Dausa Heritage Protection : जयपुर/दौसा। संसद में सोमवार को सांसद मुरारी लाल मीना ने अपने संसदीय क्षेत्र दौसा के धार्मिक, ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक महत्व के स्थलों के संरक्षण, संवर्धन एवं पर्यटन विकास को लेकर सरकार का ध्यान आकर्षित किया। उन्होंने कहा कि दौसा क्षेत्र क्षेत्र राजस्थान सहित देश की प्राचीन सांस्कृतिक विरासत का महत्वपूर्ण केंद्र है, जिसे संरक्षित करना समय की आवश्यकता है।
सांसद मुरारी लाल मीना ने दौसा के ऐतिहासिक स्थलों को ASI संरक्षण की मांग की
सांसद ने अपने वक्तव्य में कहा कि हाल ही में माननीय वित्त मंत्री द्वारा छोटे शहरों के ऐतिहासिक स्थलों को प्राथमिकता देने की घोषणा की गई है। इसी क्रम में उन्होंने संस्कृति मंत्रालय से आग्रह किया कि दौसा संसदीय क्षेत्र में स्थित वीर शिरोमणि राणा सांगा का ऐतिहासिक चबूतरा, पांडूपोल (महाभारतकालीन स्थल), नारायणी माता मंदिर, पपलाज माता मंदिर, झांझीरामपुरा गोमुख सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थलों को भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) द्वारा संरक्षित स्मारक घोषित किया जाए, जिससे इन स्थलों का संरक्षण, मरम्मत एवं सौंदर्यीकरण सुनिश्चित हो सके।
सांसद ने पूर्वी राजस्थान विशेषकर दौसा क्षेत्र की लोक संस्कृति और लोक कलाओं पर भी विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि मीणावाटी लोक संस्कृति, पददंगल, कन्हैया दंगल एवं सुड्डा दंगल जैसी पारंपरिक लोक विधाएँ हमारी सांस्कृतिक पहचान हैं, जिन्हें मान्यता देकर संरक्षित किया जाना आवश्यक है। अपने दौरे के दौरान प्रधानमंत्री और राहुल गांधी दौसा जिले के मीणा हाईकोर्ट में पारंपरिक संस्कृतियों से अवगत हो चुके है। इसके अतिरिक्त, मुरारी लाल मीना ने दौसा में स्थित ट्रॉमा सेंटर से संबंधित एक अत्यंत गंभीर विषय उठाया। उन्होंने कहा कि दौसा एवं बांदीकुई क्षेत्र जयपुर–आगरा–दिल्ली त्रिकोण में स्थित है, जहाँ से राष्ट्रीय राजमार्ग, राज्य राजमार्ग, प्रमुख रेल मार्ग तथा बॉम्बे एक्सप्रेस-वे गुजरते हैं।
संसद में गूंजा दौसा की विरासत संरक्षण और ट्रॉमा सेंटर का मुद्दा
भारी यातायात एवं पर्यटकों की आवाजाही के कारण सड़क दुर्घटनाओं की संख्या लगातार बढ़ रही है।उन्होंने बताया कि दुर्घटनाओं के बाद घायलों को गोल्डन आवर में समुचित चिकित्सा सुविधा नहीं मिल पाती, जिसके चलते कई कीमती जानें चली जाती हैं। गंभीर मामलों में मरीजों को जयपुर या दिल्ली रेफर करना पड़ता है, जिससे इलाज में अनावश्यक देरी होती है। अतः उन्होंने मांग की कि दौसा ट्रॉमा सेंटर में पर्याप्त विशेषज्ञ चिकित्सक, प्रशिक्षित स्टाफ एवं आधुनिक चिकित्सा उपकरणों (जैसे MRI) की तत्काल व्यवस्था की जाए तथा ट्रॉमा सेंटर का पूर्ण क्षमता के साथ संचालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही, उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्गों एवं एक्सप्रेस-वे के प्रत्येक 100 किमी के दायरे में ट्रॉमा सेंटर स्थापित करने हेतु एक राष्ट्रीय नीति बनाने, स्कूली पाठ्यक्रम में यातायात नियमों को शामिल करने तथा सड़क सुरक्षा के लिए शिक्षा, प्रवर्तन, इंजीनियरिंग एवं आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं के समन्वित क्रियान्वयन पर भी जोर दिया।
मीना ने आगे कहा कि पीएम श्री योजना के अंतर्गत स्कूलों को मेरे दौसा जनजातीय लोकसभा निर्वाचन क्षेत्र को प्राथमिकता देते हुए पर्याप्त रूप से कवर करने का भी अनुरोध किया। शिक्षा मंत्री ने बताया कि अभी 17 पीएम श्री योजना के अंतर्गत स्कूलों का चयन किया गया है। सांसद ने कहा कि पीएम श्री स्कूलों को ओर अधिक खुलवाने के प्रयास जारी रहेंगे। मीना ने कहा कि मेरा प्रयास है कि दौसा संसदीय क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासतो का संरक्षण हो और ट्रॉमा सेंटर में पर्याप्त विशेषज्ञ एवं आधुनिक उपकरणों उपलब्ध होने से दुर्घटनाओं में होने वाली मृत्यु दर में भी प्रभावी कमी लाई जा सके।




