PM Modi Six Guarantees for Bengal : हल्दिया। पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल के बीच प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बृहस्पतिवार को बड़ा चुनावी ऐलान किया। उन्होंने कहा कि यदि बीजेपी राज्य की विधानसभा चुनाव जीतती है, तो बंगाल की जनता को छह प्रमुख गारंटी दी जाएंगी। साथ ही उन्होंने राज्य की सत्तारूढ़ टीएमसी सरकार को “निर्मम” बताते हुए उसे सत्ता से हटाने की अपील की और आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार राज्य को विकास की राह से पीछे धकेल रही है। हल्दिया में आयोजित एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भाजपा की सरकार बनने पर राज्य में ‘भय के शासन’ की जगह ‘भरोसे का शासन’ स्थापित किया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक पारदर्शी और जवाबदेह बनाया जाएगा तथा सभी लोक सेवकों को सीधे जनता के प्रति जवाबदेह किया जाएगा।
भ्रष्टाचार में शामिल सभी नेताओं को जेल भेजा जाएगा : मोदी
मोदी ने यह भी संकल्प जताया कि भाजपा भ्रष्टाचार और महिलाओं के खिलाफ अपराधों से संबंधित उन सभी फाइल को फिर से खोलेगी जिन्हें तृणमूल कांग्रेस ने दबा दिया है और भ्रष्टाचार में शामिल सभी नेताओं को जेल भेजा जाएगा। मोदी ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, सभी वास्तविक नागरिकों को सरकारी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी और घुसपैठियों को इस देश में रहने की अनुमति नहीं होगी। उन्होंने यह भी वादा किया कि राज्य में भाजपा की सरकार बनने के बाद ‘‘हम राज्य के कर्मचारियों, शिक्षकों और संबंधित क्षेत्रों में काम करने वालों के लिए 7वें वेतन आयोग को लागू करेंगे’’।
विकास के मुद्दे पर तृणमूल सरकार को निशाना बनाते हुए मोदी ने कहा, देश प्रगति के पथ पर अग्रसर है, जबकि तृणमूल कांग्रेस की ‘निर्मम सरकार’ बंगाल को पीछे धकेल रही है। प्रधानमंत्री ने कहा, विकसित बंगाल की स्थापना के लिए यह जरूरी है कि पार्टी को सत्ता से हटाया जाए। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ‘‘तृणमूल कांग्रेस ने बंगाल के युवाओं को दोहरा धोखा दिया। उसने निजी क्षेत्र और निवेश की संभावनाओं का नामोनिशान मिटा दिया है और सरकारी भर्तियों में तृणमूल के मंत्रियों ने लूट मचाई है तथा युवाओं के सपनों को कुचला है। औद्योगिक केंद्र में मोदी ने कहा, निवेश भय के माहौल में नहीं, बल्कि उस भरोसे के माहौल में आता है जो भाजपा बंगाल में लाएगी। उन्होंने तृणमूल कांग्रेस पर ‘‘अपने वोट बैंक को सुरक्षित करने के लिए धर्म के आधार पर आरक्षण की नीति’’ अपनाने का आरोप लगाया।
ममता सरकार ने युवाओं को धोखा दिया : मोदी
प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा, खराब मौसम के बावजूद हल्दिया रैली में लोगों की भारी उपस्थिति बंगाल में बदलाव का संकेत है। यह तृणमूल कांग्रेस के सत्ता से बाहर होने का संकेत है। राज्य में 2021 के विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम में ममता बनर्जी के खिलाफ अधिकारी की जीत का जिक्र करते हुए, मोदी ने विश्वास जताया कि पांच साल पहले नंदीग्राम में जो चुनाव परिणाम आया था वही इस बार भवानीपुर में भी दोहराया जाएगा। इस बार अधिकारी का मुकाबला मौजूदा मुख्यमंत्री से उनके गढ़ दक्षिण कोलकाता के भवानीपुर में होगा। तृणमूल कांग्रेस की आलोचना करते हुए मोदी ने कहा, ममता सरकार ने युवाओं के साथ जो किया, उसकी भरपाई अगले 100 साल में भी नहीं हो सकती।
पश्चिम बंगाल में डबल इंजन की सरकार का समर्थन करते हुए प्रधानमंत्री ने जनसभा में कहा कि राज्य को प्रधानमंत्री का विरोध करने से कोई लाभ नहीं होगा, बल्कि तभी लाभ होगा जब प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री एक साथ मिलकर काम करेंगे। उन्होंने पश्चिम बंगाल की जनता से राज्य को मत्स्य पालन और समुद्री खाद्य क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने का वादा किया, साथ ही इस बात पर प्रकाश डाला कि केंद्र में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार ने मछुआरों के कल्याण के लिए एक समर्पित मंत्रालय की स्थापना की है और उनके लिए रिकॉर्ड बजट आवंटित किया है। इससे वहने, पश्चिम बंगाल में अपनी तीन चुनावी रैलियों में से पहली रैली को संबोधित करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी बृहस्पतिवार को खराब मौसम के कारण दो घंटे की देरी के बाद हल्दिया पहुंचे। कोलकाता समेत दक्षिण बंगाल के कई हिस्सों में सुबह से बारिश हो रही है। बारिश के कारण हल्दिया स्थित हेलीपैड कीचड़ से भर गया, जिससे मोदी के आगमन में देरी हुई। मौसम विभाग ने शाम तक मौसम में सुधार होने की संभावना जताई है।



