Assam News: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को असम के एक दिवसीय दौरे पर हैं। इस दौरान वह डिब्रूगढ़ जिले के मोरन बाईपास पर बनी आपातकालीन लैंडिंग सुविधा (ELF) का उद्घाटन करेंगे, 5450 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं की शुरुआत करेंगे और भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।
यह पिछले तीन महीनों में प्रधानमंत्री का तीसरा असम दौरा है। राज्य में आने वाले महीनों में विधानसभा चुनाव होने की संभावना है।
मोरन में पूर्वोत्तर की पहली आपातकालीन लैंडिंग सुविधा
प्रधानमंत्री सुबह डिब्रूगढ़ जिले के चबुआ हवाईक्षेत्र पहुंचेंगे और वहां से भारतीय वायुसेना के सी 130 विमान से मोरन स्थित ईएलएफ जाएंगे। करीब 100 करोड़ रुपये की लागत से बनी 4.2 किलोमीटर लंबी यह सुविधा पूर्वोत्तर क्षेत्र में अपनी तरह की पहली है। मुश्किल परिस्थितियों में राहत और बचाव कार्यों को तेजी से शुरू करने में यह अहम भूमिका निभाएगी।
मोदी इस दौरान लड़ाकू विमानों, परिवहन विमानों और हेलीकॉप्टर के 40 मिनट के हवाई प्रदर्शन को भी देखेंगे।
गुवाहाटी में 3000 करोड़ की परियोजनाओं का उद्घाटन
दौरे के दूसरे चरण में प्रधानमंत्री गुवाहाटी पहुंचेंगे, जहां वह 3000 करोड़ रुपये की लागत से बने कुमार भास्कर वर्मा सेतु का उद्घाटन करेंगे। छह लेन वाला यह पुल गुवाहाटी और उत्तर गुवाहाटी के बीच बेहतर संपर्क सुनिश्चित करेगा और क्षेत्रीय विकास को गति देगा।
इसके साथ ही वह आईआईएम गुवाहाटी के अस्थायी परिसर और कृत्रिम मेधा आधारित हाइपरस्केल डेटा सेंटर का डिजिटल उद्घाटन करेंगे। पीएम ई बस सेवा योजना के तहत 225 इलेक्ट्रिक बसों की भी शुरुआत की जाएगी, जिनमें से 100 ईवी गुवाहाटी के लिए रवाना की जाएंगी।
भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे
प्रधानमंत्री गुवाहाटी में भाजपा के बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं की सभा को भी संबोधित करेंगे। असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने सोशल मीडिया पर प्रधानमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि राज्य संपर्क, तकनीक और विकास से जुड़ी अहम परियोजनाओं के उद्घाटन का इंतजार कर रहा है।
सुरक्षा और तैयारियों की समीक्षा
असम के मुख्य सचिव रवि कोटा और पुलिस महानिदेशक हरमीत सिंह ने प्रधानमंत्री के दौरे की तैयारियों को लेकर संयुक्त बैठक की। सुरक्षा, परिवहन और विभिन्न एजेंसियों के समन्वय की व्यापक समीक्षा की गई है, ताकि कार्यक्रम सुचारू और सुरक्षित रूप से संपन्न हो सके।




