Monday, February 9, 2026
HomeUser Interest CategoryBusinessShare Market Update Today : भारत-अमेरिका व्यापार समझौते से बाजार में तेजी,...

Share Market Update Today : भारत-अमेरिका व्यापार समझौते से बाजार में तेजी, सेंसेक्स 485 अंक चढ़कर 84,000 अंक के पार

शेयर बाजार में सोमवार को लगातार दूसरे सत्र में तेजी रही। भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर सकारात्मकता और पीएसयू बैंक, टिकाऊ उपभोक्ता वस्तुओं व रियल्टी शेयरों में जोरदार खरीदारी से सेंसेक्स 485 अंक चढ़कर 84,065 पर और निफ्टी 174 अंक बढ़कर 25,867 पर बंद हुआ। एफआईआई की वापसी और वैश्विक संकेतों ने बाजार का भरोसा मजबूत किया।

Share Market Update Today : मुंबई। प्रमुख शेयर सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में सोमवार को लगातार दूसरे कारोबारी सत्र में तेजी जारी रही। भारत-अमेरिका व्यापार समझौते को लेकर उत्साह और सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों, टिकाऊ उपभोक्ता वस्तुओं तथा रियल्टी शेयरों में जोरदार लिवाली से बाजार को समर्थन मिला। इस दौरान तीस शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 485.35 अंक या 0.58 प्रतिशत बढ़कर 84,065.75 अंक पर बंद हुआ। दिन के कारोबार के दौरान सेंसेक्स एक समय 734.28 अंक तक चढ़कर 84,314.68 अंक के उच्चस्तर पर पहुंच गया था। दूसरी ओर पचास शेयरों वाला एनएसई निफ्टी 173.60 अंक या 0.68 प्रतिशत बढ़कर 25,867.30 अंक पर बंद हुआ। सत्र के दौरान सूचकांक 228.55 अंक की तेजी के साथ एक वक्त 25,922.25 अंक के ऊपरी स्तर पर पहुंच गया था।

इन शेयरों में आई तूफानी तेजी

सेंसेक्स के शेयरों में भारतीय स्टेट बैंक, टाइटन, अल्ट्राटेक सीमेंट, टाटा स्टील, इटर्नल, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लिमिटेड, कोटक महिंद्रा बैंक, इंडिगो, ट्रेंट, महिंद्रा एंड महिंद्रा, लार्सन एंड टुब्रो, सन फार्मास्युटिकल्स और एशियन पेंट्स में उल्लेखनीय तेजी हुई। पावरग्रिड, एनटीपीसी, आईटीसी, आईसीआईसीआई बैंक, इन्फोसिस, एचडीएफसी बैंक, टेक महिंद्रा, मारुति सुजुकी इंडिया और एक्सिस बैंक के शेयर नुकसान में रहे। बीएसई स्मॉलकैप सेलेक्ट सूचकांक 2.31 प्रतिशत और मिडकैप सेलेक्ट सूचकांक 1.27 प्रतिशत चढ़ा।

जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, व्यापार समझौते से मिले सकारात्मक संकेतों और विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की वापसी ने बाजार में जोखिम लेने की भावना को बढ़ावा दिया। निवेशक आगामी परिणामों पर करीब से नजर रख रहे हैं। सरकारी बैंकों का प्रदर्शन उम्मीद से बेहतर रहने के कारण उन्होंने अन्य क्षेत्रों से बेहतर प्रदर्शन किया। उन्होंने आगे बताया कि हालिया गिरावट के बाद टिकाऊ उपभोक्ता वस्तुओं और रियल एस्टेट शेयरों में लिवाली देखी गई। सीमेंट, पूंजीगत वस्तुओं, कपड़ा और उपभोक्ता विवेकाधीन वस्तुओं में भी निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ी। क्षेत्रवार सूचकांकों में पीएसयू बैंक सबसे अधिक 2.83 प्रतिशत चढ़ा। उसके बाद टिकाऊ उपभोक्ता वस्तुओं में 2.76 प्रतिशत, रियल्टी में 2.64 प्रतिशत और जिंस में 2.06 प्रतिशत की तेजी रही। इसके अलावा औद्योगिकी वस्तुओं, दूरसंचार, पूंजीगत वस्तुओं और धातुओं में भी तेजी रही।

रेलिगेयर ब्रोकिंग लिमिटेड के शोध उपाध्यक्ष अजित मिश्रा ने कहा कि उत्साहजनक वैश्विक संकेतों और भारत-अमेरिका व्यापार ढांचे के प्रति सकारात्मकता से बाजार मजबूती के साथ बंद हुए। उन्होंने कहा कि लिवाली का रुझान व्यापक था और रियल्टी, धातु तथा फार्मा में उल्लेखनीय तेजी हुई। बीएसई पर कुल 3,110 शेयरों में तेजी आई, जबकि 1,254 में गिरावट रही और 163 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ। एशिया के अन्य बाजारों में जापान का निक्की, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त के साथ बंद हुए। यूरोपीय बाजार दोपहर के कारोबार में बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे, जबकि अमेरिकी बाजार शुक्रवार को तेजी के साथ बंद हुए थे। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.81 प्रतिशत टूटकर 67.52 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 1,950.77 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

Mukesh Kumar
Mukesh Kumarhttps://jagoindiajago.news/
समाचार लेखन की दुनिया में एक ऐसा नाम जो सटीकता, निष्पक्षता और रचनात्मकता का सुंदर संयोजन प्रस्तुत करता है। हर विषय को गहराई से समझकर उसे आसान और प्रभावशाली अंदाज़ में पाठकों तक पहुँचाना मेरी खासियत है। चाहे वो ब्रेकिंग न्यूज़ हो, सामाजिक मुद्दों पर विश्लेषण या मानवीय कहानियाँ – मेरा उद्देश्य हर खबर को इस तरह पेश करना है कि वह सिर्फ जानकारी न बने बल्कि सोच को भी झकझोर दे। पत्रकारिता के प्रति यह जुनून ही मेरी लेखनी की ताकत है।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -
Google search engine

Most Popular