Share Market Update Today : मुंबई। स्थानीय शेयर बाजार बृहस्पतिवार को शुरुआती गिरावट से उबरते हुए बढ़त के साथ बंद हुए। बीएसई सेंसेक्स 185 अंक चढ़ा जबकि एनएसई निफ्टी 22,700 अंक के ऊपर पहुंच गया। शेयरों की निचले स्तर पर लिवाली और रुपये में तेज बढ़त से बाजार को समर्थन मिला। तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स कारोबार के निचले स्तर से 2,000 से अधिक अंक की वापसी करते हुए अंत में 185.23 अंक यानी 0.25 प्रतिशत की बढ़त के साथ 73,319.55 अंक पर बंद हुआ। सूचकांक गिरावट के साथ खुला और कारोबार के पहले भाग में 1,588 अंक टूटकर दिन के निचले स्तर 71,545.81 अंक पर आ गया।
एचसीएल टेक और टीसीएस जैसी आईटी क्षेत्र की प्रमुख कंपनियों और एचडीएफसी बैंक तथा आईसीआईसीआई बैंक जैसे प्रमुख बैंकों में मजबूत लिवाली से सूचकांक को भारी नुकसान से उबरने में मदद मिली और कारोबार समाप्त होने से पहले यह 73,568.54 अंक के उच्च स्तर पर पहुंच गया। पचास शेयरों पर आधारित एनएसई निफ्टी भी 33.70 अंक यानी 0.15 प्रतिशत की बढ़त के साथ 22,700 अंक के ऊपर 22,713.10 अंक पर बंद हुआ। शुरुआती कारोबार में निफ्टी 496.85 अंक यानी 2.19 प्रतिशत लुढ़क गया था लेकिन बाद में इसमें सुधार हुआ और यह 22,782.30 अंक के उच्च स्तर पर पहुंच गया था।
भारतीय रिजर्व बैंक द्वारा बैंकों को घरेलू ‘फॉरवर्ड’ बाजारों’ से प्रतिबंधित करने के लिए उठाए गए कई उपायों के बाद रुपये में आई तेजी ने भी निवेशकों के भरोसे को बेहतर बनाने में मदद की। कारोबार के दौरान रुपया 188 पैसे बढ़कर डॉलर के मुकाबले 92 के स्तर पर पहुंच गया और अंत में 150 पैसे से अधिक की बढ़त के साथ बंद हुआ। आईटी शेयरों में लिवाली के कारण तेजी को समर्थन मिला। एचसीएल टेक्नोलॉजीज और टेक महिंद्रा के शेयर लगभग तीन प्रतिशत बढ़कर बंद हुए।

इन शेयरों में आई तेजी और गिरावट
सेंसेक्स के शेयरों में इन्फोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, एचडीएफसी बैंक, बजाज फाइनेंस, मारुति सुजुकी इंडिया, टाइटन, एक्सिस बैंक, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स लि., कोटक महिंद्रा बैंक और आईटीसी प्रमुख रूप से लाभ में रहे। दूसरी ओर, नुकसान में रहने वाले शेयरों में एशियन पेंट्स, इटर्नल, सन फार्मास्युटिकल्स, एनटीपीसी, रिलायंस इंडस्ट्रीज, पावरग्रिड, महिंद्रा एंड महिंद्रा, अल्ट्राटेक सीमेंट, अदाणी पोर्ट्स, बजाज फिनसर्व और टाटा स्टील शामिल हैं।
जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लि. के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘भारतीय शेयर बाजार की शुरुआत नरम रही। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा ईरान पर ‘अत्यंत कठोर’ हमले की नई धमकी ने पिछले सत्र में बनी उम्मीद को तुरंत खत्म कर दिया। इससे एशियाई बाजारों में व्यापक बिकवाली शुरू हो गई।’’ नायर ने कहा कि आरबीआई के दोहरे नियामकीय कदमों…बैंकों की नेट ओपन पोजिशन (विदेशी मुद्रा में कुल खरीद और बिक्री के बीच का अंतर) पर सीमा लगाना और कॉरपोरेट्स को एनडीएफ (नॉन-डिलिवेरेबल डेरिवेटिव ) पेशकश पर रोक लगाना…से डॉलर के मुकाबले रुपये में सार्थक सुधार हुआ।
ईरान युद्ध शुरू होने के बाद अपने पहले राष्ट्रीय संबोधन में अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा कि अमेरिका, ईरान पर हमले जारी रखेगा। उन्होंने बुधवार रात अपने संबोधन में कहा कि अमेरिका, ईरान में जल्द ही अपना काम पूरा कर लेगा क्योंकि ‘मुख्य रणनीतिक उद्देश्य पूरे होने के करीब हैं’ और सैन्य अभियान जल्द ही समाप्त हो सकते हैं। ट्रंप के संबोधन के बाद कच्चे तेल की कीमतों में सात प्रतिशत से अधिक की तेजी आई। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 7.28 प्रतिशत बढ़कर 108.52 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।
एशिया के अन्य बाजार भी गिरावट के साथ बंद हुए। दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग नुकसान में रहे। यूरोपीय बाजारों में भी दोपहर कारोबार में गिरावट का रुख था। अमेरिकी बाजार में बुधवार को काफी तेजी रही थी। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 8,331.15 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। वहीं, घरेलू संस्थागत निवेशकों (डीआईआई) ने 7,171.80 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। बीएसई सेंसेक्स बुधवार को 1,186.77 अंक बढ़कर 73,134.32 अंक पर बंद हुआ था, जबकि एनएसई निफ्टी 348 अंक चढ़कर 22,679.40 अंक पर रहा था।



