पणजी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को श्री संस्थान गोकर्ण जीवोत्तम मठ के 550 वर्ष पूरा होने पर आयोजित समारोहों के तहत गोवा में भगवान राम की 77 फुट ऊंची कांस्य प्रतिमा का अनावरण किया। मोदी ने दक्षिण गोवा के पर्तगाली स्थित मठ के मंदिर का भी दौरा किया। यह मठ भारत के सबसे पुराने मठों में से एक है, जो अपने आध्यात्मिक, सांस्कृतिक और सामाजिक योगदान के लिए जाना जाता है और इसका सारस्वत समुदाय में प्रमुख स्थान है।
गोवा के लोक निर्माण विभाग मंत्री दिगंबर कामत ने बताया कि गुजरात में ‘स्टैच्यू ऑफ यूनिटी’ (सरदार पटेल की प्रतिमा) का डिज़ाइन तैयार करने वाले मूर्तिकार राम सुतार ने भगवान राम की यह प्रतिमा बनाई है। उन्होंने कहा कि विश्व में भगवान राम की यह सबसे ऊंची प्रतिमा है। गोवा के राज्यपाल अशोक गजपति राजू और मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत इस कार्यक्रम में उपस्थित थे।

गोकर्ण जीवोत्तम मठ का महत्व
पीएम मोदी ने बताया कि आज इस मठ के साथ जो नए आयाम जुड़े हैं, वो आने वाली पीढ़ियों के लिए ज्ञान, सेवा और साधना के स्थायी केंद्र बनने जा रहे हैं। यहां बन रहे संग्रहालय के जरिए यह मठ अपनी परंपरा को संरक्षित कर रहा है। नई पीढ़ी के लोगों को अपने से जोड़ रहा है। बता दें कि गोवा में लगी इस प्रतिमा को नोएडा के प्रसिद्ध मूर्तिकार राम सुतार के मार्गदर्शन में तैयार किया गया है। राम सुतार ने ही गुजरात में सरदार वल्लभभाई पटेल की प्रतिमा स्टैच्यू ऑफ यूनिटी डिजाइन की थी। गोवा में श्रीराम की प्रतिमा के साथ रामायण थीम पार्क और राम संग्रहालय भी बनाया जा रहा है।
गोकर्ण पर्तगाली मठ के बारे में बताएं तो यह सारस्वत ब्राह्मण समुदाय का एक सम्मानित धार्मिक केंद्र है। इसकी स्थापना 1656 ईसवीं में श्री राम चंद्र तीर्थ ने की थी। मठ में भगवान श्री राम, लक्ष्मण और सीता मुख्य देवता के रूप में पूजे जाते हैं। देशभर में इस मठ की 33 शाखाएं हैं. मठ का 550वां वार्षिकोत्सव 31 दिसंबर तक चलेगा। इस दौरान राम नाम जप अभियान, भजनी सप्ताह और 11 दिन का उत्सव आयोजित होगा। विशेष पूजा-पाठ और भजन-कीर्तन का भी आयोजन होगा। श्री संस्थान गोकर्ण पर्तगाली जीवोत्तम मठ के 550वें वर्षगांठ समारोह में गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सांवत ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने तीन दिन पहले अयोध्या के भव्य राम मंदिर में ध्वजारोहण किया था, और अब वह गोवा में भगवान श्रीराम की विशाल प्रतिमा का अनावरण करने आए हैं।




