारी करती है।

प्रज्ञाननंदा ने काले मोहरों से खेलते हुए 62 चाल में जीत दर्ज की। वह आनंद के बाद दूसरे भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं जिन्होंने क्लासिकल शतरंज में मौजूदा विश्व चैंपियन को हराया। प्रज्ञाननंदा ने इससे पहले 2023 में टाटा स्टील टूर्नामेंट में भी लीरेन हराया था। इस भारतीय खिलाड़ी ने मैच के बाद कहा,‘‘यह बहुत अच्छा एहसास है। मैं शुरू से ही उस पर दबाव बना रहा था। मैंने शुरू में ही एक प्यादा हासिल किया और बिना किसी जोखिम के आगे बढ़ता रहा जो काले मोहरों से खेलने का फायदा होता है।’’

प्रज्ञाननंदा ने कहा कि अभी उनका ध्यान अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने पर है। उन्होंने कहा,‘‘इस टूर्नामेंट में मेरा निजी लक्ष्य अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना है। यह बेहद कड़ा टूर्नामेंट है। अमूमन कोई भी टूर्नामेंट नाै दौर का होता है लेकिन यह टूर्नामेंट 13 दौर का है। इसलिए यह एक और टूर्नामेंट में खेलने जैसा है। मैं अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहता हूं और देखते हैं कि आगे क्या होता है।’’

प्रज्ञाननंदा के मास्टर्स ग्रुप में अब 2.5 अंक हो गए हैं और वह तालिका में तीसरे स्थान पर हैं। यह किशोर ग्रैंडमास्टर अभी अच्छी फॉर्म में है। उन्होंने पिछले साल विश्व कप में मैग्नस कार्लसन के बाद दूसरे नंबर पर रहते हुए अप्रैल में होने वाले कैंडिडेट्स टूर्नामेंट के लिए क्वालीफाई किया था।

मास्टर्स ग्रुप में नीदरलैंड के अनीश गिरी 3.5 अंक लेकर पहले स्थान पर हैं। उन्होंने भारत के युवा ग्रैंडमास्टर डी गुकेश को हराया। अलीरेजा फिरोजा के तीन अंक हैं और वह दूसरे स्थान पर हैं। भारत के एक अन्य खिलाड़ी विदित गुजराती ने जॉर्डन वान फॉरीस्ट के साथ बाजी ड्रॉ कराई। गुजराती के चार दौर के बाद दो अंक हैं।

Jago India Jago
Jago India Jagohttp://jagoindiajago.news
Jago India Jago की एडिटोरियल टीम देश, दुनिया और राजस्थान की ताजा खबरों को सटीक, निष्पक्ष और भरोसेमंद अंदाज़ में पाठकों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। राजनीति से लेकर धर्म, मनोरंजन, खेल, शिक्षा और तकनीक तक हर महत्वपूर्ण विषय पर तेज़ अपडेट और गहराई से विश्लेषण हमारा उद्देश्य है। हमारा प्रयास है कि हर खबर आपको जागरूक करे, जोड़े और सोचने पर मजबूर करे।
RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular